The Lallantop

गौतम गंभीर को जान से मारने की धमकी देने वाले का नाम सामने आया

दिल्ली पुलिस ने मामले में किए अहम खुलासे.

Advertisement
post-main-image
गौतम गंभीर को मिले धमकी भरे ईमेल का पाकिस्तान कनेक्शन. तस्वीर- आजतक
पूर्व क्रिकेटर और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सांसद गौतम गंभीर को जान से मारने की धमकी देने वाले की पहचान कर ली गई है. इंडिया टुडे/आजतक से जुड़े हिमांशु मिश्रा की रिपोर्ट के मुताबिक दिल्ली पुलिस ने इस शख्स का नाम शाहिद हमीद बताया है. उसी के नाम के अकाउंट से गौतम गंभीर को धमकी भरा मेल किया गया था. आरोपी की पहचान के बाद पुलिस आगे की जांच में जुट गई है. इससे पहले आई मीडिया रिपोर्टों में बताया गया था कि गौतम गंभीर को मेल के जरिये जान से मारने की धमकी दी गई है. एक नहीं, बल्कि दो बार. आजतक को मिली जानकारी के मुताबिक ये दोनों ईमेल ISIS Kashmir नाम के संगठन द्वारा भेजे गए थे. मेल में गंभीर के घर के बाहर का वीडियो भी अटैच था. ऐसे में पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया. मेल को लेकर गौतम गंभीर ने दिल्ली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी. इसके बाद पुलिस हरकत में आई और गूगल से संपर्क कर ईमेल की डिटेल्स मंगवाईं. इसके साथ ही पुलिस ने कई अहम खुलासे किए हैं. रिपोर्ट के मुताबिक दिल्ली पुलिस ने ईमेल भेजने वाले की IP ट्रेस कर ली. पुलिस का कहना है कि ये मेल पाकिस्तान से भेजे गए थे.

'कल तुम्हें मारना चाहते थे, लेकिन बच गए'

BJP सांसद गौतम गंभीर को पहला ईमेल मंगलवार की रात को मिला. इसके तुरंत बाद ही गंभीर ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवा दी थी. ऐक्शन लेते हुए पुलिस ने गंभीर के घर के बाहर कड़ी सुरक्षा लगा दी. अगले दिन यानी बुधवार को एक और ईमेल आया. इसमें लिखा था,
'कल तुम्हें मारना चाहते थे, लेकिन बच गए, कश्मीर से दूर रहो.'
आजतक से जुड़े अरविंद ओझा के मुताबिक इसी मेल के साथ एक वीडियो भी अटैच किया गया था जिसमें गंभीर के करोल बाग स्थित घर के बाहर के हिस्सों को दिखाया गया था.

पाकिस्तान के खिलाफ़ आक्रामक रहे हैं गंभीर!

BJP के सांसद के तौर पर गौतम गंभीर राष्ट्रवादी मुद्दों पर खुलकर बोलते रहे हैं. भारत के खिलाफ बोलने वालों को वो ट्विटर पर करारा जवाब देते हैं. हाल ही में गंभीर ने नवजोत सिंह सिद्धू पर बिना नाम लिए हमला बोला था. पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष सिद्धू ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान को अपना बड़ा भाई बताया था. इसके जवाब में गंभीर ने लिखा,
"अपने बेटे या बेटी को बॉर्डर पर लड़ने के लिए भेजें उसके बाद किसी दुश्मन देश के मुखिया को अपना बड़ा भाई बताएं."
कश्मीर को लेकर गंभीर और पाकिस्तानी क्रिकेटर शाहिद अफरीदी के बीच मई 2020 में तीखी बहस भी देखने को मिली थी. अफरीदी ने ट्विटर पर लिखा था कि मोदी सरकार कश्मीर में लोगों पर ज़ुल्म कर रही है. इसके जवाब में गंभीर ने लिखा था,
"शाहिद अफरीदी कहते हैं कि पाकिस्तान की 7 लाख फौज के पीछे 20 करोड़ लोग खड़े हैं, फिर भी 70 साल से कश्मीर के लिए भीख मांग रहे हैं. अफरीदी, इमरान खान और बाजवा जैसे जोकर पाकिस्तान के लोगों को मूर्ख बनाने के लिए भारत और पीएम मोदी के खिलाफ जहर उगल सकते हैं, लेकिन कश्मीर नहीं मिलेगा. आपको बांग्लादेश याद है?"
बहरहाल, दिल्ली पुलिस को पता चला है कि धमकी भरे मेल में गौतम गंभीर के घर के बाहर का जो वीडियो भेजा गया, उसे उनकी कोठी के सामने बने पार्क से बनाया गया था. मामले से जुड़ी नई अपडेट्स आगे भी आपको बताते रहेंगे.

Advertisement
Advertisement