The Lallantop

'दुनिया में कौन ऐसा करता है...', इजरायली सेना ने 7 महीने के मासूम की गोली मारकर हत्या कर दी, माता-पिता भी जख्मी

IDF Kills Child: आरोप है कि Israeli Army ने एक कार पर गोलीबारी की. इस हमले में सात महीने के एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता घायल हो गए. बच्चे की मां की हालत गंभीर बनी हुई है. अक्टूबर 2023 में गाजा पर इजराइली हमले शुरू होने के बाद से 21,000 से ज्यादा फिलिस्तीनी बच्चे मारे गए हैं.

Advertisement
post-main-image
वेस्ट बैंक में इजरायली सैनिकों की गोलीबारी में एक बच्चे की मौत हो गई. (सांकेतिक फोटो: इंडिया टुडे)

इजरायली सैनिकों ने वेस्ट बैंक में एक सात महीने के फिलिस्तीनी बच्चे की गोली मारकर हत्या कर दी. फिलिस्तीनी स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह जानकारी दी. आरोप है कि इजरायली सैनिकों ने एक कार पर गोलीबारी की. इस हमले में बच्चे की मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता घायल हो गए. बच्चे की मां की हालत गंभीर बनी हुई है. इजरायली सेना ने माना है कि घायल हुए लोग बेकसूर फिलिस्तीनी नागरिक थे.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

फिलिस्तीनी न्यूज एजेंसी WAFA के मुताबिक, स्वास्थ्य मंत्रालय ने बच्चे की पहचान ‘सैम फहद अबू हैकल’ के तौर पर की है. शुक्रवार, 5 जून की शाम को फिलिस्तीन में हेब्रोन के तेल रुमैदा इलाके में अपने माता-पिता के साथ यात्रा करते समय उसकी हत्या कर दी गई. परिवार अपने रिश्तेदारों से मिलने जा रहा था, तभी इजरायली सैनिकों ने उनकी गाड़ी पर गोलीबारी कर दी. 

पिता ने क्या बताया?

बच्चे के पिता फहद अबू हैकल बेथलहम यूनिवर्सिटी में लेक्चरर हैं. उनके हाथ में गोली लगी है. इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, फहद ने पत्रकारों से बताया,

Advertisement

"एक गोली कार के विंडशील्ड से टकराई और मेरे हाथ, फिर मेरे बेटे और पत्नी को जा लगी. यह (गोली) मेरे बच्चे के चेहरे में दाहिनी ओर से घुसी और बाईं ओर से बाहर निकल गई, फिर सीधे उसकी मां के चेहरे पर लगी और दूसरी तरफ से निकल गई, जिसके छर्रे उसके दिल के पास फंस गए."

उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी की हालत गंभीर बनी हुई है क्योंकि गोली के टुकड़े उनके दिल के पास फंसे हुए हैं.

'दुनिया में कौन सी सेना ऐसा करती है?'

गोलीबारी के समय बच्चे की दादी फेरयाल अबू हैकल भी गाड़ी में ही थीं. उन्होंने बताया कि दूर से इजरायली सेना की गाड़ियां और सैनिक दिखाई देने पर परिवार ने गाड़ी धीमी की और एक चेकपॉइंट के पास रोक दी. उनके मुताबिक, इसके कुछ ही देर बाद गोलीबारी शुरू हो गई. उन्होंने कहा, 

Advertisement

“सात महीने के बच्चे का चेहरा बुरी तरह कुचला हुआ देखना बहुत भयानक मंजर था. दुनिया में ऐसी कौन सी सेना है जो ऐसा करती है? मेरे पोते के साथ जो हुआ, उसे आसानी से भुलाया नहीं जा सकता.”

इजरायली सेना ने क्या बताया? 

इजरायल डिफेंस फोर्स (IDF) ने कहा कि शुरुआती जांच में पता चला है कि घायल हुए लोग आम नागरिक थे. उन्होंने कहा कि सैनिकों ने हेब्रोन इलाके में एक गाड़ी पर गोली चलाई, जो उनकी तरफ तेजी से आ रही थी. मिलिट्री के मुताबिक, सैनिकों ने एक ही गोली चलाई, जिससे तीन फिलिस्तीनी घायल हो गए, जिन्हें बाद में इलाज के लिए ले जाया गया. सेना ने कहा कि घटना की जांच की जा रही है. इजरायली सेना ने इस घटना पर दुख जताया है.

IDF
IDF का पोस्ट. (X)
IDF ने पहले भी बच्चों को गोलियों से मारा

यह ताजा गोलीबारी मार्च 2026 में हुई एक और जानलेवा घटना के कुछ महीनों बाद हुई है, जब फिलिस्तीनी अधिकारियों ने बताया था कि इजरायली सैनिकों ने उत्तरी वेस्ट बैंक में एक परिवार की कार पर गोली चलाई थी, जिसमें दो बच्चों समेत चार लोगों की मौत हो गई थी.

ये भी पढ़ें: 'ईंट फेंक रहा था इसलिए...' 16 साल के फिलिस्तीनी लड़के को इजरायली सैनिकों ने मारी गोली, मौत

इजरायल ने 7 अक्टूबर, 2023 को हमास के हमले के बाद से वेस्ट बैंक में मिलिट्री ऑपरेशन बढ़ा दिए हैं. इस हमले में करीब 1,200 लोग मारे गए थे और 251 लोग बंधक बनाए गए थे, जिससे गाजा में युद्ध शुरू हो गया था. फिलिस्तीनी सेंट्रल ब्यूरो ऑफ स्टैटिस्टिक्स (PCBS) के आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर 2023 में गाजा पर इजरायली हमले शुरू होने के बाद से 21,000 से ज्यादा फिलिस्तीनी बच्चे मारे गए हैं और 44,000 से ज्यादा घायल हुए हैं.

वीडियो: दुनियादारी: गजा पर कब्जे को लेकर इज़रायल का अगला प्लान क्या है?

Advertisement