नेपाल की बाढ़ में हज़ारों लोगों का घर तबाह हो गया. अचानक आई इस बाढ़ में अब तक 955 लोगों की जान चली गई है. रेस्क्यू टीम अभी भी मलबे के नीचे दबे हुए लोगों को बाहर निकालने की कोशिश में जुटी है. इसी बीच एक पालतू कुत्ता है जो अपने मालिक के इंतज़ार में अपने घर के इलाके से हट नहीं रहा है. प्राकृतिक आपदा का असर सिर्फ इंसानों और इन्फ्रास्ट्रक्चर पर ही नहीं पड़ता है. बेजुबान जानवर भी इसके सदमे में डूब जाते हैं. आसपास दर्जनों JCB काम कर रहे थे, मगर मालिक के इंतजार में बैठा कुत्ता वहां से टस से मस नहीं हुआ. शांत, अडिग बैठा हुआ है अपनी ज़मीन पर.
नेपाल बाढ़: ढह गया घर लेकिन पालतू कुत्ते ने नहीं छोड़ी आस, मालिकों के इंतजार में बैठा रहा
Nepal flash flood: नेपाल बाढ़ की त्रासदी इंसानों पर ही नहीं बेजुबान जानवरों पर भी भारी पड़ रही है. इस आपदा में त्रिशूली बाजार में एक कुत्ता अपने मालिक के इंतज़ार में सड़क पर बैठा रहा. आसपास सिर्फ मलबा बिखरा हुआ था.

नुवाकोट जिले के त्रिशूली बाज़ार का ये मंज़र है. यहीं वो शांत कुत्ता बैठा हुआ है. टाइम्स ऑफ़ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, इस इलाके में बाढ़ से पहले चार घर हुआ करते थे. बताया जा रहा है कि वो इन्हीं घरों में से किसी एक में रहता था. उसके पालतू होने की पहचान है उसके गले में बंधा हुआ पट्टा.
रिपोर्ट बताती है कि कुत्ते ने अब तक एक बार भी अपनी पूंछ नहीं हिलाई है. वो किसी अजनबी के पास भी नहीं जा रहा है और बार-बार लौटकर उन्हीं चारों घरों में से एक के सामने आकर बैठ जा रहा है. लेकिन वहां अब केवल मलबा और मिट्टी है. लोकल लोगों का कहना है कि बाढ़ के वक़्त कई कुत्ते पहाड़ की ओर चले गए थे मगर ये वहीं बैठा रहा.
ये भी पढ़ें: जहां घर थे वहां अब सिर्फ मलबा, सैटेलाइट तस्वीरों में दिखी नेपाल की तबाही
रेस्क्यू टीम ने क्या बताया?रिपोर्ट के मुताबिक, रेस्क्यू टीम में शामिल विक्रम थापा ने बताया कि पहले कुत्ते को बिस्कुट दिए गए और उसे कई नामों से पुकारा. लेकिन उसने एक बार भी सिर नहीं हिलाया. एक और वर्कर सुनील तमांग ने बताया कि उसके आसपास कई JCB काम कर रहे थे. लेकिन तेज आवाज़ के बावजूद वो अपनी जगह से नहीं हटा.
कम्युनिटी एनिमल रेस्क्यू टीम की एक सदस्य ऋतु गुरुंग ने बताया कि अब कुत्ते को उसकी जगह पर ही खाना और पानी दिया जा रहा है. हर कुछ घंटे में उसके पास खाने का सामान रखा जाता है. लेकिन उनका कहना है कि वो तभी खाता है जब रोड शांत होता है. लोकल लोगों का कहना है कि वो अपने मालिक के इंतज़ार में सड़क पर बैठा है.
वीडियो: दी लल्लनटॉप शो: नेपाल बाढ़ में 900 से ज्यादा लोगों की मौत, उत्तर प्रदेश तक बहकर आए शव










