The Lallantop

ईरान के राष्ट्रपति की मौत में मोसाद का हाथ? इजरायल के अधिकारी ने सफाई दे दी

चूंकि इस वक़्त और आधुनिक इतिहास के ज़्यादातर वक़्त ईरान और इज़रायल का छत्तीस का आंकड़ा रहा है, इसीलिए ईरानी राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी (Ebrahim Raisi) की मौत में इज़यारल की ख़ुफ़िया एजेंसी मोसाद का नाम आया.

Advertisement
post-main-image
पूर्व ईरानी राष्ट्रपति इब्राहिम रायसी (फोटो - एपी)

एक हेलिकॉप्टर क्रैश में ईरान के राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी (Ebrahim Raisi) की मौत हो गई है. चूंकि इस वक़्त और आधुनिक इतिहास के ज़्यादातर वक़्त ईरान और इज़रायल (Israel) का छत्तीस का आंकड़ा रहा है, इसीलिए ईरानी राष्ट्रपति की मौत में इज़यारल की ख़ुफ़िया एजेंसी मोसाद (Mossad) का नाम आया. अब इज़रायल की तरफ़ से सफ़ाई आ गई है. नाम न छापने की शर्त पर एक इज़रायली अफ़सर ने अंतरराष्ट्रीय न्यूज़ एजेंसी रॉयटर्स से कहा - ‘हमने नहीं किया’.

Advertisement

हेलिकॉप्टर में राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी, विदेश मंत्री होसैन अमीराब्दुल्लाहियन, अज़रबैजान के पूर्व-गवर्नर मालेक रहमती, अजरबैजान में ईरान के पूर्वी सर्वोच्च नेता के प्रतिनिधि अयातुल्ला मोहम्मद अली आले-हाशेम समेत छह और लोग सवार थे. चालक मिलाकर कुल आठ लोग.

ये भी पढ़ें - हेलीकॉप्टर हादसे में इब्राहिम रईसी की मौत, ये बड़े नेता भी हुए हैं विमान हादसों के शिकार

Advertisement

भारत के समयानुसार शनिवार, 19 मई की शाम ख़बर आई कि घने कोहरे और बर्फ़ीले तूफ़ान वाले पहाड़ी इलाक़े में उनका हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया. घटना का भान होते ही रेस्क्यू टीम पहुंची. ईरान के सरकारी टेलीविज़न चैनल के हवाले से ही ख़बर आती रही. पहले ख़बर आई कि दुर्घटनाग्रस्त हेलिकॉप्टर का मलबा बरामद हो चुका है, लेकिन इब्राहिम रईसी की स्थिति पर संशय बरक़रार है. बाद में ईरानी राज्य मीडिया IRNA ने ही मौत की पुष्टि की. रिपोर्ट किया कि रात भर की खोज के बाद ईरानी राष्ट्रपति और अन्य लोगों के जले हुए शव पाए गए. इसके बाद देश ने आधिकारिक तौर पर अपने नेता की मृत्यु की घोषणा की, और बताया कि दुर्घटना ख़राब मौसम के चलते हुई है.

मगर इज़रायल-हमास के बीच चल रही जंग की वजह से ऐसी दुर्घटना में इज़यारल का नाम आना प्रत्याशित था. सबूतों के बकौल या थियरी के.

ईरान ने मौजूदा संघर्ष में हमास का समर्थन किया था और तेहरान के लेबनानी शिया चरमपंथी समूह हिजबुल्लाह का भी, जो इज़रायल के साथ सीधे संघर्ष में हैं. फिर पिछले महीने ईरान और इज़रायल का ‘शैडो वॉर’ ख़त्म हो गया. दोनों तरफ़ से खुले तौर पर ड्रोन और मिसाइल हमले किए गए.

Advertisement

ये भी पढ़ें - ईरान का इजरायल पर पलटवार, सीधे 'मोसाद के ठिकाने' पर ही मिसाइलों से हमला कर दिया

अमेरिका के रक्षा सचिव लॉयड ऑस्टिन ने कहा कि उन्हें हेलीकॉप्टर क्रैश की वजह के बारे में बहुत जानकारी नहीं है. उनके मुताबिक़, ज़रूरी नहीं कि इस हादसे से क्षेत्रीय सुरक्षा पर कोई व्यापक असर दिखे. इस बीच वॉइट हाउस की तरफ़ से प्रतिक्रिया आई कि मरे हुए ईरानी राष्ट्रपति के ‘हाथ ख़ून से रंगे हुए’ थे, क्योंकि उन्होंने चरमपंथियों का समर्थन करते थे.

ईरान के सर्वोच्च नेता ख़ामेनेई ने मोहम्मद मोखबर को अंतरिम राष्ट्रपति घोषित कर दिया है, जो पहले उपराष्ट्रपति थे. हादसे की उच्च स्तरीय जांच भी शुरू कर दी गई है.

वीडियो: दुनियादारी: ईरान क्रैश के पीछे कौन, क्या साज़िश का शिकार हुए इब्राहिम रईसी?

Advertisement