The Lallantop

किसी ने बोला- 'फूल गिर गया', लोगों ने सुना 'पुल गिर गया' और पिस गए 23 मुंबईकर

मुंबई के एलफिंस्टन स्टेशन हादसे में रेलवे के खिलाफ कई लोग पहुंचे कोर्ट.

Advertisement
post-main-image
मुंबई हादसे के बाद पुलिस जांच में फूल और पुल वाला एंगल सामने आया है.
29 सितंबर, 2017. मुंबई के एलफिंस्टन रेलवे स्टेशन पर एक फुटओवर ब्रिज पर भगदड़ मच गई. 23 लोग बेमौत मारे गए. 40 से ज्यादा घायल हो गए. लोग सबसे ज्यादा ये जानना चाह रहे थे कि आखिर भगदड़ मची क्यों. हादसे के कई एंगल सामने आए. किसी ने कहा कि धमाके की अफवाह उड़ी तो लोग भागने लगे. किसी ने शॉर्ट सर्किट की अफवाह उड़ने की बात कही. एक एंगल ये था कि लोग बारिश से बचने के लिए पुल पर इकट्ठा होते गए. फिर बारिश रुकी तो जल्दी निकलने के चक्कर में भगदड़ मच गई और हादसा हो गया.
मुंबई में भगदड़ के कई एंगल सामने आए थे, पर पुलिस ने फूल वाला एंगल दिया है.
मुंबई में भगदड़ के कई एंगल सामने आए थे पर पुलिस ने फूल वाला एंगल दिया है.

अब एक और एंगल निकलकर आया है. दरअसल जिस वक्त ये हादसा हुआ, बहुत तेज बारिश हो रही थी. हर चार मिनट में एक नई ट्रेन आ रही थी और फुटओवर ब्रिज पर लोगों की भीड़ बढ़ती जा रही थी. मामला एकदम पैक था. इसी बीच एक फूल वाले ने कहा- फूल गिर गया. समझने वालों ने इसे समझा- पुल गिर गया. बस इसी में खेल हो गया. इस बीच ब्रिज के जीने पर एक लड़की का पैर फिसला तो और हल्ला मच गया- पुल गिर गया. पुल गिर गया. फिर क्या था- लोग अपनी जान बचाने के चक्कर में 23 की जान ले बैठे. नौ मिनट के अंदर पुल पर लाशों का ढेर लग गया. इंडियन एक्सप्रेस के अनुसार, ये बात पुलिस की जांच में सामने आई है.
'छेड़छाड़ नहीं, लड़की की मदद कर रहा था युवक'
हादसे का शिकार हुई एक लड़की से छेड़छाड़ की बात भी पुलिस की जांच में गलत निकली है. दरअसल, एक वीडियो वायरल हो रहा था, जिसमें दावा किया जा रहा था कि भगदड़ के दौरान एक लड़की के साथ छेड़छाड़ हुई. कहा गया कि एक युवक पुल पर फंसी लड़की के साथ छेड़छाड़ कर रहा था. जबकि पुलिस ने जांच में पाया कि युवक उस लड़की को बचाने की कोशिश कर रहा था. लड़की को छेड़ने जैसी उसकी कोई मंशा नहीं थी.
तीन पीआईएल दाखिल, अातंकी कनेक्शन की आशंका
मुंबईकर इस हादसे को कोर्ट की दहलीज़ पर भी ले गए हैं. पहली पीआईएल तो हादसे के कुछ घंटे बाद ही डाल दी गई थी. याची प्रदीप भालेकर ने बॉम्बे हाईकोर्ट में रेलवे के उन जिम्मेदार अधिकारियों की गिरफ्तारी की मांग की है, जिन्होंने लगातार चेतावनियों के बाद भी कोई कदम नहीं उठाया. इन्होंने कोर्ट से मामले की न्यायिक जांच की भी मांग की है. एक और पीआईएल में मामले की जांच एनआईए से करवाने की मांग की गई है. परफ्यूम व्यापारी फैजल बनारसवाला और अब्दुल कुरैशी ने इसमें आतंकी कनेक्शन होने की बात कही है. बनारसवाला ने कहा कि मौके पर जिस तरह शॉर्ट सर्किट की अफवाह उड़ाई गई, ये आतंकी साजिश भी हो सकती है. इस मामले में सुनवाई पांच अक्टूबर को होगी.
सीसीटीवी कैमरा पुल पर ना होने से पुलिस को हादसे का क्लियर वीडियो नहीं मिला है.
पुल पर सीसीटीवी न होने से पुलिस को हादसे का क्लियर वीडियो नहीं मिला है.

वहीं हादसे के बाद रेलवे के खून में भी शायद थोड़ा उबाल आ गया है. 13 सेफ्टी ऑडिट टीमें बनाई गई हैं, जो घूम-घूमकर मुंबई के सभी रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा मानकों की जांच कर रही हैं. भीड़-भाड़ वाले स्टेशनों पर क्या कमी है और क्या व्यवस्था होनी चाहिए, टीम इस पर रिपोर्ट तैयार कर रही है. जल्द ही इसकी सिफारिशों पर अमल करने की बात कही जा रही है.


वीडियो देखें-



ये भी पढ़ेंः
ऐलफिंस्टन-परेल पुल पर हादसे की भविष्यवाणी पहले ही हो चुकी थी

बिहार में बाढ़ है, सरकारी तैयारी फरार है

Advertisement

उम्मीद है लहराते तिरंगे की ये तस्वीरें प्रधानमंत्री मोदी तक जरूर पहुंचेंगी

हिंदुस्तान में पानी की किल्लत क्यों है ये समझने के लिए ये पढ़ लें

Advertisement
Advertisement