गाजा में 8 मार्च को मानवीय सहायता पहुंचाने के दौरान एक बड़ा पैराशूट हादसा हुआ है. हादमें में पांच लोगों की मौत हो गई है. गाजा मिनिस्ट्री ऑफ हेल्थ जिसे अभी हमास चला रहा है, उनके अधिकारियों और एक प्रत्यक्षदर्शी ने कहा है कि एक पैराशूट ठीक से लैंड नहीं हो सका. और उसमें से सहायता का पार्सल कुछ लोगों पर गिर गया. हादसे में मारे गए पांच लोगों में दो लड़के थे. साथ ही इस हादसे 11 लोग घायल हो गए.
गाजा में भूख से बेहाल थे लोग, खाने का ही पैकेट आसमान से गिरा, 5 की मौत
Gaza में पैराशूट हादसे में मारे गए 5 लोगों में 2 लड़के थे. इस हादसे में 11 लोग घायल भी हो गए. कैसे हुआ इतना बड़ा हादसा? कौन दोषी?

CBS न्यूज़ की रिपोर्ट के मुताबिक़ सभी मृतक और घायल उत्तरी गाजा में अल-शती शरणार्थी शिविर (Al-Shati refugee camp ) में थे. गाजा में भुखमरी और अकाल को देखते हुए अमेरिका, जॉर्डन, मिस्र, फ्रांस, नीदरलैंड और बेल्जियम एयरड्रॉप के ज़रिए सहायता भेज रहे हैं. यूनाइटेड नेशन का कहना है कि गाजा की 23 लाख आबादी का एक चौथाई हिस्सा अकाल की कगार पर है और बच्चे भूख से मर रहे हैं.
एक अमेरिकी रक्षा अधिकारी ने CBS न्यूज़ को बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि ज़मीन पर हुई मौतों के लिए अमेरिकी एयरड्रॉप जिम्मेदार नहीं है, लेकिन कहा कि आगे की जांच की जाएगी.
यूएस सेंट्रल कमांड ने शुक्रवार शाम सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि मौतें अमेरिकी एयरड्रॉप के कारण नहीं हुईं. आगे कहा,
“हमें मानवीय सहायता में एयरड्रॉप के कारण हुई मौतों के बारे में जानकारी है. हम मारे गए लोगों और उनके परिवार के लिए संवेदना रखते हैं. लेकिन अमेरिकी एयरड्रॉप उनकी मौत का कारण नहीं है.”
वहीं जॉर्डन ने भी सफ़ाई देते हुए कहा है कि पैराशूट उनका नहीं था.
ये भी पढ़ें: 'गाजा में राहत सामग्री के लिए खड़े लोगों पर इजरायल ने बरसाईं गोलियां', 112 की मौत
इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया था. इसमें दिखता है कि सहायता के लिए पैराशूट में कई पार्सल भेजे गए थे. पार्सल आसमान से नीचे गिरता हुआ दिखाई देता है. वो पहले पैराशूट में उलझता है और बाद में गिरने लगता है. और बाकि के पार्सल की स्पीड से ज़्यादा तेज़ी से नीचे गिर जाता है.
BBC की रिपोर्ट के मुताबिक़ 8 मार्च को यूरोपीय संघ, ब्रिटेन, अमेरिका और अन्य देशों ने कहा है कि गाजा की सहायता करने के लिए समुद्री मार्ग खोलने की योजना बनाई जा रही है. इसे एक हफ़्ते में शुरू किया जा सकता है. अमेरिका ने कहा है कि गाजा मे सीधे सहायता भिजवाने के लिए एक बंदरगाह बनाना पड़ेगा. और इसे बनाने में कई हफ़्ते लग सकते हैं.
रिपोर्ट के मुताबिक़ 7 अक्टूबर, 2023 को इजरायल पर हमास के हमलों के बाद इजरायली सेना ने गाजा में हवाई और जमीनी कैंपेन चलाया. फिलिस्तीन हेल्थ मिनिस्ट्री का कहना है कि इजरायल के हमले में अब तक गाजा में 30,800 से अधिक लोग मारे गए हैं.
वीडियो: दुनियादारी: इजरायल-गाजा के युद्ध के बीच सूडान मिट जाएगा?









