मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में एक लड़के ने आत्महत्या की. आत्महत्या से पहले एक वीडियो रिकॉर्ड किया. उस वीडियो में बताया कि पुलिस से तंग आकर वो आत्महत्या कर रहा है. इस लड़के ने वीडियो में कहा कि पुलिस झूठे मामले में फंसाने की धमकी दे रही है. लड़के से पहले भी एक अधिकारी पैसे ले चुका है और अभी पांच लाख और मांगे जा रहे हैं, ये वीडियो सोशल वीडियो पर वायरल हो गया. वीडियो में आत्महत्या करने से पहले लड़के ने कहा, 'मेरे भाइयों को कुछ हुआ, तो मोदी जी और शिवराज मामा जानें.'
खुदकुशी से पहले वीडियो रिकॉर्ड करते हुए लड़के ने सीएम और पीएम का नाम क्यों लिया?
मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले का मामला है.

मौक़े पर पहुंचे एडिशनल एसपी ने थाना प्रभारी और एसआई को सस्पेंड कर दिया.
# क्या है पूरा मामला
मध्य प्रदेश का राजगढ़ ज़िला. इस ज़िले के मलावर थाने में कुछ समय पहले नाबालिग लड़की के अपहरण और रेप के मामले में एक लड़के को अरेस्ट किया गया. आरोपी लड़के ने घटना में जिस बाइक का इस्तेमाल किया था, वो अपने मामा से मांगकर लाया था. बाइक के मालिक के तौर पर मामा का नाम भी मामले में पुलिस ने लिख लिया. अब यही नाम हटाने के मामले में थाने के अधिकारी पर आत्महत्या करने वाले लड़के ने पैसे लेने का आरोप लगाया है.
इस वायरल वीडियो में कहा गया है कि मलावर थाने के ASI ने पैसे मांगे थे. कुछ रुपए ले भी लिए थे. रुपए के लिए पुलिस ने मारपीट भी की थी, ऐसा कहा गया है. और जब इतने पैसे न दे पाने की बात बताई, तो पुलिस ने आत्महत्या करने वाले को झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी. लड़के का कहना है कि इसी से तंग आकर वो सुसाइड कर रहा है और अब इसके अलावा कोई रास्ता नहीं है. लड़के ने वीडियो में कहा कि इस वीडियो को सीएम शिवराज और पीएम मोदी तक शेयर करके पहुंचाएं और मेरे घरवालों को पैसे वापस दिलवाएं.

मामले में पुलिस ने एक अधिकारी को सस्पेंड किया है. थाना प्रभारी को भी जांच होने तक सस्पेंड किया गया है.
# क्या कहा वीडियो में ?
वायरल वीडियो में लड़के ने कहा कि-
मलावर थाने के शर्मा पुलिसवाले, बीईओ और देवी सिंह सरपंच ने रुपए मांगे. मुझे पीटा. तीस हज़ार लिए खाने के लिए और बाक़ी के लिए एक लाख और मांगे. मैं कहां से दूं, इसलिए मरने का सोच लिया है. मेरे घरवालों को दिक्कत करने की ज़रूरत नहीं. उनकी कोई ग़लती नहीं है.
घरवालों ने मुझसे कहा कि एक लाख लग चुके हैं और लगेंगे. ज़मीन बिक जाएगी और क्या होगा? मैंने सोचा कि ज़मीन बिक जाएगी, तो मेरे भाई क्या खाएंगे? मेरे भाई को दिक्कत नहीं आनी चाहिए. पैसे देते समय जब मैंने रिकॉर्डिंग की, तो मुझसे मोबाइल छुड़ा लिया और मुझे मारा. कहा कि एक लाख और देना, तब नाम हटा देंगे. मेरा मोबाइल, गाड़ी सब रख लिया. मेरे घरवालों को शासन से पैसे दिलवाइए.
# पुलिस क्या कहती है?
मामले में रायगढ़ एएसपी नवल सिंह सिसोदिया ने कहा कि थाने में एक मामला 376 के तहत दर्ज हुआ था. इसमें एक आरोपी ये रिश्तेदार भी था. इसकी बाइक घटना में इस्तेमाल हुई थी. इसलिए पूछताछ के लिए बुलाया गया था. सुसाइड करने से पहले रिकॉर्ड हुआ वीडियो देख लिया गया है. ऐसे में हमने एएसआई शर्मा को सस्पेंड कर दिया है. साथ ही जांच होने तक थाना प्रभारी को भी सस्पेंड किया गया है.
# भाई ने क्या कहा?
सुसाइड करने वाले लड़के के भाई ने कहा,
'वन स्टार (एएसआई) ने भाई से पैसे लिए. मेरे भाई की गाड़ी थाने ले गए पहले. इसके बाद पुलिस ने पहले 30 हज़ार रुपए लिए और पैसा भी देने की मांग की. भाई ने तीस हज़ार देते हुए मोबाइल में रिकॉर्डिंग कर ली. तो पुलिस ने थाने में भाई को लात-घूंसे, डंडे से पीटा. मोबाइल छीनकर वीडियो डिलीट कर दिया और मोबाइल भी रख लिया. इन्हीं सबसे तंग आकर भाई ने सुसाइड किया है. पुलिस लगातार फोन करके और पैसा देने के लिए धमका रही थी. हम लोग पैसे कहां से देते.'
फ़िलहाल मामले में पुलिस जांच हो रही है. स्थानीय नेता और परिवार के लोग मामले में सीएम और पीएम की तरफ़ से न्याय का आश्वासन चाहते हैं.
ये वीडियो भी देखें:













