मोदी के लिए काम कर रहे हैं नवाज शरीफ!
'जब नवाज का लंदन में इलाज हो रहा था तो सबसे पहले पीएम मोदी का फोन आया था. तब तक घर वालों ने भी नहीं किया था.'
Advertisement

source Reuters
पाकिस्तानी पीएम नवाज शरीफ पाकिस्तान के भले के लिए काम नहीं कर रहे हैं, बल्कि वो तो इंडियन प्राइम मिनिस्टर नरेंद्र मोदी के फायदों के लिए काम कर रहे हैं. उन्हीं के एजेंडे को पाकिस्तान में आगे बढ़ा रहे हैं. ये बात हम नहीं कह रहे हैं बल्कि ये कहना है इमरान खान का. कौन इमरान, वही जो पहले क्रिकेटर थे बाद में पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी बनके राजनेता बन गए. इमरान खान ने अपने घर के बाहर प्रेस कांफ्रेंस की. और कहा, 'जब नवाज शरीफ कोई ऑपरेशन कराने लंदन गए थे और अस्पताल के बेड पर लेटे हुए थे तो उन्हें पहला फोन मोदी का आया था न कि उनकी मां या बच्चों का.' मई में शरीफ की लंदन में ओपन हार्ट सर्जरी हुई थी, जिसका हवाला इमरान दे रहे थे. पीटीआई के चीफ इमरान ने कहा कि डॉन ने जो खबर छापी उसको लीक कराने के पीछे नवाज शरीफ हैं. उन्होंने ही आर्मी को बदनाम कराया. नवाज शरीफ के निर्देशों के बाद ही उस बैठक की जानकारी लीक की गई थी, जिसमें आतंकी संगठनों को समर्थन को लेकर सिविल और मिलिट्री अफसरों में बहस हुई थी.
इमरान का कहना था कि बिना इजाजत के इंफार्मेशन मिनिस्टर परवेज़ रशीद उस खबर को डॉन के पत्रकार सायरिल अल्मिदा को दे ही नहीं सकते. परवेज़ रशीद टीवी पर इतनी संजीदा बातें करते हैं. ऐसे में ये कैसे मान लिया जाए कि उन्होंने बिना निर्देशों के वो खबर लीक की. अब तो इसकी और भी गहराई से जांच होनी चाहिए.
Advertisement













