पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के घायल होने की खबर आ रही है. तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने अपने ट्विटर हैंडल से इस बात की जानकारी दी है. TMC ने ममता की तस्वीरें शेयर की हैं, जिनमें साफ दिख रहा है कि ममता बुरी तरह चोटिल हो गई हैं. ममता के सिर पर चोट आई है. तस्वीरों में उनके माथे पर चोट का गहरा निशान दिखाई दे रहा है और खून भी बह रहा है.
ममता बनर्जी घायल, तस्वीर में माथे से निकल रहा खून, क्या हो गया?
Mamata Banerjee को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. TMC ने ट्विटर पर उनकी तस्वीरें शेयर कीं. उनके माथे पर गहरी चोट लगी है.

TMC ने चोटिल ममता की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि मुख्यमंत्री ममता गंभीर रूप से घायल हो गई हैं, कृपया उनके लिए प्रार्थना करें.

इंडियन एक्सप्रेस ने TMC के एक सीनियर नेता के हवाले से लिखा है कि ममता अपने घर पर ही चोटिल हुईं. TMC नेता के मुताबिक,
"वह अपने ड्राइंग रूम में टहल रही थी तभी अचानक उसका पैर फिसल गया और वह नीचे गिर गई और उसका सिर एक कांच के शोकेस से टकरा गया. इससे उसके माथे पर गहरा घाव हो गया और काफी खून बहने लगा.”
हालांकि, पश्चिम बंगाल सरकार या तृणमूल कांग्रेस की तरफ से आधिकारिक तौर पर नहीं बताया गया है कि ममता कैसे चोटिल हुईं. कोलकाता से आ रही खबरों के मुताबिक ममता को SSKM अस्पताल में भर्ती कराया गया. उपचार के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई. अस्पताल में उनके भतीजे और TMC सांसद अभिषेक बनर्जी भी मौजूद रहे.
ममता के चोटिल होने की खबर आने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर उनके लिए स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की. पीएम मोदी ने लिखा -
मैं ममता दीदी के शीघ्र स्वस्थ होने और सर्वोत्तम स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना करता हूं.
पश्चिम बंगाल कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और सांसद अधीर रंजन चौधरी ने भी ममता के लिए ट्वीट किया. उन्होंने ममता के जल्दी ठीक होने कामना की.
ममता पिछले साल भी एक दुर्घटना में चोटिल हो गई थीं. जून, 2023 में ममता बनर्जी के पैर में चोट लग गई थी. जब खराब मौसम के कारण उनके हेलीकॉप्टर को सिलीगुड़ी के पास सेवोके एयरबेस पर आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी थी. उनके बाएं घुटने के जोड़ और बाएं कूल्हे लिगामेंट इंजरी हो गई थी.
वीडियो: ममता बनर्जी ने कांग्रेस को घेरा, किस सीट पर बीजेपी को हराने की चुनौती दे डाली?










