खालिस्तानी आतंकवादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या से जुड़ा एक वीडियो जारी किया गया है. एक न्यूज एजेंसी ने इस वीडियो को जारी किया है. वीडियो में निज्जर की हत्या वाली घटना कैद है. घटनास्थल पर मौजूद गवाहों के बयान भी सामने आए हैं (Hardeep Singh Nijjar Murder Video).
निज्जर की कनाडा में कैसे हुई हत्या? पहली बार सामने आया खालिस्तानी आतंकी के मर्डर का VIDEO
Hardeep Singh Nijjar की हत्या 18 जून को हुई थी. कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने इसके लिए भारत को जिम्मेदार ठहराया था. अब आए वीडियो से क्या-क्या पता लगा?
.webp?width=360)
इंडिया टुडे से जुड़े अरविंद ओझा की रिपोर्ट के मुताबिक वीडियो CBC न्यूज द्वारा जारी किया गया है. CBC न्यूज को ये वीडियो उनके नेटवर्क पर प्रसारित होने वाली डाक्यूमेंट्री सीरीज 'दी फिफ्थ एस्टेट' से लिया गया है. एजेंसी ने बताया कि वीडियो की कई अलग-अलग एजेंसियों द्वारा जांच की जा चुकी है.
Video में क्या है?वीडियो जारी करने वाले ने दावा किया है कि ये ब्रिटिश कोलंबिया के सरे शहर का है. कहा जा रहा है कि इसमें दिख रहे एक पिकअप ट्रक में बैठा शख्स ही हरदीप सिंह निज्जर है. गुरुद्वारे की पार्किंग के एग्जिट पर जब वो अपने पिकअप ट्रक में पहुंचता है. तभी रोड की दूसरी तरफ खड़ी सफेद रंग की सेडान कार उसका रास्ता रोक लेती है. और फिर कार से दो लोग निकलते हैं, और निज्जर पर फायरिंग कर देते हैं. घटना को अंजाम देने के बाद वो एक सिल्वर कलर की टोयोटा कैमरी में बैठ कर फरार हो जाते हैं.
इस दौरान पास के मैदान में फुटबॉल खेल रहे दो शख्स भूपिंदर सिंह सिद्धू और मलकीत सिंह गोलियों की आवाज सुनकर मौके पहुंचते हैं. और भाग रहे आरोपियों को पकड़ने की कोशिश करते हैं. घटना को लेकर भूपिंदर सिंह ने बताया,
'दो लोग भाग रहे थे. हम भी गोलियों की आवाज सुनकर आवाज की तरफ दौड़े. मलकीत भाग रहे शख्स के पीछे दौड़ा और मैं निज्जर की मदद के लिए उसके पास पहुंचा और निज्जर के सीने पर जोर डाला उसे दबाया. और हिला कर देखा कि वो सांस ले रहा है या नहीं. उस वक्त वो होश में नहीं था, ना ही सांस ले रहा था.'
ये भी पढ़ें: हरदीप सिंह 'निज्जर की हत्या में चीन का हाथ' बताने वाली जेनिफर ज़ेंग कौन हैं?
भूपिंदर ने बताया कि मलकीत ने हत्यारों का तब तक पीछा किया जब तक वो गाड़ी में बैठ कर भाग नहीं गए. उन्होंने बताया कि उस वक्त गाड़ी में तीन लोग पहले से मौजूद थे. हालांकि घटना को लेकर रॉयल कैनेडियन माउंट पुलिस ने अभी तक किसी भी संदिग्ध का नाम जारी नहीं किया है. ना ही मामले में अभी तक कोई गिरफ्तारी हुई है.
बता दें कि हरदीप सिंह निज्जर को भारत ने 2020 में आतंकी घोषित किया था और कनाडा में रह रहा था. यहां ब्रिटिश कोलंबिया के सरे शहर में गुरुद्वारा के सामने अज्ञात हमलावरों ने 18 जून को उसकी हत्या कर दी थी. कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने इसके लिए भारत को जिम्मेदार ठहराया था.
वीडियो: कांग्रेस की पहली लिस्ट में 39 नाम, वायनाड से चुनाव लड़ेंगे राहुल गांधी













