The Lallantop

फेसबुक-इंस्टाग्राम तो जरा देर के लिए ठप हुए, जकरबर्ग की भारी जेब कितनी हल्की हुई?

Facebook के सर्वर डाउन होने के चलते Meta को भारी नुकसान झेलना पड़ा है. एक्सपर्ट्स ने आंकड़े भी बता दिए.

Advertisement
post-main-image
सर्वर डाउन के बाद मेटा को करोड़ो का नुकसान(फोटो: आजतक)

मंगलवार 5 मार्च को दुनियाभर में मेटा का सर्वर डाउन (Meta Server Down) रहा. इसके चलते फेसबुक, इंस्टाग्राम और थ्रेड (Facebook, Instagram Down) ठप पड़ गए. जाहिर है यूजर्स तिलमिला गए. कइयों को इस परेशानी से करीब दो घंटो तक जूझना पड़ा. लेकिन मेटा का तो अरबों का नुकसान हो गया. महज दो घंटे में मार्क जकरबर्ग और उनकी कंपनी के अरबों रुपये घट गए. वजह रही कंपनी के शेयर्स में भारी गिरावट.

Advertisement
कितना नुकसान?

इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक सर्वर डाउन के चलते मेटा के शेयर्स में करीब 1.5 फीसद की गिरावट देखने को मिली थी. वीबुश सिक्योरिटी के मैनेजिंग डायरेक्टर डैन इव्स ने डेलीमेल को बताया कि मार्क जुकरबर्ग को इसके चलते करीब 100 मिलियन डॉलर (828 करोड़ रुपये से ज्यादा) का नुकसान झेलना पड़ा है. सर्वर डाउन के वक्त कंपनी ने एक बयान जारी किया था. इसमें बताया गया था कि कंपनी फेसबुक आउटेज के मसले का समाधान निकालने की कोशिश कर रही है. इस बयान के साथ उन्होंने अपने यूजर्स को हुई असुविधा के लिए माफी भी मांगी थी.

फोर्ब्स रियल टाइम बिलिनियर्स की लिस्ट के मुताबिक जुकरबर्ग इस वक्त दुनिया के पांचवें सबसे अमीर शख्स हैं. उनकी नेटवर्थ 139.1 बिलियन डॉलर (करीब 11520 अरब रुपये) है.

Advertisement
क्यों हुई दिक्कत?

फेसबुक के एक अधिकारी ने मामले पर बताया कि इस पेरशानी से उनका इंटरनल सिस्टम भी डाउन था. मेटा का सर्विस डैशबोर्ड सेवाओं के लिए मेजर डिसरप्शन के वार्निंग मैसेज दे रहा था. एक्सपर्ट का मानना है कि ये मेटा के प्लेटफार्म मे परेशानी की वजह से कोडिंग संबंधी गलतियों के चलते हुआ है.

ये भी पढ़ें: क्या है ये प्रॉक्सी सर्वर, जिससे बिना इंटरनेट के WhatsApp चल रहा है?

पहले भी आ चुकी है समस्या

इससे पहले साल 2021 में भी इस तरह की समस्या सामने आई थी. तब 7 घंटे तक फेसबुक के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म बंद रहे थे. हालांकि इस बार 2 घंटे के अंदर ही इस समस्या से निजात पा ली गई थी. रिपोर्ट के मुताबिक यूरोपियन यूनियन के डिजिटल मार्केट एक्ट के बाद कई बड़ी टेक कंपनियां अपने काम करने के तरीके में बदलाव ला रही हैं. इसके चलते मेटा भी इसी प्रोसेस से गुजर रही है. मेटा अब फेसबुक और इंस्टाग्राम को यूजर्स के लिए अलग-अलग इस्तेमाल करने लायक बना रही है. इससे कंपनी को यूजर्स के मुताबिक टार्गेटेड एड पुश करने में मदद मिलेगी. जिससे कंपनी की कमाई भी बढ़ेगी.

Advertisement

वीडियो: रविंद्र जडेजा ने धर्मशाला टेस्ट से पहले टीम को लेकर क्या कर दिया?

Advertisement