कबीर बेदी ने अपनी जिंदादिली को एक बार फिर साबित करते हुए 70वें जन्मदिन पर अपनी गर्लफ्रेंड परवीन दुसांज से शादी कर ली. ये कबीर बेदी की चौथी शादी है. 16 जनवरी को कबीर 70 के हुए. और एक दिन पहले यानी 15 जनवरी को ब्याह कर के कबीर ने खुद दिया ये तोहफा. परवीन 42 साल की हैं.
"मैं हर उस इंसान को शुक्रिया कहना चाहता हूं जिसने मुझसे प्यार किया है, मुझे बधाई दी, मुझे सराहा, और मेरे लिए हमेशा अच्छे की कामना की. मैं उम्मीद करता हूं कि उनकी उम्मीदों पर खरा उतर पाऊंगा. यकीन मानिए आने वाले समय बहुत अच्छा होगा." कबीर ने कहा .
कबीर और परवीन ने 14 जनवरी को गुरुद्वारे जा कर दुआ मांगी, और 15 जनवरी को कर ली शादी. शादी में सिर्फ करीबी दोस्त और रिश्तेदार आए. लल्लन शादी में तो गया नहीं. पर गुलशन ग्रोवर की बात सुनकर खुश हो गया है. "मैं कबीर की बहुत इज्जत करता हूं. इस इंडस्ट्री के सबसे प्यारे इंसान है वो. मैं उनको दिल से बधाई देते हुए उनके लिए 10 और शादियों की कामना करता हूं." पिछले कई सालों से परवीन कबीर की जानेमन थीं. फाइनली दोनों ने शादी करना तय कर लिया. ये रही वो तस्वीरें जो परवीन ने ट्विटर पर लगाईं.
पूजा बेदी का ट्वीट भी इंट्रेस्टिंग था. ट्वीट में उन्होंने लिखा, "हर परियों की कहानी में एक बुरी सौतेली मां होती है. और मेरी वाली घर आ चुकी है." पर उन्होंने ये ट्वीट डिलीट कर दिया. ट्वीट मजाकिया था या सीरियस ये तो पूजा ही जानें. बहरहाल, उनकी लेटेस्ट मम्मी उनसे चार साल छोटी हैं.
कबीर इससे पहले तीन शादियां और कर चुके हैं. सबसे पहली वाइफ और पूजा की मम्मी थीं ओडिसी डांसर प्रोतिमा बेदी. दूसरी पत्नी ब्रिटिश मॉडल सूसन हम्फ्रीज थी. और तीसरी थी रेडिओ और टीवी प्रेजेंटर निकी बेदी जिनसे कबीर ने 2005 में तलाक लिया था.