The Lallantop

ईरानी राष्ट्रपति के क्रैश हुए हेलिकॉप्टर का वीडियो आया, हीट डिटेक्ट कर ढूंढा गया मलबा

Iran Ibrahim Raisi Helicopter Crash: तुर्की के ड्रोन ने हेलिकॉप्टर का मलबा ढूंढते हुए गर्मी के स्रोत की पहचान की और ईरानी अधिकारियों के साथ संभावित दुर्घटना स्थल की जानकारी साझा की.

Advertisement
post-main-image
हेलीकॉप्टर क्रैश की फुटेज (फोटो- स्क्रीनशॉट/X)

राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी के हेलिकॉप्टर क्रैश को लेकर ईरान के सरकारी टेलीविजन चैनल ने पुष्टि की है कि दुर्घटनाग्रस्त हेलिकॉप्टर का मलबा बरामद कर लिया गया है (Iran Ibrahim Raisi Helicopter Crash Video). वहां सरकारी मीडिया ने राष्ट्रपति की मौत होने का भी दावा किया है. इस बीच घटना से जुड़ा एक वीडियो सामने आया है. पहाड़ों के बीच एक जगह पर हेलिकॉप्टर का मलबा दिख रहा है. वीडियो देखकर लग रहा है कि क्रैश के बाद हेलिकॉप्टर बुरी तरह जल गया है.

Advertisement

IRNA समाचार एजेंसी ने वीडियो शेयर किया और लिखा,

रेड क्रिसेंट के राहत और बचाव ग्रुप की ड्रोन टीम को राष्ट्रपति के हेलिकॉप्टर का मलबा मिला है.

Advertisement

वीडियो में दिख रहा है कि क्रैश वाली जगह पर मौजूद पेड़ पूरी तरह से जल गए हैं. देख कर पता चल रहा है कि क्रैश के बाद हेलिकॉप्टर में आग लगी होगी. एक बड़े इलाके में जला हुआ मलबा दिख रहा है. 

इससे पहले अनादोलु समाचार एजेंसी ने जानकारी दी कि तुर्की ड्रोन ने हेलिकॉप्टर का मलबा ढूंढते हुए ‘गर्मी के स्रोत’ की पहचान की और ईरानी अधिकारियों के साथ संभावित दुर्घटना स्थल की जानकारी साझा की. एक ईरानी अधिकारी ने रॉयटर्स को बताया कि दुर्घटना में राष्ट्रपति रईसी का हेलिकॉप्टर पूरी तरह से जला हुआ मिला.

अनादोलु समाचार एजेंसी ने ही ईरानी राज्य टेलीविजन के हवाले से बताया कि हेलिकॉप्टर क्रैश में कोई भी जिंदा नहीं बचा है.

Advertisement

न्यूज एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, राष्ट्रपति एक बांध का उद्घाटन करने के लिए अजरबैजान गए थे. वहां से लौटते वक्त उत्तर-पश्चिमी ईरान के जोल्फा शहर के पास उनका हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया. ईरानी राज्य मीडिया IRNA के मुताबिक, ये दुर्घटना खराब मौसम के चलते हुई.

ये भी पढ़ें- ईरानी राष्ट्रपति के हेलिकॉप्टर का मलबा मिला, रईसी के मौत की आशंका, अब तक पुष्टि नहीं

मीडिया रिपोर्ट्स में बताया जा रहा है कि हेलिकॉप्टर में राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी के अलावा ईरान के विदेश मंत्री होसैन अमीरबदोल्लाहियान, पूर्वी अजरबैजान के गवर्नर मालेक रहमती, पूर्व अजरबैजान में ईरानी सर्वोच्च नेता के प्रतिनिधि अयातुल्ला मोहम्मद अली आले-हाशेम भी मौजूद थे. चालक समेत कुल आठ लोग थे.

वीडियो: दुनियादारी: भारत-ईरान चाबहार डील पर अमेरिका की धमकी, जयशंकर ने सुना दिया, बवाल होगा?

Advertisement