मोहम्मद अब्दुल अरफ़ात. अमेरिका में रहने वाला 25 साल का एक भारतीय छात्र. पिछले महीने लापता हो गया था. अमेरिका में भारतीय दूतावास ने जानकारी दी थी कि वो उसे ढूंढने के लिए क़ानूनी एजेंसियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं. मंगलवार, 8 अप्रैल को ख़बर आई कि वो ओहियो के क्लीवलैंड में मृत पाया गया है. ये इस साल में घटी ऐसी 11वीं घटना है.
अमेरिका में 3 महीने में 10 भारतीयों की मौत, फिर एक छात्र का शव मिला, पिता ने किस कॉल की बात बताई?
अमेरिका के ओहियो में एक और भारतीय छात्र की मौत हो गई. भारतीय दूतावास ने जानकारी दी. मामले की जांच जारी है. घरवालों ने किस पर आरोप लगाया है?

न्यूयॉर्क में भारत के महावाणिज्य दूतावास ने एक्स पर पोस्ट किया,
ये जानकर बहुत दुख हुआ कि मोहम्मद अब्दुल अरफ़ात - जिनके लिए खोज अभियान चल रहा था - वो क्लीवलैंड, ओहियो में मृत पाए गए हैं. मोहम्मद अरफ़ात के परिवार के प्रति हमारी संवेदनाएं.
दूतावास ने जानकारी दी कि छात्र की मौत की जांच सुनिश्चित करने के लिए वो स्थानीय एजेंसियों से बात कर रहे हैं. छात्र के पार्थिव शरीर को भारत लाने के लिए दूतावास की तरफ़ से परिवार की हर संभव मदद की जा रही है.
पिता को आया था एक फ़ोनअब्दुल हैदराबाद का रहने वाला था और ओहायो में रहकर मास्टर्स कर रहा था. 20 मार्च से ही उसके लापता होने की ख़बर है. परिवार का आरोप है कि लड़के के पिता को कॉल कर 1200 डॉलर की फिरौती मांगी गई थी.
अरफ़ात के पिता मोहम्मद सलीम ने बताया कि बेटे से उनकी बात आखिरी बार 7 मार्च को हुई थी. तब से उसका फ़ोन बंद आ रहा था. सलीम के मुताबिक़, 19 मार्च को उन्हें एक अज्ञात व्यक्ति का फ़ोन आया. न्यूज़ एजेंसी PTI को सलीम ने बताया,
फोन करने वाले ने बताया कि मेरे बेटे को किडनैप कर लिया गया और पैसे मांगे. फोन करने वाले ने पैसे भेजने का तरीक़ा नहीं बताया. जब मैंने उससे बेटे से मेरी बात करने के लिए कहा, तो उसने इनकार कर दिया.
ये भी पढ़ें - अमेरिका में भारतीयों के मरने की संख्या बढ़ती ही जा रही है
भारतीय छात्रों या भारतीय मूल के छात्रों की हत्याओं से भारतीय समुदाय में ग़ुस्सा है और डर भी. 2024 को बमुश्किल साढ़े तीन महीने हुए हैं और ये इस साल में घटी 11वीं घटना है. बीती 5 अप्रैल को ही क्लीवलैंड में उमा सत्य साई की मौत की ख़बर आई थी.
उनसे पहले 18 मार्च को बॉस्टन में अभिजीत पारुचुरू की मौत हुई थी. 1 फ़रवरी को ओहियो में भारतीय मूल के छात्र श्रेयस रेड्डी बेनिगेरी मृत पाए गए थे. पर्ड्यू विश्वविद्यालय के छात्र समीर कामथ को 5 फ़रवरी को इंडियाना में एक संरक्षित क्षेत्र में मृत पाया गया था. जनवरी में विवेक सैनी नाम के एक युवक को एक नशेड़ी ने पीट-पीट कर मार डाला था.









