भरतनाट्यम और कुचिपुड़ी डांसर अमरनाथ घोष की अमेरिका में गोली मारकर हत्या कर दी गई है. ये जानकारी टीवी एक्टर देवोलीना भट्टाचार्जी ने सोशल मीडिया पर दी है. अमरनाथ उनके दोस्त थे. देवोलीना ने अमेरिका में भारतीय दूतावास, विदेश मंत्री एस जयशंकर और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अमरनाथ के शव को भारत लाने में मदद की अपील की है.
चर्चित भरतनाट्यम डांसर अमरनाथ घोष की अमेरिका में गोली मारकर हत्या
Amarnath Ghosh भरतनाट्यम और कुचिपुड़ी के चर्चित डांसर थे. कुचिपुड़ी के लिए उन्हें भारत सरकार की तरफ से स्कॉलरशिप भी मिली थी.

देवोलीना भट्टाचार्जी ने सोशल मीडिया पर अमरनाथ की मौत से जुड़ी जानकारी साझा की है. उन्होंने लिखा,
“मंगलवार (27 फरवरी) की शाम को मिसौरी के सेंट लुईस में मेरे दोस्त अमरनाथ घोष की हत्या कर दी गई थी. वो अपने परिवार में अकेला था. बचपन में ही अमरनाथ के पिता की मृत्यु हो गई थी. तीन साल पहले अमरनाथ की मां भी नहीं रहीं थी. अमरनाथ की मौत की वजह सामने नहीं आई है. उनके कुछ दोस्तों के अलावा परिवार से कोई इस लड़ाई को लड़ने के लिए नहीं बचा है.”
देवोलीना ने लिखा कि अमरनाथ कोलकाता से थे. एक बेहतरीन डांसर जो PhD कर रहे थे. शाम की सैर करते वक्त अचानक उन पर अज्ञात हमलावरों ने गोली बरसा दी. अमेरिका में उनके दोस्त शव को लेने की कोशिश में लगे हैं. लेकिन अभी तक इस बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है. देवोलीना ने भारतीय दूतावास, एस जयशंकर और पीएम मोदी को टैग करते हुए लिखा कि कम से कम अमरनाथ घोष की हत्या की वजह पता होनी चाहिए.
शिकागो में भारतीय दूतावास ने अमरनाथ की हत्या पर शोक जताया है. दूतावास ने लिखा,
"अमरनाथ घोष के परिवार और दोस्तों के प्रति हमारी संवेदना है. हम फोरेंसिक और पुलिस जांच को देख रहे हैं और मदद कर रहे हैं."
बीते कुछ समय में अमेरिका में रह रहे भारतीय और भारतीय मूल के लोगों की मौत से जुड़ी कई खबरें सामने आ चुकी हैं. इस साल ये आठवां मौका है, जब अमेरिका में किसी भारतीय या भारतीय मूल के व्यक्ति की मौत हुई है.
देवोलीना भट्टाचार्जी के इस ट्वीट पर कई लोगों ने अपनी प्रतिक्रियाएं रखी हैं.
नजीर वानी नाम के यूजर ने लिखा,
हर दिन हम ऐसी हत्याएं देखते हैं. अमेरिका में भारतीयों, खासकर छात्रों और युवाओं के खिलाफ ये नफरत क्यों है?

शिबानी नाम की यूजर ने लिखा,
ये बहुत दुखद है. मुझे लगता है कि वो एक बहुत अच्छे क्लासिकल डांसर थे. अमेरिका में गोलीबारी की घटनाएं बहुत आम हो गई हैं.

अर्पिता समनता लिखती हैं,
मैं भी उन्हें बचपन से जानती हूं. लेकिन काफी दिनों से संपर्क में नहीं हूं. ये स्वीकार्य नहीं है. हमें न्याय के लिए लड़ने की जरूरत है. कम से कम सच्चाई जानने का हक है.

ये भी पढ़ें- अमेरिका में एक और भारतीय की हत्या, PhD कर रहे छात्र को कार में मारी गोली
कई अवॉर्ड से सम्मानित हुएअमरनाथ घोष की वेबसाइट के मुताबिक, उन्हें कुचिपुड़ी के लिए भारत सरकार की तरफ से स्कॉलरशिप भी मिली थी. इसके अलावा देश में उन्हें कई अवॉर्ड्स से भी सम्मानित किया गया था. कालक्षेत्र कॉलेज ऑफ फाइन आर्ट्स, चेन्नई से उन्होंने भरतनाट्यम में डिप्लोमा किया था.
वीडियो: अमेरिका में भारतीय छात्र पर चाकू से हमला, खून से सना वीडियो सामने आया











