1.
अमेठी से 40 किलोमीटर दूर एक महोना गांव है. वहां एक 45 साल के आदमी ने परिवार की 10 औरतों/लड़कियों का क़त्ल कर खुद को फांसी लगा ली. पुलिस बता रही है कि जमालुद्दीन ने अपने पूरे परिवार को कुछ पिला दिया. जिससे सभी बेहोश हो गए. उसके बाद उन सबके गले काट दिए. और सबके गले काटकर खुद को फांसी लगा दी. जमालुद्दीन ने जिन लोगों को मारा उनमें उसकी पत्नी जाहिदा और एक शादीशुदा बेटी अफसर शामिल थीं. उसकी चार बेटियों के अलावा अपने बड़े भाई की पत्नी, एक और भाई की पत्नी और 2 भतीजियां भी शामिल थीं. संयोग से केवल घर की महिलाएं मरी हैं. 2 लड़के थे, वो भाग निकले और फ़िलहाल उनका इलाज चल रहा है. जमालुद्दीन की एक बैटरी रिपेयर की दुकान थी. 16 लोगों के बीच वो अकेला कमाने वाला व्यक्ति था. इन मौतों से लोग सकते में हैं. और विरोध करने के लिए एक पत्रकार की कार जला दी है. जाने एक पत्रकार जला कर उन्हें क्या मिल गया. जाने वो किस तरह के इंसाफ की मांग कर रहे हैं. क्योंकि जमालुद्दीन का तो पूरा परिवार ही साफ़ हो गया है.
2.
बाबू साहेब पिछले एक महीने से दिल्ली के मयूर विहार में बन रही एक बिल्डिंग में मजदूरी कर रहा था. बिल्डिंग ऊंची थी. बाबू रोज अपने ठेकेदार से कहता कि मजदूरों के लिए जाली लगवा दी जाए. उन्हें हेलमेट दे दिए जाएं. ताकि अगर कोई दुर्घटना होने वाली हो तो ताल सके. बाबू की उसके ठेकेदार ने नहीं सुनी. क्योंकि मजदूर ही हैं. उन्हें तो आदत होती है इस तरह काम करने की. फिर वैसे भी एक मजदूर को कभी चोट आ भी गई, तो कौन सी मजदूरों की कमी है. दूसरा ले आएंगे. शायद यही सोचा उस ठेकेदार ने. यही सोचकर उसने शायद बाबू की नहीं सुनी और बीते सोमवार उसका पांचवे फ्लोर से पांव फिसला. वो नीचे गिरा और उसकी मौत हो गई. कॉन्ट्रैक्टर पकड़ा जाएगा. फिर घूस खिलाकर छूट जाएगा. नहीं भी छूटेगा तो क्या होगा. मजदूर के घर वालों को मुआवजा मिल जाएगा. लेकिन मजदूर की जान वापस नहीं आएगी. न ही मजदूरों की स्थिति सुधरेगी.
3.
दिल्ली के मुखर्जी नगर एरिया में मेड का काम करने वाली एक औरत की मौत हो गई. क्योंकि औरत को उसके मालिक ने बेरहमी से पीटा था. ये औरत कुछ समय पहले पश्चिम बंगाल से दिल्ली आई थी. जिसको गणेश नाम का एक एजेंट लाया था. इसमें औरत की रिश्तेदार सरस्वती ने मदद की थी. जब औरत के मालिक ने उसके पीटा, तब सरस्वती उसे घर ले आई. सरस्वती को असल में टीबी था. उसकी हालत जब बिगड़ने लगी, उसे अस्पताल ले गए. जहां उसकी मौत हो गई. मालिक पर क़त्ल का मुकदमा चल रहा है.