गुजरात के एक इलाके में पानी की समस्या हुई. पहले बदबूदार पानी आया. बाद में पानी की सप्लाई ही बंद हो गई. लेकिन, इसका कारण पानी या बिजली की दिक्कत नहीं थी. पानी की पाइपलाइन में एक शव के टुकड़े फंसे थे. इसी कारण इलाके में पानी नहीं आ रहा था.
गुजरात के पाटन में एक हत्या हुई, पूरा इलाका पानी के लिए तरस गया
शहर में हफ्ते भर से गंदा-बदबूदार पानी आ रहा था. पाइपलाइन की खुदाई हुई तो वीभत्स सच्चाई सामने आई.


आजतक से जुड़े विपिन प्रजापति की रिपोर्ट के मुताबिक मामला पाटन ज़िले के सिद्धपुर का है. यहां 11 मई से गंदा-बदबूदार पानी आ रहा था. 15 मई से पानी ही आना बंद हो गया. लोगों ने इसकी शिकायत सिद्धपुर नगर पालिका कार्यालय में की. और तब नगर पालिका के कर्मचारियों ने इलाके की पाइप लाइन की खुदाई की. और पाइप को काटा. सब सन्न रह गए, जब उसमें से एक अज्ञात शव का धड़ मिला. नगर पालिका के कर्मचारियों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी. मामले में जिला SP विशाखा डबराल ने आजतक से बातचीत में बताया,
‘4-5 दिन से लोगों को यहां बदबूदार पानी की शिकायत थी. बाद में नगरपालिका के लोग आए. उन्होंने पानी का ब्लॉकेज चेक किया तो पाइप लाइन से एक बॉडी पार्ट मिला. धड़ तक का. बॉडी पार्ट को पोस्ट-मॉर्टम के लिए भेजा गया है. बाद में बॉडी पार्ट को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया क्योंकि शव की पहचान करने में दिक्कत हो रही थी. अभी हमें लग रहा है कि बॉडी पार्ट किसी व्यक्ति का है लेकिन बाकी की जानकारी फॉरेंसिक रिपोर्ट आने पर ही मिलेगी.’
उन्होंने बताया कि फिलहाल SHO की टीम इस मामले की जांच कर रही है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक दूसरे दिन, दूसरे इलाके में शव का पैर वाला हिस्सा भी मिला. बताया जा रहा है कि शहर मे 7 दिन पहले एक लड़की के गुम होने का मामला भी पुलिस मे दर्ज हुआ था. फिलहाल इस मामले में अधिक जानकारी का अभाव है. जैसे ही कोई अपडेट आएगा, उसे इस स्टोरी में जोड़ दिया जाएगा.
वीडियो: गुजरात में मोदी के गांव से आईं इन औरतों का हाल जानिए


















