इससे पहले भी कई फिल्मों को देर रात तक दिखाने की परमिशन मांगी गई थी. लेकिन ऐसा हो नहीं पाया था. इससे पहले सिर्फ बाल ठाकरे की नवाजुद्दीन सिद्दीकी स्टारर बायोपिक 'ठाकरे' की स्क्रीनिंग सुबह सवा चार बजे हुई थी. मुंबई के एक मल्टीप्लेक्स में. मुंबई के कार्निवाल आईमैक्स (वडाला) थिएटर ने शनिवार से 'एवेंजर्स: एंडगेम' की सुबह तीन बजकर बीस मिनट के शो की बुकिंग खोली हुई है. फिलहाल बड़े शहरों के मल्टीप्लेक्स में ही लेट नाइट और अर्ली मॉर्निंग शोज़ चलाने की बता चल रही है. जिस तरह का क्रेज और एक्साइटमेंट 'एवेंजर्स: एंडगेम' के लिए नज़र आ रही है, उससे लगता तो ये है कि मल्टीप्लेक्स वालों के लिए ये फैसला फायदेमंद साबित होने वाला है. ट्रेड पंडितों के मुताबिक पहले कुछ दिनों तक फिल्म के ये शोज़ भी हाउसफुल ही रहने वाले हैं. 'एवेंजर्स: एंडगेम' सबसे पहले चीन में 24 अप्रैल को रिलीज़ होगी. और इसके बाद 26 अप्रैल को इसे अमेरिका समेत दुनियाभर में इसे रिलीज़ किया जाएगा. इससे पहले भी 'एवेंजर्स: इंफिनिटी वॉर' को भी चीन में ही रिलीज़ किया गया था. और इससे फिल्म के प्रोड्यूसर्स को बहुत फायदा पहुंचा था.
मॉरल ऑफ द स्टोरी ये है कि अगर आपको 'एवेंजर्स: एंडगेम' देखना है, तो आप किसी भी वक्त देख सकते हैं. इंडिया में ये फिल्म 24 घंटे अलग-अलग शोज़ में चलती रहेगी. और अगर आपको टिकट नहीं मिल पा रहा, तो आप बुकिंग साइट के चक्कर लगाते रहिए, जैसे ही वो देर रात और सुबह वाले शोज़ की बुकिंग खोलेंगे, आपका काम हो जाएगा. अगर बिना किसी स्पॉयलर पाए पिक्चर देखनी है, तो सावधान रहिए. सतर्क रहिए. जागते रहिए! वीडियो देखें: ‘एवेंजर्स एंडगेम’ की टिकट जितने में बिक रही है, उतने में आप दो साल तक रोज़ एक फिल्म देख लेंगे










