कर्नाटक के बेलगावी में दो गुटों में झड़प हो गई है. यह झड़प गली क्रिकेट में हुए विवाद के चलते हुई. इस झड़प में आठ लोग घायल हो गए हैं. घायलों का इलाज बिम्स अस्पताल में चल रहा है. जिन दो गुटों के बीच झड़प हुई वो दो अलग-अलग समुदाय के बताए जा रहे हैं. फिलहाल स्थिति नियंत्रण में हैं. लेकिन एहतियात के तौर पर घटनास्थल पर पुलिस की तैनाती की गई है.
कर्नाटक के बेलगावी में गली क्रिकेट के दौरान भिड़े दो समुदाय, आठ लोग घायल
कर्नाटक के बेलगावी में दो गुटों में झड़प हो गई है. यह झड़प गली क्रिकेट में विवाद के चलते हुई. इस झड़प में आठ लोग घायल हो गए हैं. जिन दो गुटों के बीच झड़प हुई वो दो अलग-अलग समुदाय के बताए जा रहे हैं.

दरअसल कर्नाटक के बेलगावी में शाहपुर शहर के अनावाला लेन में युवाओं ने क्रिकेट मैच का आयोजन किया था. मैच के दौरान दोनों टीमों में किसी बात पर विवाद हो गया. देखते-देखते दोनों टीमों के बीच विवाद ने भयानक मोड़ ले लिया. दोनों टीमों के लोग आपस में भिड़ गए. और दोनों तरफ से पत्थरबाजी भी होने लगी. मामला बिगड़ता देख स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचित किया. पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया. इस मारपीट को रोकने में एक पुलिस कांस्टेबल भी घायल हो गया है.
इस मामले को लेकर शाहपुर थाने में दो केस दर्ज किए गए हैं. एक समुदाय के 13 और दूसरे समुदाय के 14 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है. पुलिस ने इन पर IPC की धारा 143 (गैर कानूनी तौर पर किसी स्थान पर सामूहिक रूप से जमा होने के लिए), धारा 147 (दंगा करने वालों के लिए सजा) और धारा 148 (घातक हथियार से लैस होकर दंगा के लिए) सहित कई अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है. खबरों के मुताबिक पुलिस ने दोनों गुटों से पांच-पांच लोगों को गिरफ्तार भी किया है.
ये भी पढ़ें - कर्नाटक सेक्स स्कैंडल: HD रेवन्ना अरेस्ट, पूर्व PM देवगौड़ा के घर से ले गई पुलिस
इससे पहले 17 मार्च को कर्नाटक में कथित तौर पर अजान के वक्त हनुमान चालीसा बजाने को लेकर कुछ लोगों की एक दुकानदार से झड़प हो गई थी. बेंगलुरु के जुमा मस्जिद रोड स्थित सिद्दन्ना गली में मोबाइल की दुकान चलाने वाले मुकेश कथित तौर पर हनुमान चालीसा बजा रहे थे. इस दौरान चार-पांच युवक उनकी दुकान पर आए और उन्हें गाना बंद करने के लिए कहा. इसे लेकर उनकी दुकानदार से बहस हुई जो मारपीट तक पहुंच गई.
वीडियो: कर्नाटक विधानसभा में लगे पाकिस्तान के समर्थन में नारे, फॉरेंसिक रिपोर्ट में पुष्टि













