आईपीएल 2019. मैच था रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और किंग्स इलेवन पंजाब के बीच. रॉयल चैलेंजर्स फ़ाइनली पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे से ऊपर उठ गई है और अब वो 8 टीमों में 7वें नंबर पर है. लेकिन हम बात करेंगे मैच कि पहली इनिंग्स की जिसमें बैंगलोर बैटिंग कर रही थी. 14वां ओवर ख़त्म हुआ था और स्ट्रेटेजिक टाइमआउट भी अभी-अभी ही खत्म हुआ था. बैंगलोर के पास सिर्फ़ 6 ओवर थे और उनका स्कोर ठीक-ठाक ही लग रहा था. इनिंग्स का ये हिस्सा बैंगलोर और पंजाब, दोनों ही डॉमिनेट करना चाहते थे. बैंगलोर ज़्यादा से ज़्यादा रन बनाना चाहती थी और पंजाब रन रोकने के बारे में सोच रही थी.
KXIPvRCB: अंपायर जेब में बॉल रखकर भूल गए और मैच रुका रहा
अश्विन अंपायर से बॉल मांग रहे थे, अंपायर बोल रहे थे मेरे पास है कहां?

आर अश्विन ने अंकित राजपूत को बॉलिंग पर आने के लिए बोला. फ़ील्ड सेट की. बॉलिंग इंस्ट्रक्शन दे दिए. लेकिन फिर मालूम पड़ा कि किसी के भी पास बॉल ही नहीं थी. अंकित राजपूत ने पहले इधर उधर इशारे किये. फिर अश्विन को इशारा किया. अश्विन ने कहा कि बॉल उनके पास भी नहीं थी. अब बात अम्पायर तक पहुंची.

स्टोनिस बॉल खोज रहे थे और डिविलियर्स मुस्कुरा रहे थे. (स्क्रीनशॉट: आईपीएल टी20)
अम्पायर थे शमशुद्दीन. ब्रूस ऑगज़ेफ़ोर्ड लेग अम्पायर थे. शमशुद्दीन ने ब्रूस से पूछा तो मालूम पड़ा कि बॉल उनके पास भी नहीं है. अभी तक खेल ठीक-ठाक समय के लिए रुक चुका था. जब ये पक्का हो गया कि बॉल किसी के भी पास नहीं थी तो नई बॉल लाने के लिए कहा गया. रिज़र्व अम्पायर डब्बा लेकर मैदान पर आये. इसी दौरान टीवी पर रीप्ले चला. पिछले ओवर की आख़िरी बॉल से ये देखा जाने लगा कि आख़िर बॉल कहां-कहां गई और है किसके पास. मालूम पड़ा कि ओवर ख़त्म होते ही ब्रूस ऑगज़ेनफ़ोर्डने बॉल अम्पायर शमशुद्दीन को दे दी थी क्यूंकि कायदे से अगले ओवर में उन्हें ही अम्पायरिंग करनी थी. शमशुद्दीन ने बॉल अपनी जेब में रख ली थी. बॉल वहीं थी. थर्ड अम्पायर ने टीवी पर ये सब देखा और तुरंत ही शमशुद्दीन से बात की. उन्हें बताया कि जेब चेक करें. जेब में ही बॉल मिली. ये वो मौका था जब सभी हंस रहे थे. शमशुद्दीन भी. बस उनकी हंसी में झेंप ज़्यादा मिक्स थी.

बॉल मिलने के बाद मुस्कुराते हुए अंपायर ब्रूस ऑगज़ेफ़ोर्ड और शमशुद्दीन.(स्क्रीनशॉट: आईपीएल टी20)
इस पूरे वाकये का वीडियो देखिये.
वीडियो- IPL 2019 में अभी तक चार बार हो गया कि गेंद स्टंप्स पर लगी मगर बेल्स नहीं गिरीं













