थरूर ने कमल हासन की बात का समर्थन किया था. बस वहीं से बात बिगड़ी. फोटो - इंस्टाग्राम
कंगना रनौत ने फिर ट्विटर पर 'राय' ज़ाहिर की है. इस बार उनके निशाने पर थे शशि थरूर. पर इसका वास्ता सीधे-सीधे थरूर से भी नहीं है. बल्कि, कमल हासन से है. दरअसल, शशि थरूर ने एक ट्वीट किया. कमल हासन के एक आइडिया को सपोर्ट करते हुए. ट्वीट में लिखा,
मैं कमल हासन के आइडिया का स्वागत करता हूं जिसमें उन्होंने कहा है कि घर के काम को सैलरीड प्रोफेशन का दर्जा दिया जाना चाहिए. राज्य सरकारों को इसके लिए घर का काम करने वाली महिलाओं को मासिक भत्ता देना चाहिए. इससे घर में काम करने वाली महिलाओं के काम को पहचान और उनकी सेवाओं का मुद्रीकरण होगा. जिससे उनकी शक्ति में वृद्धि होगी और यूनिवर्सल बेसिक इंकम के नज़दीक पहुंचने में मदद मिलेगी.
कंगना इस विचार से सहमत नहीं दिखीं. जवाब में ट्वीट किया,
हमारे प्यार पर कोई प्राइस टैग मत लगाइए. अपनों का ख्याल रखने के लिए हमें किसी भुगतान की ज़रूरत नहीं. हमें अपने घर की छोटी सी दुनिया की रानी बनने के लिए सैलरी की ज़रूरत नहीं. हर चीज़ को बिज़नेस की तरह देखना बंद कीजिए. अपनी महिला के लिए पूरी तरह समर्पित हों क्यूंकि उसे पूरी तरह आपकी ज़रूरत है. केवल आपके प्यार, सम्मान या सैलरी की नहीं.
इसके बाद एक यूज़र ने कंगना से सवाल किया. पूछा कि आपको नहीं लगता कि इससे घर में काम करने वाली महिलाओं की मेहनत को पहचान मिलेगी. कंगना ने जवाब दिया. लिखा,
ये बहुत बुरा है. आप एक तरह से घर की मालकिन को घर की नौकर बना रहे हैं. मां के त्याग और कमिटमेंट पर एक प्राइस टैग लगा रहे हैं. ये वैसा ही है जैसे आप भगवान को उसकी रचना के लिए पैसे देना चाहते हों. क्यूंकि आपको अचानक उसकी मेहनत पर दया आने लगी. ये सोच दुखदायी भी है और फनी भी.
बता दें कि पिछले साल दिसम्बर में कमल हासन ने एक वादा किया था. घर में काम करने वाली महिलाओं के काम को पहचान दिलाने का. आगे कहा कि ऐसा तभी हो सकता है जब उनकी पार्टी MNM 2021 के तमिलनाडु असेंबली इलेक्शन जीत सके.