सुपरहीरोज़ ने जिस काम के लिए मना किया, इसने 'एवेंजर्स: एंडगेम' देखकर वही किया, अब बैठा कराह रहा है
'एंडगेम' के बाद इमोशनल होने के बदले इस आदमी के दिमाग में आज कुछ तूफानी करने का आइडिया.
Advertisement

रॉबर्ट डाउनी जू., क्रिस इवांस, क्रिस हेम्सवर्थ, और स्कारलेट जोहैन्सन स्टारर 'एवेंजर्स: एंडगेम' को जोसफ और एंथनी रूसो ने मिलकर डायरेक्ट किया है.
सोशल मीडिया पर एक घायल आदमी की तस्वीर खूब वायरल हो रही है. उसे कुछ लोगों ने मिलकर कायदे से सूत दिया है. देखिए क्या है कि अभी चुनाव तो सिर्फ इंडिया में चल रहा है. बाकी दुनियाभर में 'एवेंजर्स: एंडगेम' का रौला है. इस फिल्म को देखने के लिए लोगों में भारी क्रेज़ है. इस फिल्म की टिकट के लिए लोगों का संघर्ष देखते ही बन रहा है. 11 साल और 21 फिल्मों का निचोड़ इसी फिल्म से मिलने वाला है. ऐसे में जब फिल्म देखने के लिए बौड़ाए हुए हैं और कोई आपको फिल्म का प्लॉट लाइन रिवील करने लगे, तो कैसा लगेगा. 'एंडगेम' को देखने के बाद एकाध हफ्ते तक क्या-क्या नहीं करना है, ये आप यहां क्लिक करके पढ़ सकते हैं. बहरहाल, हम अपनी खबर पर वापस आते हैं. जिस घायल शख्स की तस्वीर सोशल मीडिया पर घूम रही है, वो हॉन्गकॉन्ग की है. ये भाई साहब 'एवेंजर्स: एंडगेम' देखकर बाहर निकल रहे थे. रास्ते में ढेरों मार्वल फैंस लाइन लगाकर टिकट के इंतज़ार में खड़े थे. फिल्म देखने के बाद इमोशनल होने की बजाय इन्हें लगा कि आज कुछ तूफानी किया जाए. ये आदमी थिएटर के सामने खड़े होकर जोर-जोर से चिल्लाकर फिल्म का स्पॉयलर देने लगा. फिल्म के क्लाइमैक्स वाले पोर्शन पर इसका ज़ोर ज़्यादा था. फिल्म के डायरेक्टर्स और सुपरहीरोज़ ने पहले ही सोशल मीडिया पर लोगों से फिल्म को स्पॉयल नहीं करने की अपील कर रखी है. इन भाई साहब ने वो भी नहीं देखा. इसके बाद आस पास खड़े लोगों ने समझाया-बुझाया कि भाई लोगों का एक्सपीरियंस मत खराब करो. लेकिन ये आदमी किसी की नहीं सुन रहा था.
फिर क्या कुछ कट्टर मार्वल फैंस आए और इन्हें पीटने लगे. पहले जहां से ये स्पॉयलर चिल्ला रहे थे, लात- घूसा खाने के बाद अब वहीं पड़े कराह रहे थे. राह चलते कुछ लोगों ने इनकी मदद की, तो कुछ ने इनकी फोटो लेकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दी. अब जितने भी मार्वल फैंस हैं, वो इस फोटो का इस्तेमाल लोगों को वार्निंग देने के लिए कर रहे हैं. फिल्म देखने के बाद जो चौधरी बनने की कोशिश करेगा, उसके साथ ऐसा ही होगा. ऐसा फैंस का सोचना था. हालांकि इस खबर को बताते समय हम किसी के भी खिलाफ किसी भी तरह की हिंसा का समर्थन नहीं कर रहे. उस आदमी के साथ जो हुआ वो गलता था. लेकिन उस आदमी ने जो किया वो भी गलत था. अब आपको तय करना है कि फिल्म देखकर फील लेना और खुद को संतुष्ट करना है या स्पॉयलर देकर लोगों का इस फिल्म को देखने का अनुभव खराब करना है. फैसला आपका है.
Advertisement









