The Lallantop

अतीक की हत्या के बाद अब मुख्तार अंसारी को कोर्ट आना है, UP पुलिस क्या तैयारी कर रही?

मुख्तार के भाई जता चुके हैं एक और घटना की आशंका...

Advertisement
post-main-image
बांदा जेल में बंद मुख्तार अंसारी को गाजीपुर लाया जाएगा (फाइल फोटो: आजतक)

यूपी की बांदा जेल में बंद माफिया मुख्तार अंसारी को 29 अप्रैल की तारीख पर गाजीपुर लाया जाएगा. गाजीपुर की एक कोर्ट में मुख्तार अंसारी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के एक केस में फैसला आना है. ऐसे में मुख्तार अंसारी की सुरक्षा इंतजाम के सवाल पर गाजीपुर के SP ने कहा है कि इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रहेगी. आजतक के संतोष शर्मा की रिपोर्ट के मुताबिक गाजीपुर के SP ओमवीर सिंह ने बताया है कि जब मुख्तार अंसारी को बांदा जेल से गाजीपुर लाया जाएगा, तो प्रादेशिक आर्म्‍ड कांस्टेबुलरी (PAC) के साथ-साथ पांच थानों की पुलिस फोर्स तैनात रहेगी. 

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

रिपोर्ट के मुताबिक मुख्तार अंसारी की सुरक्षा को लेकर यूपी जेल प्रशासन के डायरेक्टर जनरल (DG) एसएन साबत का कहना है, 

जेल के अंदर कैदी की सुरक्षा की हमारी जिम्मेदारी है. मुख्तार अंसारी को बांदा जेल की हाई सिक्योरिटी बैरक में रखा गया है. बैरक को CCTV के जरिए निगरानी में रखा गया है. मुख्तार अंसारी की सुरक्षा में तैनात जेल कर्मियों पर भी समय-समय पर नजर रखी जाती है. 

Advertisement

उन्होंने कहा कि जेल के बाहर जब कोई बंदी जाता है तो जिस जिले के वारंट पर उस बंदी को ले जाया जाता है, बंदी की सुरक्षा की जिम्मेदारी उस जिले की होती है. 

वहीं गाजीपुर के SP ओमवीर सिंह ने बताया कि फिलहाल मुख्तार अंसारी या उनके परिवार की तरफ से सुरक्षा को लेकर को कोई एप्लिकेशन नहीं दिया गया है. उन्होंने आगे कहा कि अगर मुख्तार अंसारी को बांदा जेल से लाया जाएगा तो इसके मद्देनजर चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था रहेगी. 

गाजीपुर के MP-MLA कोर्ट में कृष्णानंद राय हत्याकांड के बाद दर्ज हुए गैंगस्टर एक्ट के मामले में 29 अप्रैल को फैसला सुनाया जा सकता है. ऐसे में मुख्तार अंसारी को गाजीपुर कोर्ट में पेश होना होगा. 

Advertisement

बीते 15 अप्रैल को प्रयागराज में अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ अहमद की हत्या हो गई. अतीक और अशरफ पुलिस कस्टडी में थे. मेडिकल जांच के लिए उन्हें अस्पताल ले जाया गया था. मीडियाकर्मियों से बातचीत के दौरान दोनों पर फायरिंग हुई थी. 

इस हत्याकांड के बाद मुख्तार अंसारी की सुरक्षा को लेकर काफी चर्चा हो रही है. मुख्तार अंसारी के सांसद भाई अफजाल अंसारी ने हाल ही में आजतक से एक इंटरव्यू में कहा,

षड्यंत्र तो हो रहे हैं, हुए हैं और होते रहेंगे, लेकिन मारने वाले से बढ़कर है बचाने वाला.

गाजीपुर से सांसद अफजाल अंसारी ने कहा कि अतीक की हत्या का मामला जांच का विषय है. 

ये भी पढ़ें- "रास्ते में हो सकती है हत्या"- 21 साल पुराने केस में पेशी से पहले मुख्तार अंसारी ने मांगी सुरक्षा

वीडियो: अतीक अहमद के मर्डर पर मुख्तार अंसारी के भाई अफजल अंसारी ने क्यों कहा- एक और एनकाउंटर होगा

Advertisement