शिखर धवन की ये पारी उनकी आईपीएल की बेस्ट पारी है.
आईपीएल 2019 में दिल्ली बनाम कोलकाता का मैच. सीजन का 26वां मैच. ये मैच डेल्ही कैपिटल्स जीत गई. वो भी 7 विकेट से और 7 गेंद रहते. बड़ी खुशी की बात है. डेल्ही कैपिटल्स को बधाई. सबसे ज्यादा शिखर धवन को बधाई जो टीम को अकेले दम पर जिता ले गए. धवन ने 63 गेंदों पर 97 रन बनाए. 11 चौके निकाले और दो छक्के टांगे. स्ट्राइक रेट रहा 153.96 का. टीम बहुत खुश हुई कि कोलकाता के आंद्रे रसेल के बल्ले पर भारी पड़े शिखर धवन.
मगर यहां जरा रुकिए. वो इसलिए क्योंकि धवन के साथ यहां एक खेल हो गया है. खेल ये कि 18 ओवर के बाद दिल्ली को अभी 12 गेंदों पर 12 रन चाहिए थे जीत के लिए. धवन उस वक्त 95 पर खेल रहे थे. यानी किसी भी बुरी से बुरी स्थिति में भी वो अपना शतक पूरा कर सकते थे. ये धवन का पहला आईपीएल शतक होता. 19वें ओवर की पहली गेंद पीयूष चावला ने धवन को फेंकी. सिंगल लिया. उधर कोलिन इंग्राम ने चौका जड़ दिया. फिर अगली गेंद पर सिंगल लेकर स्ट्राइक धवन के पास आई. धवन ने फिर सिंगल ले लिया. अब यहां कोलिन इंग्राम को चाहिए था कि धवन की सेंचुरी के बारे में सोचते क्योंकि दिल्ली लगभग जीत ही चुकी थी और अभी एक ओवर और बचा भी था. मगर इंग्राम ने पीयूष चावला की आखिरी गेंद पर छक्का टांग दिया. और मैच खत्म. 7 गेंद रहते ही दिल्ली ने 180 बना लिए. धवन 97 पर ही नॉट आउट रह गए. अब कहने को तो ये कहा ही जाएगा कि टीम की जीत सबसे पहले है. सही बात है. धवन भी टीम की जीत के लिए ही खेल रहे थे. मगर जब जीत सुनिश्चत दिखे तो अपने निजी रिकॉर्ड को क्यों न पूरा किया जाए. धवन शतक के हकदार थे क्योंकि इस मैच में 179 के टारगेट का पीछा करते हुए दिल्ली को एक मजबूत रन चेज करवाया. अब लोगों को ये बाद बुरी लगी कि सामने वाले खिलाड़ी ने धवन की सेंचुरी का ख्याल नहीं रखा और छक्का टांग दिया. सोशल मीडिया पर इस बारे में तीखी प्रतिक्रियाएं आ रही हैं. कुछेक पर नजर डालिए-
लल्लनटॉप वीडियो भी देखें-