The Lallantop

पिता का देहांत लेकिन अंतिम संस्कार के लिए कैसे पहुंचेंगे मिथुन चक्रवर्ती?

मिथुन के भाई की पहले ही मौत हो चुकी है.

Advertisement
post-main-image
अपने पिता के साथ मिथुन और दूसरी तस्वीर एक मीडिया इंटरैक्शन की.
बॉलीवुड सुपरस्टार मिथुन चक्रवर्ती के पिता बसंत कुमार चक्रवर्ती नहीं रहे. आ रही रिपोर्ट्स के मुताबिक बसंत कुमार जी की डेथ 21 अप्रैल (मंगलवार) को मुंबई में हो गई. वो उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रहे थे. वो 95 साल के थे. इस बात की पुष्टि की मशहूर बांग्ला एक्ट्रेस रितुपर्णा सेनगुप्ता ने. रितुपर्णा ने ट्वीट करते हुए लिखा-
''आपके पिता की अचानक मृत्यु पर मेरी हार्दिक संवेदनाएं मिथुन दा. मजबूत बने रहिए. भगवान उनकी आत्मा को हमेशा के लिए शांति दे.''


लेकिन दिक्कत वाली बात ये है कि मिथुन का अपने पिता के अंतिम संस्कार में शामिल होना बड़ा मुश्किल है. वो अपने एक प्रोजेक्ट की शूटिंग के लिए बैंगलोर गए थे. उनके जाने के बाद ही कोरोनावायरस की वजह से देशभर में 21 दिनों के संपूर्ण लॉकडाउन का ऐलान कर दिया गया. इससे पहले कि पहला लॉकडाउन खत्म होता, दूसरा लॉकडाउन लग गया. और मिथुन बैंगलोर में ही फंसे रह गए. लॉकडाउन 3 मई को खत्म होने वाला है लेकिन तब तक बहुत दे हो जाएगी. मिथुन बैंगलोर से मुंबई आने के लिए लगातार कोशिशें कर रहे हैं.
हालांकि मिथुन के अलावा उनका पूरा परिवार मुंबई में ही है. बसंतकुमार अपनी पत्नी शांतिमयी चक्रवर्ती और अपने बेटे गौरांग उर्फ मिथुन के साथ रहते थे. बसंतकुमार और शांतिमयी के एक और बेटे थे, जिनकी कई सालों पहले बिजली के झटकों से मौत हो चुकी है. हिंदू रीति-रिवाजों के मुताबिक पिता का अंतिम संस्कार बेटा ही करता है. लेकिन वो तब संभव है, जब मिथुन समय से मुंबई पहुंच जाएं. अगर ऐसा नहीं हो पाता, तो मिथुन के बड़े बेटे मिमोह चक्रवर्ती मुंबई में ही हैं.
अपने शुरुआती दिनों में पिता बसंत कुमार चक्रवर्ती के साथ मिथुन.
अपने शुरुआती दिनों में पिता बसंत कुमार चक्रवर्ती के साथ मिथुन.

लॉकडाउन की वजह से घर से बाहर फंस जाने वाले मिथुन चक्रवर्ती पहले सेलेब्रिटी नहीं हैं. उनसे पहले जैकी श्रॉफ के मुंबई और पुणे के बीच फंसे होने की खबर आई थी. उनके अलावा 'दृश्यम' फेम एक्ट्रेस श्रिया सरन भी अपने पति के साथ स्पेन में फंस गई हैं.
मिथुन चक्रवर्ती आखिरी बार विवेक अग्निहोत्री डायरेक्टेड फिल्म 'दी ताशकंद फाइल्स' में नज़र आए थे. आने वाले दिनों वो 'भूतियापा' नाम की हॉरर-कॉमेडी फिल्म और टीवी पर आने वाले डांस रिएलिटी शो में नज़र आएंगे.


वीडियो देखें: 'दृश्यम' वाली एक्ट्रेस के पति को डॉक्टर ने देखने से ही मना कर दिया

Advertisement
Advertisement