The Lallantop

गुरुग्राम: अब बाउंसरों ने तीन भाइयों को पीट दिया, वो गिड़गिड़ाते रहे- 'भाई हम सेना में हैं'

पीड़ितों का कहना है कि पिटाई के दौरान उन्होंने बाउंसरों को अपने आर्मी और एयरफोर्स में होने के बारे में बताया था, लेकिन आरोपियों ने उन्हें फिर भी पीटा.

Advertisement
post-main-image
(बाएं) फ्रिक्शन दी ड्रिंकर पब की तस्वीर. दाईं तस्वीर सांकेतिक है. (साभार- आजतक और एएनआई)

गुरुग्राम के एक और पब (Pub in Gurugram) में मारपीट की घटना हुई है. आजतक की एक रिपोर्ट के मुताबिक गुरुग्राम सेक्टर-29 में बने Friction The Drinker नाम के पब में बाउंसरों ने तीन भाइयों की पिटाई कर दी. पता चला है कि इनमें से दो सेना और वायु सेना के कर्मी हैं. उनका कहना है कि पिटाई के दौरान उन्होंने बाउंसरों को इस बारे में बताया था, लेकिन आरोपियों ने उन्हें फिर भी पीटा.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
Gurugram के Friction The Drinker Pub के Bouncers पर आरोप

आजतक से जुड़े नीरज वशिष्ठ की रिपोर्ट के मुताबिक हरियाणा के रोहतक के रहने वाले तीन भाई सुनील कुमार, खजान सिंह और अनिल कुमार 14 अगस्त की देर रात करीब साढ़े 11 के आसपास फ्रिक्शन दी ड्रिंकर पब में गए थे. सुनील कुमार के मुताबिक थोड़ी देर बाद पब वालों ने म्यूजिक बंद कर दिया. इस पर अनिल कुमार ने बाउंसर से एक गाना बजाने की रिक्वेस्ट कर दी. सुनील का आरोप है कि बाउंसर ने गाना तो नहीं बजवाया, लेकिन अनिल के साथ बहसबाजी करने लगा. इसी दौरान कुछ और बाउंसर वहां आ गए तीनों भाइयों को पब से बाहर ले गए. FIR के मुताबिक बाउंसरों ने पब के बाहर सुनील, अनिल और खजान की बुरी तरह पिटाई की. उन्हें डंडों से पीटा गया. तीनों भाइयों को कई जगहों पर चोटें आई हैं.

घटना के बाद पीड़ितों ने गुरुग्राम के डीएलएफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है. रिपोर्ट के मुताबिक सुनील ने बताया है कि वो सेना की गोरखा रेजिटमेंट में नायक के पद पर हैं. वहीं खजान सिंह वायु सेना में टेक्निकल स्टाफ में रह चुके हैं. पीड़ितों का कहना है कि पिटाई के दौरान उन्होंने बाउंसरों को बताने की कोशिश की थी कि वे आर्मी और एयर फोर्स के लिए काम करते हैं, इसके बावजूद आरोपियों ने उनकी एक नहीं सुनी और उन्हें बेरहमी से पीटते रहे. 

Advertisement

सुनील ने पुलिस को बताया कि उन्हें अगले ही दिन ड्यूटी जॉइन करनी थी. हालांकि इस घटना की वजह से उन्हें गुरुग्राम स्थित मैक्स अस्पताल में भर्ती होना पड़ा. वहां पुलिस ने तीनों भाइयों के बयान दर्ज किए जिसके बाद आईपीसी की धारा 323, 506 और 34 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.

कासा डांज़ा क्लब हिंसा

गुरुग्राम के पब्स क्लब्स में बतौर गार्ड तैनात बाउंसरों पर मारपीट के आरोप पहले भी लगते रहे हैं. हाल ही में यहां के उद्योग विहार इलाके में बने कासा डांज़ा पब के बाउंसरों पर एक लड़की से दुर्व्यवहार करने और उसके दोस्त से मारपीट करने का आरोप लगा था. सोशल मीडिया पर इस पब का वीडियो काफी वायरल हुआ था. इसमें आधा दर्जन बाउंसर पार्टी करने आए कुछ लोगों को पीटते नजर आए थे. आरोप था कि बाउंसरों ने पीड़ितों के साथ एक युवती पर अश्लील कॉमेंट करते हुए उससे दुर्व्यवहार किया था. इस पर लड़की के दोस्त ने विरोध जताया तो बाउंसरों ने उसकी पिटाई कर दी. हालांकि क्लब की तरफ से कहा गया था कि पहले लड़की के दोस्त ने दुर्व्यवहार किया था, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच बवाल हुआ.

ये भी पढ़ें- क्लब में पार्टी में गई लड़की पर बाउंसरों ने कमेंट किया, दोस्तों ने रोका तो इतना पीटा कि खून आ गया!

Advertisement

वहीं ताजा मामले में फ्रिक्शन दी ड्रिंकर क्लब की ओर से कोई अभी तक सफाई नहीं आई है.

वीडियोः गुरुग्राम में विकलांग लड़की के ट्वीट पर रेस्त्रां के फाउंडर पार्टनर ने क्या कहा

Advertisement