मुंबई के गोरेगांव इलाके में 6 अक्टूबर की सुबह एक 7 माले की बिल्डिंग में आग लग (Goregaon Fire) गई. इस घटना में 7 लोगों की जान चली गई है, वहीं 51 लोग घायल हुए हैं. इनमें से 5 लोगों की हालत बेहद नाज़ुक है. मुंबई पुलिस ने बताया कि कूपर और HBT अस्तपाल में घायलों का इलाज जारी है.
मुंबई: गोरेगांव की एक बिल्डिंग में आग लगने से 7 की मौत, 51 घायल
मुंबई के गोरेगांव इलाके में 6 अक्टूबर की सुबह एक बिल्डिंग में आग लगने से 7 लोगों की मौत हो गई है. इस घटना में 51 लोग घायल हुए हैं, जिसमें से 5 लोगों की हालत बेहद नाज़ुक है. महाराष्ट्र के उप-मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणनवीस ने बताया कि वे BMC और मुंबई पुलिस अधिकारियों से लगातार संपर्क में हैं और उन्हें हर तरह से मदद पहुंचाई जा रही है.


न्यूज़ एजेंसी ANI की तरफ से एक पोस्ट में बताया गया,
"मुंबई, गोरेगांव आगजनी में कुल 51 लोग घायल हुए हैं. इनमें से 7 लोगों की मौत हो गई है. जबकि 5 गंभीर रूप से घायल हैं. फिलहाल 35 लोगों का इलाज चल रहा है. वहीं, 4 लोगों को डिस्चार्ज कर दिया गया है."
ये भी पढ़ें- मुंबई के होटल में आग लगने से NRI कपल की मौत
एजेंसी ने ये भी बताया कि बेहद गंभीर रूप से घायल 3 मरीज़ों को आगे के इलाज के लिए सेवन हिल्स अस्पताल भेज दिया गया है.
महाराष्ट्र के उप-मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणनवीस ने इस हादसे पर संवेदनाएं व्यक्त की हैं. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा,
"मुंबई के गोरेगांव में आग लगने की घटना में जानमाल के नुकसान के बारे में जानकर दुखी हूं. मैं BMC और मुंबई पुलिस अधिकारियों से लगातार संपर्क में हूं. उन्हें हर तरह से मदद पहुंचाई जा रही है. इस घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के साथ मेरी संवेदनाएं हैं. मैं घायलों के जल्दी से जल्दी ठीक होने की कामना करता हूं."
ये भी पढ़ें- मुंबई: हिंदू लड़की के साथ घूमने पर मुस्लिम लड़के को पीटा
इस घटना में पीड़ित एक व्यक्ति के रिश्तेदार ने बताया,
"हमारे परिवार के सदस्य और रिश्तेदार बिल्डिंग में थे. वहां आग लगने से मेरी चाची की मौत हो गई है. रात करीब 1:30 बजे शॉर्ट सर्किट हुआ. इसके बाद आग फैल गई. हम लोग दौड़ के उधर पहुंचे. फायर ब्रिगेड थोड़ा देर से आई इसके चलते आग 7वीं मंज़िल तक पहुंच गई."
वहीं एक और पीड़ित परिवार की महिला ने बताया,
"हमें सुबह 8 बजे आग के बारे में पता चला. जब हमने यहां आकर देखा तो हमें पता चला कि मेरी भाभी और हमारे परिवार की एक बेटी की मौत हो गई है. बहुत सारे लोग घायल हुए हैं. मेरे ही परिवार के 2 लोगों की मौत हो गई है."
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आज़ाद मैदान के पास जय भवानी बिल्डिंग में सुबह 3:05 पर आग लग गई. BMC की तरफ से बताया गया कि मृतकों में 5 महिलाएं और 2 नाबालिग शामिल हैं. मुंबई फायर ब्रिगेड सूचना मिलते ही 8 फायर इंजनों, 5 जंबो टैंकर्स और एक पानी की टंकी और टर्नेबल सीढ़ी के साथ मौके पर पहुंची.
ये भी पढ़ें- मुंबई एयरपोर्ट पर लैंड करता विमान धड़ाम से गिर दो टुकड़े हुआ
वीडियो: जयपुर मुंबई ट्रेन हादसे के बाद अजमल कसाब का ये वीडियो क्यों वायरल है?




















