The Lallantop

डेल स्टेन का ये बोल्ड देखकर कोहली के भीतर का दिल्लीवाला बाहर आ गया

पक्का बोले होंगे- तू ही तो अपना भाई है.

Advertisement
post-main-image
फोटो - thelallantop
आईपीएल सीजन का 39वां मैच. सबसे धांसू टीम चेन्नई सुपर किंग्स और सीजन की सबसे फिसड्डी टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के बीच का मुकाबला. किसी को ये उम्मीद नहीं थी कि इस मैच में एक बड़ा उलटफेर होने वाला है. उलटफेर ये कि आरसीबी ने सीएसके को 1 रन से हरा दिया. इसी के साथ ही कोहली की टीम की टूर्नामेंट में बने रहने की उम्मीदें अभी मरी नहीं हैं. धोनी की टीम के लिए ये लगातार दूसरी हार है और कोहली की टीम के लिए लगातार दूसरी जीत. मगर इससे भी खास बात तो आरसीबी के डेल स्टेन की वो एक गेंद है जिसे देख सब सन्न रह गए थे. पारी का पहला ही ओवर था. डेल स्टेन ये ओवर फेंकने के लिए आए. पहली तीन गेंदों पर सिर्फ एक रन आया था. चौथी पर वॉटसन ने चौका मार दिया. पांचवीं पर वॉटसन ने डेल स्टेन की गेंद को स्लिप पर खड़े मार्कस स्टोइनिस को कैच थमा दिया. अब आए सुरेश रैना. स्टेन ने पहली ही गेंद वो डाली कि रैना की हवाइयां उड़ गईं. गेंद यॉर्कर थी जिसका रैना के पास कोई जवाब नहीं था और तीनों स्टंप्स बिखर गईं. ये इतनी अद्भुत गेंद थी कि बेंगलोर स्टेडियम में बैठे दर्शक चार गुनी आवाज में चीखने लगे. उधर स्टेन खुशी जाहिर करते हुए कप्तान कोहली के गले मिले मगर कोहली तो खुशी से पगला चुके थे. उनके फेशियल एक्सप्रेसन बहुत इंटेंस थे. स्टेन को कोहली को उठा लिया और दोनों काफी देर तक इस विकेट को आत्मसात करते रहे. इसी बीच एक तस्वीर इन दोनों की सोशल मीडिया पर घूमने लगी. ये 2009 की है. तब दोनों और यंग दिखते थे और इसी तरह एक विकेट को सेलीब्रेट करते दिख रहे हैं. पहले ही ओवर में डेल स्टेन के इस हमले से चेन्नई एक्सप्रेस पटरी से उतरती दिखी. पहले ओवर में स्कोर 6/2 हो गया. फिर 28/4 हो गया. धोनी ने संभालने की पूरी कोशिश की मगर धोनी के अलावा कोई नहीं चला. धोनी ने 48 गेंदों पर नाबाद 84 रन बनाए मगर वो टीम को जीत नहीं दिला पाए. चेन्नई 20 ओवरों में 160/8 ही बना पाई जिससे बेंगलोर को एक रन से जीत मिली.
लल्लनटॉप वीडियो भी देखें-

Advertisement
Advertisement