The Lallantop

नजीब की मांगी गई फिरौती, '20 लाख रुपये पहुंचा दो'

जेएनयू से गायब नजीब कहां है? अभी तक कुछ पता नहीं.

Advertisement
post-main-image
फोटो - thelallantop
एक मां है जो हर जगह गुहार लगा चुकी है. दर दर भटक रही है. बार-बार कह रही है मेरे नजीब को ला दो मेरे नजीब को ला दो. मगर नजीब कहां है ये अभी तक पुलिस पता नहीं कर पायी है. बार बार ये ही कहा जा रहा है पुलिस तलाश रही है. कभी कुछ तो कभी कुछ कहा गया. बाद में पुलिस की तलाश जेएनयू तक ही सीमित होकर रह गई. अब खबर है कि नजीब के घर वालों को फिरौती की कॉल आई है, 'अगर नजीब चाहिए तो 20 लाख रुपये पहुंचा दो. पुलिस कॉल का दावा कर रही है. जबकि नजीब के घर वाले ऐसी किसी कॉल से इंकार कर रहे हैं.
खबर आई थी कि 14 अक्टूबर की रात. JNU कैंपस. करीब 25-30 लड़के नजीब अहमद को बुरी तरह पीट रहे थे, गालियां दे रहे थे और कह रहे थे कि उसे 72 हूरों के पास भेजना है. ये कहानी JNU के उस स्टूडेंट की है, जो इस घटना के बाद से आज तक गायब है. नजीब के गायब होने के बाद फिर खबर आई कि नजीब ने ABVP के विक्रांत को थप्पड़ मारा था. विक्रांत अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् का कंटेस्टेंट. हॉस्टल में कैम्पेन कर रहा था. वहीं नजीब और विक्रांत के बीच झगड़ा हो गया. कहा गया कि इसी झगड़े में नजीब की पिटाई कर दी गयी थी.
सच क्या है अभी तक कुछ नहीं पता. अब खबर है कि नजीब की फिरौती मांगी गई है 20 लाख रुपये की डिमांड की गई है. जॉइंट पुलिस कमिश्नर रवींद्र यादव का कहना है कि कॉल आने के बाद उत्तर प्रदेश के महराजगंज से एक शख्स को गिरफ्तार किया गया है, अभी आरोपी की पहचान नहीं हो पाई है. अफसर का कहना है कि पकड़ में आये शख्स ने नजीब के घर वालों को तीन दिन पहले फोन किया था और 20 लाख की फिरौती मांगी थी. बिजनेस स्टैण्डर्ड के मुताबिक पुलिस ने क्राइम ब्रांच के एक दल ने डीसीपी जी राम गोपाल नायक की निगरानी में आरोपी के स्थान का पता लगाया था. दूसरी तरफ नजीब के परिवार के एक सदस्य का कहना है, 'हमें फिरौती मांगने वाली कोई भी कॉल नहीं आई है.' नजीब का गायब होना रहस्य ही बनता जा रहा है. अभी तक कोई बड़ी कामयाबी पुलिस को नहीं मिली है. नजीब की मां सब जगह गुहार लगा चुकी हैं. इस मामले में वे छह छात्र भी पोलिग्राफी टेस्ट के लिए सहमत नहीं हुए हैं, जिनसे इसके लिए मंजूरी मांगी गई थी. हॉस्टल में नजीब के कमरे में साथ रहने वाले छात्र मोहम्मद कासिम ने भी झूठ पकड़ने वाले इस परीक्षण के लिए हामी नहीं भरी है. जबकि कासिम पहले इस टेस्ट के लिए तैयार हो गया था.

ये भी पढ़ें

25-30 लड़के नजीब को पीटते हुए कह रहे थे, 'इसे 72 हूरों के पास भेजना है'

JNU के लापता स्टूडेंट नजीब ने ABVP के विक्रांत को मारा था थप्पड़ : नई चिट्ठी JNU में चल रहा मामला असल में है क्या?

Advertisement
Advertisement