The Lallantop

जम्मू कश्मीर: सुरक्षाबलों ने पुलवामा के लस्सीपोरा में लश्कर के 4 आतंकियों को मार गिराया

2 से 3 आतंकी और छिपे हो सकते हैं, जिनकी तलाशी जारी है...

Advertisement
post-main-image
पुलवामा में सुरक्षाबलों ने 4 आतंकियों को मार गिराया (फाइल तस्वीर)
सोमवार सुबह-सुबह ही जम्मू कश्मीर के पुलवामा से बड़ी खबर आई. खबर ये कि सुरक्षाबलों ने लश्कर-ए-तैयबा के 4 आतंकियों मार गिराया है. सुरक्षाबलों ने ये कार्रवाई आतंकियों के छिपे होने की पुख्ता खबर मिलने के बाद की. पुलवामा जिले के लस्सीपोरा में सीआरपीएफ की 44 आर बटालियन, सेना और एसओजी ने आतंकियों के खिलाफ ज्वाइंट ऑपरेशन चला रखा है. अभी 4 आतंकियों के मारे जाने के बाद कुछ और आतंकियों की भी छिपे होने की भी खबर है. जिसे लेकर पूरे इलाके में लगातार तलाशी चल रही है. सुरक्षाबलों ने  मारे गए आतंकियों के पास से 2 एके 47 राइफल, 1 एसएलआर और एक पिस्टल बरामद किया है. सूत्रों के मुताबिक लस्सीपोरा में आतंकवादियों के छिपे होने की खबर मिलने के बाद सुरक्षाबलों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया. फिर संदिग्धों को जैसे ही सुरक्षाबलों ने बाहर निकलने के लिए कहा कि उन्होंने गोलीबारी शुरू कर दी. जिसके बाद सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच लंबी फायरिंग चली. इससे एक दिन पहले यानी रविवार को भी जम्मू कश्मीर के राजौरी में भारी गोलाबारी हुई. एलओसी इलाके में पाकिस्तान की तरफ से गोलाबारी करने के बाद भारत की तरफ से जवाबी हमला किया गया. रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल देवेंद्र आनंद ने बताया कि पाकिस्तानी सैनिकों ने नौशेरा सेक्टर में कई राउंड मोर्टार दागे जिसके बाद भरतीय सैनिकों ने करारा जवाब दिया.

Advertisement
Advertisement