कुएं में उतरे लड़कों को निकालने की कोशिश करते बचावकर्मी. जब तक उन्हें बाहर निकाला गया, तब तक लड़कों की मौत हो चुकी थी. (फोटो- इंडिया टुडे रिपोर्टर अंचल श्रीवास्तव)
उत्तर प्रदेश का गोंडा. बड़ा जिला है, नाम सुना होगा आपने. नहीं सुना, तो यूं समझिए कि लखनऊ से गोरखपुर जाते हैं, तो रस्ते में पड़ता है. बस्ती के पास. इसी गोंडा के महाराजगंज मोहल्ले में 8 सितंबर को एक हादसे में पांच लोगों की जान चली गई. एक बछड़े को बचाने की कोशिश में ये लोग कुएं में उतरे थे. अंदर ही दम घुट गया और मौत हो गई. सीएम योगी आदित्यनाथ ने सभी मृतकों के परिवार को दो-दो लाख रुपए देने का ऐलान किया है.
मामले की जानकारी देते हुए गोंडा के डीएम नितिन बंसल ने बताया –
“महाराजगंज की घटना है. बछड़ा कुएं के अंदर गिर गया था. उसे बचाने के लिए पहले एक व्यक्ति कुएं में उतरा. बछड़े को बाहर निकाल दिया, लेकिन खुद फंस गया. वो निकल नहीं पा रहा था, तो मदद के लिए चार और लोग कुएं में उतरे. लेकिन ये सभी अंदर फंस गए. सबको जल्द रेस्क्यू किया गया, अस्पताल लाया गया. लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी.”
सभी मृतकों की उम्र 20 से 25 साल के बीच बताई जा रही है. शवों का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है. लेकिन कुएं में उतरने मात्र से इनकी जान कैसे चली गई? दरअसल, बताया जा रहा है कि कुएं में जहरीली गैस थी, जिसके प्रभाव में काफी देर तक रहने की वजह से सभी का दम घुट गया और जान चली गई.
अनयूज़्ड या सूखे कुएं में बनती है मीथेन क्या कुएं में कोई जहरीली गैस पनप सकती है? अगर हां, तो कैसे और कौन-सी? दरअसल, किसी भी कुएं का जब तक इस्तेमाल होता रहता है, पानी चलता रहता है, तब तक वो अच्छा-भला बना रहता है. लेकिन दो स्थितियां होती हैं, जब कुएं के भीतर जहरीली गैस बनने लगती है –
1. जब कोई कुआं सूख जाता है. 2. जब काफी समय तक कुएं का इस्तेमाल नहीं होता है. यानी पानी ठहर जाता है.
मध्य प्रदेश सरकार के अंतर्गत आने वाली वेबसाइट mpinfo.org पर इस बारे में एक विस्तृत रिपोर्ट है. इसके मुताबिक, ऐसी स्थितियों में कुएं के भीतर
कार्बन मोनो-ऑक्साइड और
मीथेन जैसी गैसें पनपने लगती हैं, जो काफी जहरीली होती हैं. इन गैसों का असर कुएं की सतह से छह-सात फुट ऊपर तक रहता है. यानी कोई इंसान अगर सतह तक उतर गया, तो पूरी तरह इन्हीं गैसों के असर में होता है. ज़्यादा देर इसके प्रभाव में रहने से मौत हो सकती है. यही हादसा गोंडा में हुआ.
यूपी के गोंडा में मास्क बांटने के बहाने छह साल के बच्चे को किडनैप किया था, अब पकड़े गए