मुंबई के होटल में आग लगने से NRI कपल की मौत, जल्द ही शादी करने वाले थे
दोनों की फ्लाइट रिशेड्यूल हो गई थी जिसके चलते वो सांताक्रूज़ के गैलेक्सी होटल में रुके थे.

मुंबई (Mumbai) के गैलेक्सी होटल में लगी आग में जलकर एक NRI कपल की मौत हो गई. 27 अगस्त की दोपहर को अचानक होटल के तीसरे फ्लोर में आग लग गई. उसी फ्लोर पर एक कमरे में ये कपल ठहरा हुआ था. खबर है कि दोनों की फ्लाइट रीशेड्यूल हो गई थी. एयरलाइन ने ही उनके लिए होटल का इंतजाम किया था.
मृतकों की पहचान 28 साल के किशन हलाई और 25 साल की रूपल वेकारिया के तौर पर हुई. दोनों की सगाई हो गई थी और वो जल्द ही शादी करने वाले थे. दोनों कई सालों से केन्या के नायरोबी में रह रहे थे. दोनों मूल रूप से गुजरात के कच्छ जिले के रामपर गांव के रहने वाले थे. रामपर गांव के सरपंच सुरेश कारा ने न्यूज एजेंसी PTI को बताया,
किशन के दादा-दादी गांव में रहते हैं. किशन का जन्म और पालन-पोषण गांव में ही हुआ. किशन 13 साल का था जब वो अपने माता-पिता के साथ नायरोबी चला गया. वहीं रूपल का जन्म नायरोबी में ही हुआ था.
एक महीने पहले कपल अपने-अपने परिवार के साथ किशन के छोटे भाई की शादी अटेंड करने गुजरात आया हुआ था. किशन का परिवार पहले ही केन्या चला गया था. वहीं किशन, रूपल और रूपल की मां-बहन यहीं रुक गए. 26 अगस्त को उनकी वापसी की फ्लाइट थी. वो केन्या की फ्लाइट लेने अहमदाबाद से मुंबई गए. वहां पहुंचकर पता चला कि फ्लाइट रीशेड्यूल हो गई. एयरलाइन ने उनके रुकने के लिए होटल की व्यवस्था की. चारों सांताक्रूज इलाके के गैलेक्सी होटल में रुके थे.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 27 अगस्त को होटल में अचानक आग लग गई जिसमें रूपल और किशन की मौत हो गई. दोनों के अलावा होटल में ठहरे 50 साल के कांतिलाल वारा की भी मौत हो गई. घटना में रूपल की मां मंजुलाबेन और बहन अल्पा घायल हुई हैं. होटल में किस वजह से आग लगी, इसका कारण सामने नहीं आया है.
वीडियो: तमिलनाडु ट्रेन हादसे में लखनऊ के 9 लोगों की मौत, कोच में आग लगने से बड़ा हादसा

