The Lallantop

धोनी ने नामुमकिन को मुमकिन कर ही दिया था कि एक चूक CSK को ले डूबी

कोहली की टीम को अभी भी भरोसा नहीं हो रहा है कि वो जीत गए हैं.

Advertisement
post-main-image
कोहली के लिए दूसरी जीत, धोनी के लिए दूसरी हार.
आईपीएल 2019. मैच नंबर 39. रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच. पॉइंट्स टेबल में सबसे ऊपर की टीम भिड़ रही थी टेबल में सबसे नीचे मौजूद टीम से. और इस मैच के बारे में जब भी बात होगी तो बात होगी सिर्फ़ एक शख्स के बारे में. एमएस धोनी. धोनी ने मैच में 84 रन मारे. 48 गेंदों में. 7 छक्के और 5 चौके. उनकी इनिंग्स में एकमात्र चूक हुई आख़िरी गेंद पर. वो गेंद जिसपर चेन्नई को जीतने के लिए 2 रन चाहिए थे और धोनी मिस कर गए. असल में चेन्नई सुपर किंग्स 12 सेंटीमीटर से मैच हार गई. उमेश यादव की फ़ेंकी आख़िरी गेंद धोनी कनेक्ट नहीं कर पाए और वो बाई का रन लेने के लिए दौड़े. लेकिन दूसरे एंड पर खड़े शारदुल ठाकुर क्रीज़ से 12 सेंटीमीटर पीछे रह गए और विकेट्स के पीछे से पार्थिव पटेल का थ्रो एकदम सटीक निशाने पर जा लगा. इन्हीं 12 सेंटीमीटर की वजह से चेन्नई सुपर किंग्स मैच हार गया. पहले आखिरी ओवर का रोमांच देखिए- धोनी का दिमाग किस तरह से काम कर रहा था, ये समझने के लिए हमें चेन्नई की इनिंग्स के आख़िरी दो ओवर्स देखने चाहिए. चेन्नई को 12 गेंदों में 36 रन चाहिए थे. दूसरे छोर पर ब्रावो खड़े थे. ब्रावो भी टी-20 क्रिकेट में अच्छे शॉट्स लगाने के लिए जाने जाते हैं. लेकिन धोनी ने पहली 2 गेंदों पर सिंगल लेने से मना कर दिया. अपने दिमाग में वो ये रणनीति बना चुके थे कि उस मौके पर गेम की समझ उन्हें ब्रावो से ज़्यादा थी और शॉट्स मारने के मामले में वो ज़्यादा माहिर हैं. इसलिए उन्होंने खुद ही क्रीज़ संभाली. अगली गेंद पर उन्होंने छक्का जड़ा और ये नो बॉल थी. इसके बाद 2 रन लेने के बाद फिर से धोनी ने मौका मिलने पर सिंगल नहीं लिया. 5वीं गेंद पर लिया भी तो छठी पर ब्रावो आउट हो चुके थे. असल में ब्रावो के पास सिर्फ़ बड़े शॉट लगाने का ही आप्शन था. क्यूंकि धोनी ये साफ़ कर चुके थे कि आख़िरी ओवर में उन्हें ही स्ट्राइक चाहिए थी. आख़िरी ओवर शुरू हुआ तो चेन्नई सुपर किंग्स के सामने 26 रनों का टार्गेट था. ये टार्गेट नहीं एवरेस्ट का पहाड़ था जिसे नंगे पांव चढ़ना था. आलम ये था कि अगर हर गेंद पर चौका भी लगता, तो भी चेन्नई ये मैच न जीत पाती. लेकिन धोनी ने इस पहाड़ की चढ़ाई शुरू की. पहली ही गेंद पर चौका जड़ा. 5 गेंदों में 22 रन.  अगली गेंद पर 111 मीटर का छक्का. दो पंथ एक काज. पहला - चेन्नई को अब 4 गेंदों में 16 रन चाहिए थे. और दूसरा - स्टेडियम के बाहर जा चुकी गेंद इस बात का सुबूत थी कि धोनी की उम्र बढ़ी है, वो बूढ़े नहीं हुए हैं. अगली 3 गेंदों में 2 छक्के लगे और एक डबल आया. यानी कुल मिलाकर सब कुछ आख़िरी गेंद पर आ गया. 1 गेंद और 2 रन. धोनी ने शायद यहीं गलती कर दी. वो टैप कर के रन भागना चाहते थे. या शायद उन्हें बॉल ही ऐसी मिली. धोनी का फ़ैसला ऐसा क्यूं था, ये तो सिर्फ़ वो ही जानते हैं और हमें शायद ही कभी मालूम चलेगा. लेकिन उस मिस हुए शॉट का नतीज़ा ये निकला कि चेन्नई सुपर किंग्स एक भयानक एक्साइटिंग मैच बेहद कम अंतर से हार गई. अगर ये मैच चेन्नई की झोली में आता तो यकीनन धोनी की ये इनिंग्स आईपीएल इतिहास में खली गई बेस्ट इनिंग्स में से एक होती. Untitled design (15) खैर, धोनी ने अपनी इस इनिंग्स में कुछ रेकॉर्ड्स भी बनाए. आईपीएल में 200 छक्के मारने वाले वो एकमात्र भारतीय बल्लेबाज़ बन गए हैं. इसके साथ ही उन्होंने आईपीएल में बतौर कप्तान 4000 रनों के आंकड़े को भी पार कर लिया. इसके साथ ही आज बनाए 84 रन धोनी का आईपीएल में हाइएस्ट स्कोर बन गया है. इससे पहले रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने पहले बैटिंग की थी और पार्थिव पटेल ने एक छोर पकड़ कर 37 गेंदों में 53 रन बनाए. इसके साथ ही डिविलियर्स के 25 और मोइन अली के 26 रनों की बदौलत बैंगलोर ने होम ग्राउंड पर 161 रनों का स्कोर बनाया. 162 का टार्गेट, चेज़ करने के लिहाज़ से कम्फ़र्टेबल टार्गेट होता है. लेकिन डेल स्टेन ने चेन्नई को शुरुआत से ही झटके देने शुरू कर दिए. चेन्नई की हालत ये थी कि पॉवरप्ले ख़त्म होने पर चेन्नई ने मात्र 32 रन बनाए थे और उनके 4 विकेट्स गिर चुके थे. लेकिन इसके बाद धोनी ने एक छोर छोड़ा ही नहीं और मैच को आख़िरी बॉल तक खींच कर लाये. ये थी धोनी की इनिंग्स जिसने नामुमकिन को लगभग मुमकिन कर ही दिया था. अब राजस्थान अगर अच्छे मार्जिन से मैच जीतती है तो उसके पास मौका होगा कि पॉइंट्स टेबल में वो 7वें से छठे नंबर पर पहुंचने का. वहीं अगर दिल्ली जीतती है तो मुंबई और चेन्नई, दोनों को घसीट कर वो पॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंच जायेगी. एक मैच की हार आपके साथ क्या कुछ कर सकती है. कल जो टीम टॉप पर थी और सबसे नीचे की टीम से खेलने जा रही थी, उस टीम से हार जाने के बाद अपने टॉप स्पॉट को खतरे में पा रही है.
लल्लनटॉप वीडियो भी देखिए-

Advertisement
Advertisement