The Lallantop

तेलंगाना में दो महिला पत्रकार गिरफ्तार, BRS ने राहुल से पूछा- "यही है आपकी मोहब्बत की दुकान?"

पत्रकार रेवती पोगदादंडा (Revathi Pogadadanda) और उनकी सहकर्मी तन्वी यादव को हैदराबाद साइबर क्राइम पुलिस ने 12 मार्च को गिरफ्तार कर लिया. 44 साल की रेवती डिजिटल न्यूज प्लेटफॉर्म ‘Pulsenewsbreak’ की मैनेजिंग डायरेक्टर हैं. बंदी संध्या उर्फ तन्वी यादव उनके चैनल में बतौर रिपोर्टर काम करती हैं.

Advertisement
post-main-image
हैदराबाद के सीएम रेवंथ रेड्डी रेड्डी सरकार की आलोचना करने पर महिला पत्रकार रेवती गिरफ्तार. (तस्वीर:सोशल मीडिया)

हैदराबाद पुलिस ने कथित तौर पर तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी (revanth reddy) के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में दो महिला पत्रकारों को गिरफ्तार किया है. दोनों पर सीएम रेवंत के खिलाफ ‘अपमानजनक’ कॉन्टेंट पब्लिश करने और उसे शेयर करने आरोप है. पुलिस की इस कार्रवाई पर विपक्षी पार्टी BRS ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. उसने पत्रकारों की गिरफ्तारी की तुलना आपातकाल से करते हुए कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
सोशल मीडिया पर वीडियो किया था पोस्ट

पत्रकार रेवती पोगदादंडा (Revathi Pogadadanda) और उनकी सहकर्मी तन्वी यादव को हैदराबाद साइबर क्राइम पुलिस ने 12 मार्च को गिरफ्तार कर लिया. 44 साल की रेवती डिजिटल न्यूज प्लेटफॉर्म ‘Pulsenewsbreak’ की मैनेजिंग डायरेक्टर हैं. बंदी संध्या उर्फ तन्वी यादव उनके चैनल में बतौर रिपोर्टर काम करती हैं. रेवती ने 11 मार्च को अपने ‘एक्स’ अकाउंट से अपने चैनल का एक वीडियो पोस्ट किया था. इसमें पत्रकार ने एक शख्स का इंटरव्यू लिया है. बातचीत में वो शख्स राज्य की कांग्रेस सरकार के खिलाफ अपने ‘गुस्से को प्रकट’ कर रहा था.

वीडियो के साथ पोस्ट के कैप्शन में रेवती ने लिखा, “यह मेरी टीम प्लसन्यूजब्रेक का वीडियो है जिसमें एक बूढ़े व्यक्ति की बातचीत है. वे अपनी भाषा में कई मुद्दों पर अपना गुस्सा जाहिर कर रहे हैं. अब! तेलंगाना पुलिस इस वीडियो को शेयर करने वालों पर FIR दर्ज कर रही है. ”

Advertisement

रेवती ने आगे कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर निशाना साधा. लिखा, “राहुल गांधी जी, क्या यही वो लोकतंत्र है जिसकी आप बात करते हैं? क्या ये संवैधानिक तरीका है? कृपया अपनी सरकार को संविधान के अनुच्छेद 19 (अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता) की शिक्षा दीजिए.”

पत्रकार ने आगे सवाल किया कि एक 60-70 साल के बूढ़े आदमी का विचार साझा करना अपराध कैसे है.

Advertisement
सुबह रेवती के घर पहुंची पुलिस

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने कांग्रेस युवा समिति के सदस्य वीएस वामशी किरण की शिकायत के आधार पर रेवती के खिलाफ FIR दर्ज की है. उन्होंने दावा किया था कि वीडियो ‘अपमानजनक’ है और इसका मकसद ‘झूठ’ फैलाना है. FIR के अनुसार, वामशी किरण ने अपनी शिकायत में कहा कि वीडियो को ‘NippoKodi’ नाम के एक्स हैंडल से पोस्ट किया गया था. किरण का दावा है कि वीडियो से ‘सामाजिक सद्भाव के बिगड़ने की आशंका’ है.

South First News के मुताबिक, रेवती ने अपने घर से एक वीडियो बनाकर दावा किया कि पुलिस सुबह-सुबह उनके घर पहुंची थी. उन्होंने तब ही हिरासत में लिए जाने की आशंका जताई थी. रेवती ने आरोप लगाया कि सरकार और सीएम रेड्डी से सवाल करने की वजह से उन्हें निशाना बनाया जा रहा है.

मीडिया रपटों के मुताबिक, पुलिस ने रेवती और उनके पति के मोबाइल फोन और लैपटॉप जब्त कर लिए. पुलिस ने रेवती और संध्या को कथित तौर पर आपत्तिजनक वीडियो प्रोड्यूस करने और सर्कुलेट करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया. वहीं, वीडियो को शेयर करने वाले सोशल मीडिया यूजर की तलाश जारी है. दोनों को दोनों को आईटी एक्ट की धारा 67, 111, 61(2), 353 (2) के तहत गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने गिरफ्तारी के वक्त दो लैपटॉप, दो हॉर्ड डिस्क, माइक्रोफोन, वायरलेस रॉयटर और सात सीपीयू जब्त किए हैं.

यह भी पढ़ें:पुलिस ने इनोवा में पकड़ा 4.5 करोड़ कैश, ड्राइवर हैरान, बोला- 'पता ही नहीं था गाड़ी में इतना पैसा है'

BRS ने राहुल से किया सवाल
तेलंगाना के प्रमुख विपक्षी दल BRS के अध्यक्ष और विधायक केटी रामा राव (KTR) ने पोस्ट कर सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने लिखा,

“मैं वरिष्ठ महिला पत्रकार रेवती की गिरफ्तारी की निंदा करता हूं. उनके घर पर सुबह 5 बजे छापा मारना और उनकी अवैध गिरफ्तारी, राज्य में आपातकाल के स्टाइल में चल रहे शासन का प्रमाण है. युवा पत्रकार तन्वी यादव की गिरफ्तारी भी भयानक है. किसान की पीड़ा बताता वीडियो पोस्ट करने वाले पत्रकारों की गिरफ्तारी दिखाती है कि ये प्रतिबंध नीतियों वाली सरकार है.”

उन्होंने आगे राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए लिखा, “राहुल गांधी जी, क्या यही आपकी 'मोहब्बत की दुकान' है? सुबह-सवेरे दो महिला पत्रकारों की गिरफ्तारी! उनका गुनाह क्या है? जनता के मुद्दों को उठाना और कांग्रेस सरकार की कमियों और भ्रष्टाचार को उजागर करना?"

बता दें, रेवती को BRS की सरकार के दौरान साल 2019 में भी गिरफ्तार किया गया था. तब उनके ऊपर एक लाइव शो में एक दलित के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर मामला दर्ज किया गया था.

वीडियो: फाइनल रिपोर्ट: अजमेर यौन शोषण और ब्लैकमेलिंग कांड का कच्चा चिट्ठा

Advertisement