कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद की नई किताब पर सियासी बवाल जारी है. इस किताब में उन्होंने हिंदुत्व की तुलना आतंकी संगठनों की विचारधारा से की थी. बीजेपी इसे लेकर सलमान खुर्शीद और कांग्रेस पर हमलावर है. उसने कांग्रेस अध्यक्ष से सफाई भी मांगी है. इस बीच कांग्रेस नेता और सांसद राहुल गांधी ने इशारों-इशारों में खुर्शीद का बचाव किया है. वर्धा में कांग्रेस संगठन के एक ट्रेनिंग प्रोग्राम में राहुल गांधी ने पार्टी कार्यकर्ताओं से हिंदुत्व और हिंदू धर्म पर खुलकर बात की.
राहुल ने हिंदुत्व और हिंदू धर्म में अंतर समझाया
राहुल गांधी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के ट्रेनिंग प्रोग्राम को वर्चुअली संबोधित करते हुए उन्हें हिंदू धर्म और हिंदुत्व के बीच का अंतर समझाया. उन्होंने कहा,
"अगर ये दोनों एक जैसे हैं तो हम 'हिंदू धर्म' क्यों बोलते हैं, हिंदुत्व क्यों नहीं बोलते. निश्चित तौर पर ये दोनों अलग-अलग हैं. क्या हिंदू धर्म का मतलब सिख या मुसलमान को पीटना है? क्या हिंदू धर्म अखलाक को मारने के बारे में है? किस किताब में ऐसा लिखा है कि आप एक निर्दोष की हत्या कर दीजिए? मैंने हिंदू, मुस्लिम और सिख धर्मग्रंथ पढ़े हैं, मगर ऐसा कहीं नहीं लिखा देखा. लेकिन हिंदुत्व का मतलब यही सब है."
चीनी कम्युनिस्ट पार्टी का दिया उदाहरण
राहुल गांधी ने हिंदू धर्म और हिंदुत्व के बीच के अंतर को समझाने के लिए चीनी कम्युनिस्ट पार्टी का उदाहरण भी दिया. कहा,
"मैंने कुछ चीनी नेताओं से पूछा था कि आप लोग कहते हो कि आप कम्युनिस्ट हो, फिर आप कहते हैं कि आप कम्युनिस्ट में भी चीनी विशेषताओं वाले हो. तो आप मुझे ये बता दो कि आप कम्युनिस्ट हो या आपके अंदर चीनी विशेषताएं हैं, दोनों तो हो नहीं सकतीं. क्योंकि अगर आप कम्युनिस्ट हो तो आपको कम्युनिस्ट ही कहलाना चाहिए, ये सुनकर वे मुस्कुराने लगे.'
राहुल का आगे कहना था,
'साधारण सा लॉजिक है... अगर आप हिंदू हो तो आपको हिंदुत्व की क्या जरूरत? ये नए नाम की क्या जरूरत आपको?"
बीजेपी-आरएसएस पर निशाना
राहुल गांधी ने विचारधारा को लेकर बीजपी और आरएसएस पर भी निशाना साधा. इंडिया टुडे के मुताबिक राहुल गांधी ने कहा,
"आरएसएस और बीजेपी की घृणित विचारधारा कांग्रेस पार्टी की प्रेम वाली और राष्ट्रवादी विचारधारा पर भारी पड़ गई है... बीजेपी की विचारधारा ने कांग्रेस पार्टी की विचारधारा को ढक लिया है... 2014 से पहले विचारधारा की लड़ाई केंद्रित नहीं थी, लेकिन आज के हिंदुस्तान में विचारधारा की लड़ाई सबसे महत्वपूर्ण हो गई है. हमें जिस गहराई से अपनी विचारधारा को समझना और फैलाना चाहिए, वो हमने छोड़ दिया है. अब समय आ गया है कि जब हमें अपनी विचारधारा को अपने संगठन में गहराई से फैलाना है."
बीजेपी का पलटवार
राहुल गांधी के बयान पर सियासी बवाल होना था सो हो गया है. बीजेपी की तरफ से संबित पात्रा ने राहुल गांधी को घेरा. प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि राहुल गांधी ने हिंदू धर्म पर हमला किया है. हिंदू धर्म पर प्रहार गांधी परिवार का चरित्र है. पात्रा बोले कि राहुल गांधी हिंदू धर्म को छोड़कर अपनी पार्टी में प्यार फैलाने की कोशिश करें.
सलमान खुर्शीद की किताब में है क्या?
सलमान खुर्शीद की जिस किताब पर ये सारा हंगामा बरपा है, उसका नाम है 'सनराइज ओवर अयोध्या' (Sunrise Over Ayodhya). इसमें खुर्शीद ने हिंदुत्व पर निशाना साधा है. लिखा है,
“साधु-संत जिस सनातन धर्म और क्लासिकल हिंदुइज्म को जानते हैं, उसे किनारे करके हिंदुत्व के ऐसे वर्जन को आगे बढ़ाया जा रहा है जो हर पैमाने पर आईएसआईएस और बोको हराम जैसे जिहादी इस्लामी संगठनों के राजनीतिक रूप जैसा है."
10 नवंबर को लॉन्चिंग के बाद से ही इस किताब पर सियासी बवाल मचा हुआ है. न केवल बीजेपी, बल्कि कांग्रेस और महाराष्ट्र में उसके सहयोगी दल शिव सेना के नेताओं ने भी खुर्शीद पर तीखी टिप्पणी की है.