ये सब हुआ था 24 सितंबर, 2017 की रात को. दिल्ली के मालवीय नगर में लेकिन वीडियो सामने नौ अक्टूबर, 2017 को आया. एक नाइजीरियन लड़के को चोरी के इल्ज़ाम में कुछ लोगों ने पकड़ लिया. तलाशी में उसके पास से कुछ पैसे मिले भी. वीडियो में एक लड़के को कहते सुना जा सकता है कि छह हज़ार मिल गए. इसके बाद लोग उसे पीटने लगते हैं. आप वीडियो देख लीजिए.
ये पिटाई उस गुस्से का इज़हार नहीं लगता जो चोरी से आजिज आ चुके लोगों में होता है. लड़के का सिर पहले ही फूट चुका है. खून बहकर शर्ट को रंग रहा है. उसके पीछे की दीवार पर निशान बन चुका है लेकिन फिर भी उसे पीट रहे लोग उसका लिंग काट देना चाहते हैं. किसी को पीटते-पीटते उसकी कमर तोड़नी है. किसी को उसके लिंग पर मिर्ची पाउडर डालना है.ये किसी दूसरी दुनिया से आई वहशियत लगती है. उसे पीट रहे लोगों में कई ऐसे हैं जो कतई गुस्से में नहीं हैं. ऐसा लग रहा है जैसे शाम को तफरीह करने निकले हैं. शांति के साथ किसी को पीट-पीटकर अधमरा कर रहे हैं. वहां हंसी-मज़ाक भी चल रहा है. वीडियो में एक आदमी को ये कहते सुना जा सकता है कि भाई आप तो बहुत लेट आए. माने चोर का पिटना एक ऐसा इवेंट है जिसका लुफ्त उठाना चाहिए. एक ज़िंदा आदमी पीट-पीटकर मुरब्बा बनाया जा रहा है और पब्लिक एकदम चिल है.
ये इस वीडियो की सबसे परेशान करने वाली बात है. जब लड़के को पुलिस के हवाले किया गया तो किसी ने एफआईआर में लिखवा दिया कि चोरी की कोशिश में वो सीढ़ियों से गिर गया था इसलिए उसके बदन पर ज़ख्म हैं. वीडियो में साफ नज़र आ रहा है कि असल बात क्या है.

दीवार पर लड़के के सिर से बह रहा खून लगा गया, लेकिन उसकी पिटाई नहीं रुकी
दिल्ली में अफ्रीकी देशों से आए छात्रों पर हमलों की घटनाएं होती रही हैं. उनको लेकर लोगों में कई पूर्वाग्रह बैठे हुए है. लोग मानते हैं कि ये ड्रग्स का धंधा करते हैं. मालवीय नगर में भी लोगों ने यही कहा कि लड़के ने नशा किया हुआ था. हाल ही में पुलिस ने ग्रेटर नोएडा में नाइजीरियाई छात्रों पर हमले के मामले में तकरीबन 600 लोगों के खिलाफ दंगा भड़काने और 44 लोगों पर हत्या की कोशिश का केस दर्ज किया था. 12वीं क्लास के छात्र मनीष खारी की मौत में कथित तौर पर नाइजीरियन स्टूडेंट्स का हाथ सामने आने के बाद शहर के कुछ लोगों ने 36 घंटे तक उत्पात मचाया था. पांच अलग-अलग जगहों पर नाइजीरियन छात्रों को जमकर पीटा गया था और उनकी गाड़ियों में तोड़फोड़ हुई थी.
और पढ़ेंः
इतिहास की सबसे बड़ी, दो खरब रुपए की चोरी होते-होते रह गई
डकैत जिन्हें मंदिर में पूजा जाता है, जिनके लिए गांव वाले एकजुट हो जाते हैं
चोरी से बड़ा जुर्म तो चोरनी का गंदा वीडियो बनाने वाले ने किया है
स्कूल में बच्चों को मार रहे इस मास्टर का वीडियो देखकर गुस्सा आता है
इस लड़के का सुसाइड नोट पढ़कर पुलिस का वाहियात चेहरा सामने आता है!










