दहशतगर्दी को पनाह देता आ रहा पाकिस्तान, अब खुद डर के साये में जीने को मजबूर है. ताजा वारदात खैबर पख्तूनख्वा प्रांत की है. जहां एक पुलिस चौकी पर हुए हमले में 11 पुलिसवाले मारे गए. पाकिस्तानी सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए 15 हमलावरों को मार देने का दावा किया है. घटना के बाद पूरे इलाके में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है.
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में ताबड़तोड़ अटैक, 11 पुलिसकर्मी मारे गए, 15 हमलावरों की भी मौत
Militant Violence in Pakistan: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में हुई वारदात में 11 सुरक्षाकर्मियों की मौत हो गई. हमला अफगानिस्तान से सटे हंगू जिले के खजीना पुलिस चौकी पर हुआ.

अंधेरे में अचानक हुआ हमला
‘टाइम्स ऑफ इंडिया’ के मुताबिक ये वारदात अफगानिस्तान की सीमा से सटे हंगू जिले की खजीना पुलिस चौकी पर हुई. हमलावरों ने रात के सन्नाटे का फायदा उठाते हुए इस पोस्ट पर भारी हथियारों से अचानक धावा बोल दिया. हमला इतना अचानक और खतरनाक था कि पुलिसकर्मियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला.
स्थानीय पुलिस अधिकारी इरफान खान ने पाकिस्तानी मीडिया को बताया कि आतंकियों के हमले के बाद दोनों तरफ से घंटों तक ताबड़तोड़ गोलीबारी होती रही.
मदद के लिए पहुंचे पुलिस अफसर भी हुए शिकार
जब इस चौकी पर हमला हुआ, तो हालात को काबू में करने के लिए दीयार खान के नेतृत्व में पुलिस की एक अतिरिक्त टीम (रिइनफोर्समेंट) मदद के वास्ते मौके की तरफ रवाना हुई. लेकिन रास्ते में ही घात लगाकर बैठे हमलावरों ने इस टीम पर भी धावा बोला दिया. जिसके चलते एक आर्मर्ड पर्सनल कैरियर (बख्तरबंद गाड़ी) बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.
इस पूरी हिंसक झड़प में 11 बहादुर पुलिसकर्मियों की मौत हो गई और दो दर्जन से अधिक जवान गंभीर रूप से घायल हो गए. हालांकि, इसके बाद सुरक्षाबलों ने किसी तरह हिम्मत जुटाई और काउंटर अटैक शुरू किया. पाकिस्तानी एजेंसियों का दावा है कि जवाबी कार्रवाई में 15 हमलावर मारे गए.
ये भी पढ़ें: अनशन खत्म कर लौट रहे सोनम वांगचुक बोले- वंदे भारत का सफर शानदार, लेकिन सरकार वापस ले FIR
आतंकी संगठनों पर गहराया शक और बढ़ता तनाव
फिलहाल किसी भी संगठन ने इस हमले की आधिकारिक तौर पर जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन शक की सुई मुख्य रूप से प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) की तरफ घूम रही है. पिछले कुछ महीनों में इस सीमावर्ती क्षेत्र में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों पर टीटीपी के हमले लगातार तेज हो गए हैं, जिससे पाकिस्तान की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं.
वीडियो: तारीख: खैबर के पश्तून जो पाकिस्तान को तबाह करने पर तुले हैं













