The Lallantop

पुलि‍सवाला बताकर दिल्ली में नाबालिग से किया गैंगरेप, मुठभेड़ के बाद एक आरोपी अरेस्ट

Kalkaji Delhi Gang rape Case: नाबालिग लड़की अपने एक दोस्त के साथ कालकाजी मंदिर गई थी. दोनों ने मंदिर में दर्शन किए. इसके बाद करीब साढ़े 7 बजे वो आस्था कुंज पार्क गए. आरोप है कि पार्क में तीन युवक आए और खुद को पुलिसकर्मी बताया. उन्होंने लड़की को डराकर उसके साथ रेप किया. अब दिल्ली पुलिस ने एनकाउंटर के बाद एक आरोपी को पकड़ा है.

Advertisement
post-main-image
दिल्ली रेप केस में दो आरोपी अभी फरार हैं | फोटो: आजतक

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • दिल्ली के कालकाजी में 17 साल की नाबालिग से कथित गैंगरेप की घटना हुई, जिसमें एक आरोपी आसिफ को पुलिस ने एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया है और उसे AIIMS ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया।
  • यह घटना तब हुई जब लड़की अपने दोस्त के साथ पार्क में थी और तीन आरोपियों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर लड़की को अकेला कराकर धमकाया तथा यौन उत्पीड़न किया।
  • पुलिस ने आरोपी आसिफ को असफल गिरफ्तारी प्रयास के दौरान गोली मारकर चोटिल किया, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और मामले की जांच चल रही है।
author-image
हिमांशु मिश्रा

राजधानी दिल्ली के कालकाजी में 17 साल की नाबालिग से कथित गैंगरेप की घटना सामने आई है. इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया है. आरोपी का नाम आसिफ है. पुलिस के मुताबिक, जब उसे पकड़ने की कोशिश की गई, तो उसने पुलिस टीम पर तीन राउंड फायरिंग की. जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई, जो आसिफ के पैर में लगी. उसे इलाज के लिए AIIMS ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है.

Advertisement

ये घटना सोमवार 21 सितंबर की शाम की है. 17 साल की नाबालिग लड़की अपने 17 साल के दोस्त के साथ कालकाजी मंदिर गई थी. दोनों ने मंदिर में दर्शन किए. इसके बाद करीब साढ़े 7 बजे वो आस्था कुंज पार्क गए. आरोप है कि पार्क में 25 से 30 साल की उम्र के तीन शख्स उनके पास आए. तीनों ने खुद को पुलिसकर्मी बताया. इसके बाद उन्होंने लड़की को उसके दोस्त से अलग कर दिया और उसे पार्क के एक सुनसान हिस्से में ले गए.

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों में शामिल आसिफ ने लड़की को पिस्टल और चाकू दिखाकर धमकाया. इसके बाद उसके साथ कथित तौर पर रेप किया. पुलिस का कहना है कि इसके बाद दो और आरोपियों ने भी लड़की का यौन उत्पीड़न किया. आरोपियों ने लड़की और उसके दोस्त को धमकी भी दी.

Advertisement

घटना की जानकारी पुलिस को रात करीब 8 बजकर 45 मिनट पर मिली. PCR कॉल के बाद अमर कॉलोनी थाने की पुलिस टीम आस्था कुंज पार्क पहुंची. इसके बाद लड़की को मेडिकल जांच के लिए AIIMS भेजा गया. मौके पर क्राइम टीम और FSL टीम ने जांच की और जरूरी सबूत जुटाए. अमर कॉलोनी थाने में FIR दर्ज की गई. इसमें BNS की धारा 70(2), 61(2), 115(2), 351(3) और POCSO एक्ट की धारा 6 और 17 लगाई गई हैं.

Delhi Police ने कैसे किया एनकाउंटर?

अब आरोपी के एनकाउंटर पर बात करते हैं. पुलिस के मुताबिक, आरोपियों को पकड़ने के लिए कई टीमें बनाई गई थीं. मंगलवार 22 सितंबर सुबह करीब 6 बजे पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी आसिफ बाइक से साउथ ईस्ट दिल्ली में घूम रहा है. इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की.

आसिफ को अमर कॉलोनी इलाके में DM ऑफिस रोड के पास ट्रैक किया गया. पुलिस टीम ने उसे रोकने की कोशिश की. पुलिस के मुताबिक, खुद को घिरा हुआ देखकर आसिफ ने पुलिस पर तीन राउंड फायरिंग की.पुलिस का कहना है कि उसे सरेंडर करने के लिए कहा गया, लेकिन उसने फायरिंग जारी रखी. इस दौरान एक गोली हेड कांस्टेबल राजेश की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी. इसके बाद हेड कांस्टेबल राजेश ने अपनी सुरक्षा में दो राउंड फायर किए. इनमें से एक गोली आसिफ के दाहिने पैर में लगी. गोली लगने के बाद वह बाइक से गिर गया.

Advertisement

पुलिस को एनकाउंटर वाली जगह से एक पिस्टल मिली है. घायल आरोपी आसिफ को AIIMS ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया है. वहीं, इस केस के दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं. पुलिस उनकी तलाश कर रही है. पार्क और आसपास के इलाकों की CCTV फुटेज भी खंगाली जा रही है. पुलिस आसपास मौजूद लोगों से भी जानकारी जुटा रही है.

Delhi में नाबालिग लडकियां निशाने पर?

इसके अलावा बीते कुछ समय में दिल्ली में नाबालिग लड़कियों के साथ यौन अपराध के कई मामले सामने आए हैं. 21 सितंबर को देशबंधु गुप्ता रोड इलाके में 7 साल की बच्ची के साथ रेप के आरोप में अंकित नाम के आरोपी को हिरासत में लिया गया है. वहीं 16 सितंबर को सदर बाजार इलाके में भी एक 6 क्लास की स्टूडेंट्स के साथ रेप का मामला सामने आया था. आरोप है कि बच्ची घर से पेंसिल और किताब लेने निकली थी. पुलिस के मुताबिक, आरोपी का नाम मकसूद है जिसे गिरफ्तार किया गया है.

इसके अलावा दिल्ली के स्वरूप नगर में भी 17 साल की नाबालिग के साथ गैंगरेप और हत्या का मामला सामने आया था. पुलिस के मुताबिक, लड़की 10 सितंबर को अपने दोस्त से मिलने गई थी. आरोप है कि दोस्त और उसके साथियों ने उसके साथ गैंगरेप किया और उसकी हत्या कर दी. पुलिस के मुताबिक, उसके शरीर पर चाकू से आठ वार किए गए थे. 13 सितंबर को उसका शव मिला. इस मामले में चार लोगों को पकड़ा गया, जिनमें तीन नाबालिग हैं.

ये भी पढ़ें:- दिल्ली में 16 साल की लड़की से गैंगरेप और हत्या, 50 से ज्यादा CCTV से पकड़े 4 आरोपी

फिलहाल कालकाजी मामले में एक आरोपी आसिफ पुलिस की गिरफ्त में है. दो आरोपी फरार हैं. पुलिस उनकी तलाश कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है.

वीडियो: दिल्ली में बस के अंदर एक बार फिर गैंगरेप, ड्राइवर और कंडक्टर गिरफ्तार

Advertisement