मिजोरम के सीएम जोरामथांगा (Mizoram CM Zoramthanga ) की बेटी मिलारी छांगटे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. मिलारी एक डॉक्टर को थप्पड़ मारते दिख रही हैं. वीडियो वायरल होने के बाद सीएम जोरामथांगा को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी पड़ी है. वायरल वीडियो के मुताबिक उनकी बेटी आइजोल के एक क्लीनिक में डॉक्टर के चेंबर में जबरन घुसती नजर आ रही हैं. अंदर जाते ही वो डॉक्टर पर थप्पड़ चला देती हैं.
बिना अपॉइनमेंट डॉक्टर ने देखने से मना किया तो सीएम की बेटी ने थप्पड़ मार दिया
मिजोरम के सीएम की बेटी का वीडियो वायरल. मुख्यमंत्री ने सार्वजनिक तौर पर माफी मांगी.


मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह घटना 17 अगस्त की है. मिलारी छांगटे क्लीनिक में डर्मेटोलॉजिस्ट (स्किन डॉक्टर) डॉ जोनुनसांगा से बिना अप्वाइंटमेंट के मिलना चाहती थीं. लेकिन डॉक्टर ने उन्हें अप्वाइंटमेंट लेकर आने को कहा. इसी पर वो नाराज हो गईं और भड़ककर डॉक्टर को थप्पड़ मार दिया. वहां मौजूद लोगों ने उसे पकड़कर चेंबर से बाहर किया. बाद में इस घटना का वीडियो वायरल हो गया.
डॉक्टरों ने किया विरोध प्रदर्शनइस घटना के बाद नाराज करीब 700 डॉक्टरों ने 20 अगस्त को आइजोल में प्रदर्शन किया. इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) की मिजोरम यूनिट ने इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व किया. डॉक्टरों ने काली पट्टी बांधकर अपने-अपने अस्पतालों में विरोध जताया. IMA ने एक बयान जारी कर कहा कि वे नहीं चाहते कि डॉक्टरों के साथ इस तरह का व्यवहार दोबारा हो.
IMA मिजोरम एक सदस्य ने इंडियन एक्सप्रेस को नाम ना बताने की शर्त पर कहा कि वे सीएम के खिलाफ नहीं हैं लेकिन वे डॉक्टरों के खिलाफ हिंसा को लेकर विरोध कर रहे हैं. सीएम के माफीनामे पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने इस मुद्दे को सही तरीके से हैंडल किया है और इसलिए हमने फैसला किया है कि इस मुद्दे को भूल जाएं.
CM जोरामथांगा ने माफी मांगीमुख्यमंत्री जोरामथांगा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक बयान जारी किया. इसमें कहा गया कि सीएम और उनकी पत्नी तीन बार डॉक्टर के पास माफी मांगने गए. इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक बयान में उन्होंने लिखा,
"हम मिलारी छांगटे के परिवारवालों को डॉक्टर के साथ उसके व्यवहार के बचाव में कुछ भी नहीं कहना है. हम पूरी तरह से गलत हैं और डॉक्टर और लोगों से माफी मांगते हैं. डॉक्टर और उनके परिवार वाले काफी अच्छे थे और उन्होंने हमारी बातों को समझा कि यह हमारे लिए भी शर्मिंदा करने वाला था. हम यह भी कहना चाहते हैं कि ऐसी घटना दोबारा ना हो इसके लिए हमें जो भी करना होगा वो हम करेंगे."
मिलारी छांगटे के बड़े भाई और सीएम के बेटे रामथानसियामा ने भी सोशल मीडिया पर माफी मांगी और कहा कि उनकी बहन 'मानसिक तनाव' के कारण आपा खो दिया था.
तारीख: मिजोरम के राज्य बनने के पीछे के खूनी संघर्ष की कहानी


















