मेरठ की एक यूनिवर्सिटी (Meerut University Video) का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इसमें कुछ छात्र दो विदेशी लड़कियों को घेरकर हूटिंग कर रहे हैं. वीडियो बना रहे हैं. दोनों लड़कियों के सामने चिल्लाकर 'जय श्री राम' का नारा लगा रहे हैं. उन पर ईसाई मिशनरियों के लिए काम करने का आरोप लगा रहे हैं. वीडियो बनाते हुए लड़के कह रहे हैं कि ईश्वर एक ही है और वो राम हैं. लड़कियां हिंदी में कुछ जवाब देने की कोशिश करती है लेकिन हंगामा कर रहे लड़के उन्हें बोलने नहीं देते हैं.
विदेशी लड़कियों पर हूटिंग की, बोले- धर्म परिवर्तन करने आई, Video वायरल हुआ तो सच कुछ और निकला
लड़कों ने वीडियो बनाते हुए 'जय श्री राम' का नारा लगाया.


इंडिया टुडे से जुड़े उस्मान चौधरी की रिपोर्ट के मुताबिक वायरल वीडियो मेरठ की चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी का है. वीडियो में दिख रही लड़कियां साउथ कोरिया की रहने वाली हैं. दोनों दिल्ली में पढ़ाई करती हैं. 21 जनवरी को दोनों यूनिवर्सिटी घूमने आई थीं. कैंपस में नारेबाजी करने वाले छात्रों ने आरोप लगाया कि दोनों लड़कियां ईसाई धर्म का प्रचार कर रही थीं. हालांकि पुलिस ने इस तरह के आरोपों से इनकार कर दिया.
मेरठ पुलिस ने 22 जनवरी को एक बयान जारी किया और धर्मांतरण या धर्म प्रचार करने की बातों को सिरे से खारिज किया है. मेरठ पुलिस के मुताबिक,
"कुछ विदेशी युवतियां यूनिवर्सिटी घूमने आई थीं. कुछ युवकों ने जानबूझकर उनसे उनके धर्म के बारे में पूछा और वीडियो बनाया. कुछ लोगों ने इस वीडियो को गलत तरीके से फैलाया कि वे धर्म का प्रचार कर रही हों. ये पूरी तरह से गलत है."
रिपोर्ट के मुताबिक छात्रों के हंगामे के बाद वहां पुलिस भी पहुंची थी. मेरठ सिविल लाइन के सर्किल ऑफिसर (CO) अरविंद चौरसिया ने कहा कि हंगामे के तुरंत बाद पुलिस टीम वहां पहुंच गई थी. पता चला कि उन विदेशी लड़कियों को हिंदी आती थी इसलिए वे थोड़ी हिंदी बोल रही थी. अरविंद चौरसिया के मुताबिक वहां कुछ लोगों ने उनसे पूछा कि ईसाई धर्म में क्या होता है. जब वो बताने लगीं तो उनका वीडियो रिकॉर्ड कर लिया और गलत तरीके से उसे प्रचारित करने लगे.
पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों विदेशी लड़कियों से पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ दिया गया और फिर वो दिल्ली चली गईं. उन्होंने कहा कि मामले में ना कोई शिकायत आई और ना ही कोई केस दर्ज किया गया है.
वीडियो: आदिवासी vs ईसाई: लल्लनटॉप ने जाना झगड़े का पूरा सच?















