दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड पड़ रही है. घना कोहरा छाया हुआ है. कई शहरों में जीरो विजिबिलिटी रिकॉर्ड की गई (North India Delhi Weather Update). सड़कों पर गाड़ियों के इंडिकेटर भी दिखाई देने मुश्किल हो रहे हैं. खराब मौसम के चलते कई फ्लाइट और ट्रेनें भी लेट हैं. मौसम विभाग ने कहा है कि फिलहाल ऐसी ही भीषण ठंड की स्थिति बने रहने की संभावना है.
पूरा उत्तर भारत ठंड से ठिठुरा, घना कोहरा, देर से चल रहीं ट्रेनें, दिल्ली में 25 फ्लाइट्स लेट
दिल्ली-एनसीआर में 100 मीटर आगे की गाड़ी के इंडिकेटर नहीं दिख रहे!


सैटेलाइट फोटो से पता चलता है कि कोहरे की परत पंजाब और उससे सटे उत्तर-पश्चिम राजस्थान से लेकर हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में बिहार तक फैली हुई है.
मौसम विभाग के मुताबिक, सर्दी के सितम के बीच उत्तर-मध्य भारत में औसतन न्यूनतम पारा 5 डिग्री से नीचे दर्ज किया जा रहा है. मौसम विभाग ने दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तरी राजस्थान के कुछ इलाकों, पूर्वी मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में फिलहाल ऐसी ही भीषण ठंड की स्थिति बने रहने की संभावना जताई है.
मौसम विभाग के मुताबिक, 9 जनवरी को सुबह 5.30 बजे पंजाब के बठिंडा, यूपी के आगरा, बरेली और लखनऊ में जीरो विजिबिलिटी दर्ज की गई. हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के कई इलाकों में भी जीरो विजिबिलिटी रही. दिल्ली के सफदरजंग, पालम और पंजाब के अमृतसर में विजिबिलिटी 25 मीटर रिकॉर्ड की गई.
दिल्ली के क्या हाल?IMD के मुताबिक, 9 जनवरी को दिल्ली में शीतलहर का प्रकोप बना रहेगा. इस दौरान न्यूनतम तापमान 3 डिग्री और अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. सफदरजंग में सुबह करीब 5.30 बजे न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. लोधी रोड पर न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है. दिल्ली में अगले पांच दिनों तक अलग-अलग इलाकों में घना कोहरा से बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है.
दिल्ली में ठंड के साथ-साथ घने कोहरे और प्रदूषण की मार भी जारी है. औसतन AQI 350 के पार ही दर्ज किया जा रहा है. राजधानी में 9 जनवरी के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. ऑरेंज अलर्ट का मतलब है कि खतरे ने दस्तक दे दी है और आप बिना लापरवाही के खुद को उस स्थिति से निपटने के लिए तैयार कर लें.
ठंड और कोहरे की डबल मार झेल रही दिल्ली में विजिबिलिटी कम होने से उड़ानों पर भी असर पड़ रहा है. खराब मौसम के चलते रविवार दोपहर 1 बजे तक दिल्ली एयरपोर्ट पर करीब 20 फ्लाइट लेट हुईं. 9 जनवरी की सुबह अरब से दिल्ली आ रही फ्लाइट को जयपुर की ओर डायवर्ट किया गया है. वहीं, कुछ ट्रेनें भी अपने निर्धारित समय से लेट चल रही हैं. यूपी बिहार की तरफ से होकर गुजरने वाली राजधानी एक्सप्रेस जैसी ट्रेनें 12-12 घंटों की देरी से चल रही हैं.
दिल्ली के प्राइवेट स्कूलों में छुट्टियां 9 जनवरी से बढ़ाकर 15 जनवरी तक कर दी गई हैं.
नाॅर्थ अमेरिका में गजब की ठंड, 2 लाख लोग बिना बिजली के रह रहे


















