The Lallantop

इरफ़ान के शव का वर्सोवा कब्रिस्तान में अंतिम संस्कार हुआ, 20 लोग शामिल हुए

चार दिन पहले ही इरफ़ान की मां का निधन हुआ था.

Advertisement
post-main-image
इरफान खान शूटिंग के दौरान टचअप करवाते हुए. फाइल फोटो.

एक्टर इरफ़ान को आखिरी विदाई दे दी गई है. मुंबई के वर्सोवा के कब्रिस्तान में आज (29 अप्रैल) दोपहर 3 बजे उनका अंतिम संस्कार किया गया. उनके निधन की खबर आने के कुछ ही घंटों बाद.

Advertisement

रिपोर्ट्स के मुताबिक, अंतिम संस्कार में केवल इरफ़ान के परिवार वाले, करीबी दोस्त और रिश्तेदार ही शामिल हुए. करीब 20 लोग मौजूद रहे होंगे. फिल्म इंडस्ट्री के बाकी लोगों को लॉकडाउन की वजह से शामिल होने की परमिशन नहीं दी गई थी. हर किसी ने इरफ़ान को आखिरी विदाई दी. उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की.

क्या हुआ था इरफान को?

Advertisement

2018 में इरफ़ान को न्यूरोएंडोक्राइम ट्यूमर डायग्नोज़ हुआ था. एक साल तक लंदन में इलाज कराने के बाद वो फरवरी 2019 में इंडिया लौटे थे. लौटते ही वो अपनी फिल्म ‘अंग्रेज़ी मीडियम’ की शूटिंग में लग गए. हालांकि फिल्म जब रिलीज़ होने को आई, तो इरफान ने एक वीडियो जारी कर कहा कि वो इस फिल्म के प्रमोशन में हिस्सा नहीं ले पाएंगे. क्योंकि वो पूरी तरह से रोगमुक्त नहीं हुए हैं.

25 अप्रैल को इरफ़ान की मां सईदा बेगम का जयपुर में देहांत हो गया था. वो 95 साल की थीं. मौत की वजह उम्र संबंधी दिक्कतें बताई जा रही थीं. इरफ़ान लॉकडाउन की वजह से अपनी मां के अंतिम संस्कार में भी शामिल नहीं हो पाए. पहले बताया गया कि इरफ़ान इंडिया से बाहर लेकिन इंडियन एक्स्प्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक, इरफ़ान मुंबई में थे और उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के ज़रिए अपनी मां को श्रद्धांजलि अर्पित की थी.

28 अप्रैल को खबर आई कि इरफ़ान की तबीयत अचानक बिगड़ गई है और उन्हें कोलन इन्फेक्शन की वजह मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल के आईसीयू में भर्ती करवाया गया है.

Advertisement

वीडियो देखें: इरफान खान मार्क रफैलो को खुद को इंट्रोड्यूस करना चाहते थे मगर उन्होंने हैल्लो बोलकर गेम बदल दी

Advertisement