Peddi फिल्म में Janhvi Kapoor को लेकर मचे बवाल पर उन्होंने क्या कहा है? Shah Rukh Khan ने King के म्यूज़िक राइट्स को लेकर कौन सी अनोखी डील कर ली? Veer Pahariya स्टारर Naam: To Live Is War से Varun Sharma ने क्यों किनारा कर लिया है? सिनेमा से जुड़ी ऐसी ही खबरों के लिए नीचे स्क्रॉल करें.
'पेड्डी' में फूहड़ सीन्स पर मचे बवाल पर पहली बार बोलीं जाह्नवी कपूर
'कॉफी विथ करण' के सीज़न-9 में पहुंचीं जाह्नवी कपूर ने पूरे मामले पर अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि वो इस बात का सारा ठीकरा डायरेक्टर के सिर पर नहीं फोड़ सकतीं.

# 'पेड्डी' पर हुई बहस के लिए जाह्नवी ने ली जिम्मेदारी!
‘पेड्डी’ के विवाद पर जाह्नवी कपूर ने पहली बार खुलकर अपनी बात रखी है. 'कॉफी विथ करण' के सीज़न-9 में पहुंचीं जाह्नवी ने माना कि फिल्म में उनके कैरेक्टर अचियम्मा को जिस तरह दिखाया गया, वो गलत था. उसमें महिलाओं का हद से ज़्यादा ऑब्जेक्टिफिकेशन हुआ. उन्होंने ये भी माना कि उन्हें शूटिंग के दौरान और मज़बूती से अपनी असहजता जाहिर करनी चाहिए थी. जाह्नवी ने इस अनुभव को वायलेटिंग बताते हुए कहा कि फिल्म की कहानी महिलाओं के खिलाफ गलत संदेश दे सकती थी. हालांकि, उन्होंने पूरा दोष डायरेक्टर बुच्ची बाबू सना पर डालने से इनकार किया और अपनी ज़िम्मेदारी भी मानी.
# 'ड्यून पार्ट 3' का फाइनल ट्रेलर रिलीज़
हॉलीवुड की साइंस-फिक्शन फिल्म फ्रैंचाइज़ 'ड्यून: पार्ट 3' का फाइनल ट्रेलर रिलीज़ हो गया है. इसमें टिमथी शैलमे, पॉल के रोल में लौटे हैं. जो अपनी हत्या की साज़िश का पर्दाफाश करने के लिए प्रिंसेस इरुलान से पूछताछ कर रहा है. डेनी विलनव के डायरेक्शन में बनी ये फिल्म 18 दिसंबर को रिलीज़ होगी.
# चिरंजीवी और श्रीकांत ओडेला की फिल्म पर संकट
चिरंजीवी और डायरेक्टर श्रीकांत ओडेला की फिल्म पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, नानी के प्रोडक्शन में बनने वाली इस फिल्म के बंद होने की चर्चा तेज़ हो गई है. दिसंबर 2024 में अनाउंस हुई इस फिल्म को चिरंजीवी की सबसे वायलेंट फिल्मों में से एक बताया गया था. लेकिन श्रीकांत ओडेला की पिछली फिल्म ‘द पैराडाइज़’ को पूरा करने में हुई देरी ने इसका शेड्यूल बिगाड़ दिया. हालांकि, मेकर्स ने अब तक फिल्म के बंद होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
# शाहरुख ने की 'किंग' के म्यूज़िक की अनोखी डील
शाहरुख खान की 'किंग' ने म्यूजिक मार्केट में ऐसा खेल खेला है, जो बॉलीवुड में पहली बार हुआ है. फिल्म के नए पोस्टर पर ज़ी म्यूज़िक और टी-सीरीज़, दोनों के लोगो नज़र आए. बॉक्स ऑफिस वर्ल्डवाइड की रिपोर्ट के मुताबिक, ज़ी ने पहले ही फिल्म के म्यूजिक राइट्स करीब 50 करोड़ रुपये में खरीदे थे. अब टी-सीरीज़ ने भी तीन साल के लिए लाइसेंसिंग डील की है. इसके तहत वो फिल्म के गानों को रिलीज़ और प्रमोट करेंगे. साथ ही उससे होने वाली कमाई भी उनके ही खाते में जाएगी. तीन साल के बाद 'किंग' के गानों के राइट्स ज़ी म्यूज़िक के पास चले जाएंगे. यानी तीन साल के बाद फिल्म के म्यूज़िक से जो कमाई होगी, वो ज़ी म्यूज़िक के पास जाएगी.
# कल रिलीज़ होगा श्रद्धा की 'ईठा' का ट्रेलर
श्रद्धा कपूर की फिल्म 'ईठा' का ट्रेलर 30 अक्टूबर को रिलीज़ होगा. श्रद्धा ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी है. लक्ष्मण उतेकर के डायरेक्शन में बनी ये बायोपिक महाराष्ट्र की मशहूर तमाशा कलाकार विठाबाई नारायणगांवकर की ज़िंदगी पर बेस्ड है. ये फिल्म पहले अगस्त में रिलीज़ होने वाली थी. लेकिन अब 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में आएगी.
# फिल्म 'नाम' से बाहर हुए वरुण शर्मा
वरुण शर्मा ने वीर पहाड़िया की फिल्म 'नाम– टू लिव इज़ वॉर' से किनारा कर लिया है. बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक, वरुण और फिल्म के मेकर्स के बीच शूटिंग शेड्यूल को लेकर सहमति नहीं बन पाई. सिद्धांत सचदेव के डायरेक्शन में बन रही इस एक्शन थ्रिलर को महेश भट्ट प्रेजेंट करेंगे.
वीडियो: ऑस्कर 2026 की रेस में शामिल हुई 'होमबाउंड', नीरज घायवान की फिल्म को मिली ऑफिशियल एंट्री










