लल्लनटॉप वीडियो भी देखें-
पिता धोनी के साथ टीम में थे, बेटे ने डेब्यू किया तो धोनी विकेट के पीछे खड़े थे
कल मैच जिताऊ पारी खेली असम के इस क्रिकेटर ने.
Advertisement

2007 में धोनी के साथ फोटो खिंचवाई, 2019 में धोनी के खिलाफ डेब्यू किया.
IPL 2019 की मैच संख्या 43. राजस्थान रॉयल्स बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स. कोलकाता का ईडन गार्डन्स मैदान. यहां केकेआर को लगातार छठी हार मिली. राजस्थान रॉयल्स ने तीन विकेट से केकेआर को हरा दिया. 175 के जवाब में टीम ने 177 बना दिए और चार गेंद रहते ही मैच जीत लिया. दिनेश कार्तिक के 50 गेंदों में 97 रन काम नहीं आए. मगर अगर किसी के रन काम आए तो वो थे राजस्थान रॉयल्स के रियान पराग के. 17 साल के इस खिलाड़ी ने 31 गेंदों पर 47 रन बनाए और राजस्थान रॉयल्स के लिए जीत आसान कर दी. रियान पराग का खेल कितना मजेदार है, इस बात का अंदाजा इनके शॉट्स की वैराइटी से लगाइए. पराग ने 5 चौके और 2 शानदार छक्के मारे. एक छक्का प्रसिद्ध कृष्णा की गेंद पर और दूसरा आंद्रे रसल की गेंद पर उनकी के स्टाइल में. 18वें ओवर की पांचवीं गेंद पर शानदार छक्का टांगा और फिर अगली गेंद पर ही उतने ही मजेदार तरीके से आउट भी हो गए. लंबी हिट मारने के चक्कर में पराग हिट विकेट हो गए. बल्ला ऐसे घुमाया कि जाकर स्टंप्स पर लग गया. उसी गेंद पर चौका भी मिला. पराग की इस पारी की तारीफ हुई. इसके लिए उन्हें गेमचेंजर ऑफ द मैच अवॉर्ड भी दिया गया. ये वीडियो देखिए-
इस आईपीएल सीजन पराग पहली बार लाइम लाइट में तब आए जब 22 अप्रैल को डेल्ही कैपिटल्स के खिलाफ मैच में पहली विकेट लेने पर पराग बिहु डांस करते दिखे थे. उस मैच में पराग ने तीन ओवरों में 25 रन देकर 1 विकेट लिया था. और वो विकेट और किसी का नहीं दिल्ली के कप्तान श्रेयस अय्यर का था. रियान ने अभी तक आईपीएल में 4 मैच खेले हैं और 110 रन बनाए हैं और ये एक विकेट लिया है. केकेआर से पहले रियान ने मुंबई इंडियन्स के खिलाफ भी 29 गेंदों पर 43 रनों की पारी खेली थी. स्टीव स्मिथ को अपना फेवरिट क्रिकेटर बताने वाले रियान पराग असम से आते हैं. उम्र अभी 17 साल है और इसी साल राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें 20 लाख के बेस प्राइज पर खरीदा था. रियान असम की रणजी टीम के लिए 2017-18 सीजन में डेब्यू कर चुके हैं औऱ 2018 का इंडिया अंडर-19 वर्ल्ड कप भी खेल चुके हैं. पृथ्वी शॉ की कप्तानी में जो टीम वर्ल्ड कप जीत कर आई थी, उसमें रियान भी थे. रियान के लिए क्रिकेट एक करियर चॉइस इसलिए भी रही क्योंकि पिता पराग दास भी क्रिकेटर रहे हैं. वो असम के लिए डोमेस्टिक क्रिकेट खेले हैं 1993-94 में उन्होंने डेब्यू किया था और 15 साल के अपने डोमेस्टिक करियर में उन्होंने 43 फर्स्ट क्लास और 32 लिस्ट ए मैच खेले हैं. रेलवे के लिए भी खेलते रहे. पिता की तरह ही रियान भी ऑलराउंडर हैं. राइड हैंड बैट्समैन और लेगब्रेग स्पिन करवाते हैं. कई साल पहले रियान के पिता और एम एस धोनी रेलवे के टूर्नामेंट में खड़गपुर और गुवाहटी में साथ खेलते थे. 2004 में नागपुर में हुए मैचों में धोनी और पराग दास टॉप अपनी टीम के लिए टॉप स्कोरर्स रहे थे. धोनी और पराग रणजी में बिहार और असम की तरफ से खेलते थे. मगर जब पराग के बेटे रियान ने 11 अप्रैल को चेन्नई के खिलाफ अपना डेब्यू किया था तो संयोग की बात ये कि धोनी उस वक्त विकेट के पीछे खड़े थे. ये रियान पराग के लिए किसी सपने से कम नहीं था. उस मैच में रियान ने 16 रन बनाए थे. ऊपर जो तस्वीर धोनी के साथ बच्चे की है वो रियान हैं. साल 2007 में जब धोनी गुवाहाटी में पाकिस्तान के खिलाफ वनडे खेलने गए थे, तब रियान ने वो तस्वीर खिंचवाई थी. उस मैच में रियान ने धोनी की 63 रनों की वो पारी देखी थी जिसे वो आज तक नहीं भूले हैं.
मुंबई के खिलाफ मैच जीतने के बाद स्टीव स्मिथ ने कहा था कि रियान पराग एक टैलंटेड खिलाड़ी है और वो अपनी स्किल्स पर खूब काम भी करता है.अपने पहले ही मैच में वो जिस तरह से खेला उससे कई एक्सपीरियंस खिलाड़ियों को भी सीखने का मौका मिला." असम से आईपीएल में रियान इकलौते खिलाड़ी हैं. और इंडिया की सीनियर टीम के लिए खेलने का सपना भी रखते हैं. अगर ऐसा हुआ तो रियान इस स्टेट से नेशनल टीम में पहुंचने वाले पहले क्रिकेटर होंगे. वैसे असमिया कल्चर की इस खिलाड़ी को कितनी कद्र है इस बात से समझिए कि मैदान पर वो असमी गमोसा लेकर खेलते हैं.
लल्लनटॉप वीडियो भी देखें-
लल्लनटॉप वीडियो भी देखें-
Advertisement









