The Lallantop

पार्टी में शराब कम पड़ गई तो दोस्तों ने बर्थडे बॉय को चौथी मंजिल से फेंका, मौत हो गई

घटना महाराष्ट्र के कल्याण ज़िले के चिंचपाड़ा गांव की है. गुरुवार, 27 जून को घटी. मृतक का नाम कार्तिक वायल है. अदालत ने आरोपियों को 3 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है.

Advertisement
post-main-image
महाराष्ट्र पुलिस की सांकेतिक तस्वीर.

महाराष्ट्र के कल्याण में एक 25 साल के लड़के को कथित तौर पर उसके दोस्तों ने चौथी मंजिल से फेंक दिया. इससे लड़के की मौत हो गई. बताया गया कि उसने कथित तौर पर अपने जन्मदिन पर दोस्तों को पर्याप्त शराब नहीं पिलाई, इसीलिए उन्होंने उसे चौथी मंज़िल से नीचे फेंक दिया.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

हिंदुस्तान टाइम्स की एक ख़बर के मुताबिक़, घटना कल्याण ज़िले के चिंचपाड़ा गांव की है. गुरुवार, 27 जून को घटी. मृतक का नाम कार्तिक वायल है. उसने अपने 25वें जन्मदिन के जश्न के लिए अपने तीन दोस्तों - नीलेश क्षीरसागर, सागर काले और धीरज यादव - को आमंत्रित किया था.

मामले की जांच कर रहे एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि जब देर रात शराब ख़त्म हो गई, तो चारों शराब की कमी को लेकर झगड़ने लगे. बहस बढ़ी और बिगड़ गई. कार्तिक ने अपमानित महसूस किया और उसने नीलेश के सिर पर शराब की एक बोतल फोड़ दी. फिर तीनों से कहा कि वो घर चले जाएं.

Advertisement

घटनाक्रम को लेकर पुलिस ने बताया,

इसके बाद कार्तिक अपने बेडरूम में जाकर सो गया. नीलेश, सागर और धीरज ग़ुस्से में उसके कमरे में गए, उसे बालकनी में ले गए और नीचे फेंक दिया. गिरने से कार्तिक को गंभीर चोटें आई थीं और वो ख़ून से लथपथ पड़ा था.

जब कार्तिक के परिवार को इस घटना के बारे में पता चला और पुलिस को सूचित किया गया, तो तीनों दोस्तों ने एक कहानी गढ़ी. उन्होंने पुलिस को बताया कि कार्तिक ने नीलेश के सिर पर बोतल मारी और वो सब उसी को लेकर अस्पताल गए थे. तो उन्हें नहीं पता कि कार्तिक बालकनी से कैसे गिरा.

Advertisement

ये भी पढ़ें - पत्नी से झगड़ा हुआ तो 2 साल के बच्चे को बालकनी से फेंक दिया, फिर खुद भी नीचे कूद गया

कार्तिक के परिवार ने पुलिस से गहन जांच करने की अपील की है. जांच के बाद पार्टी में हुई असल घटना सामने आई. आरोपियों ने विरोधाभासी बयान दिए थे. इससे कार्तिक की मौत के बारे में संदेह पैदा हुआ. उल्हासनगर पुलिस ने अब नीलेश, सागर और धीरज के ख़िलाफ़ हत्या का मामला दर्ज किया है.

विट्ठलवाड़ी पुलिस थाने के इंस्पेक्टर अनिल पडवाल ने बताया कि आरोपियों को अदालत ने 3 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है. आगे की जांच जारी है.

वीडियो: खर्चा-पानी: अडानी-हिंडनबर्ग के मामले में कोटक महिंद्रा का नाम कहां से आया?

Advertisement