बीजेपी से निलंबित विधायक टी राजा सिंह (Suspended BJP MLA Raja Singh) के पैगंबर मुहम्मद (Prophet Mohammed) को लेकर दिए बयान पर बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा है. टी राजा के विरोध में मंगलवार के बाद बुधवार, 24 अगस्त को हैदराबाद में जमकर विरोध प्रदर्शन हुए. कुछ स्थानों पर विरोध हिंसक भी हो गया, सड़कों पर टायर जलाए गए और तोड़फोड़ की गई. जिसके बाद पुलिस को प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज करना पड़ा. प्रदर्शनकारी काले झंडे लेकर और नारेबाजी करते हुए ऐतिहासिक चारमीनार, कंचनबाग, मदीना सर्कल, चंद्रयानगुट्टा, चंचलगुडा, सिटी कॉलेज, अफजलगंज और अन्य इलाकों में जमा हो गए थे.
'घर जाओ, आराम करो' सर तन से जुदा नारा लगाने वालों को थाने से छुड़वाते हुए बोले ओवैसी
टी राजा के खिलाफ हैदराबाद में प्रदर्शनों के दौरान लगे थे ये नारे. ओवैसी ने पहले कहा था कि वो इन नारों की निंदा करतेे हैं.


इन विरोध प्रदर्शनों में 'सर तन से जुदा' के नारे लगने की भी खबरें भी आईं. आजतक की रिपोर्ट के मुताबिक, हैदराबाद के कंचनबाग इलाके की पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को बनाए रखने के लिए 80 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया. लेकिन, AIMIM सांसद असदुद्दीन ओवैसी और उनके भाई अकबरुद्दीन ओवैसी के दखल के बाद इन्हें छोड़ दिया गया.
Asaduddin Owaisi के फोन कॉल का वीडियो वायरल?इधर हैदराबाद से एक वीडियो सामने आया है, जिसमें असदुद्दीन ओवैसी उन लोगों से फोन पर बात कर रहे हैं, जिन्हें पुलिस ने 'सर तन से जुदा' नारे लगाने के बाद हिरासत में लिया था. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जब पुलिस ने इस प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया, तो असदुद्दीन ओवैसी ने अपनी पार्टी के दो पार्षदों को इन्हें छुड़ाने के लिए भेजा. इन्हीं पार्षदों ने प्रदर्शनकारियों की ओवैसी से फोन पर बात करवाई थी. वीडियो में एक प्रदर्शनकारी से ओवैसी कह रहे हैं,
'आपके साथ लतीफ, इरफान, एहतेशाम भी हैं? आप लोग घर को जाइए, आराम करिए, घर वाले परेशान हो रहे होंगे, हम लोग हरकत में हैं, ये नहीं होना था. बुरा हुआ'
इस बातचीत के दौरान प्रदर्शनकारी पुलिस हिरासत से छुड़वाने के लिए ओवैसी को धन्यवाद भी कहते नजर आ रहे हैं.
‘सर तन से जुदा’ पर क्या बोले थे Owaisi?इससे पहले मंगलवार, 23 अगस्त को भी बीजेपी के निलंबित विधायक राजा सिंह के पैगंबर पर दिए विवादित बयान को लेकर हैदराबाद में विरोध प्रदर्शन हुए थे. इनमें ओवैसी की पार्टी AIMIM के भी कुछ नेता भी शामिल थे. आरोप है कि इनमें से कुछ ने 'सर तन से जुदा' का नारा लगाया. आजतक से बातचीत में जब ओवैसी से इसे लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा,
'मैं ऐसी चीजों को बिलकुल सपोर्ट नहीं करता, जिनसे हिंसा भड़कती है. इस तरह के नारे लगाना गलत है, ये कानून के खिलाफ काम करना है. नारे लगाने वाले चाहें किसी पार्टी के ही क्यों न हों, मैं इसकी निंदा करता हूँ, ये सब करना गलत है क्योंकि इससे हिंसा को बढ़ावा मिलता है.'
इस दौरान ओवैसी ने ये भी कहा कि चाहें कोई भी हो, अगर वो हिंसा को भड़काता है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए.
वीडियो देखें : UP की फ्री राशन योजना बंद, 15 करोड़ लोगों पर पड़ेगा असर



















