The Lallantop

मैहर से लापता हुई लड़की से एमपी-यूपी में '6 बार गैंगरेप', गिरफ्तार आरोपियों के नाम पता चले

22 सितंबर को युवती अर्धनग्न और बदहवास हालत में मिली. मेडिकल जांच में गैंगरेप की पुष्टि हुई है. घटना के बाद पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

Advertisement
post-main-image
घटना के बाद पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. (फ़ोटो/आजतक)

मध्यप्रदेश के मैहर जिले में कथित तौर पर एक ढाबे में युवती से गैंगरेप का मामला सामने आया है. आरोप है कि युवती को बंधक बनाकर उसका गैंगरेप किया गया. घटना बीती 22 सितंबर की है जिसकी जानकारी अब सामने आई है. युवती अर्धनग्न और बदहवास हालत में मिली थी. मेडिकल जांच में गैंगरेप की पुष्टि हुई है. घटना के बाद पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है.  

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

आजतक से जुड़े वेंकटेश द्विवेदी की रिपोर्ट के मुताबिक पीड़िता सिविल लाइन थाना क्षेत्र की रहने वाली है. वह 21 सितंबर को मध्यप्रदेश के सतना से लापता हुई थी. 22 सितंबर की दोपहर पीड़िता कुसेड़ी स्थित उन्नयन केंद्र के एक कार्यक्रम में पहुंची. वहां लोगों ने उसकी हालत देखकर पूछा कि उसके साथ क्या हुआ है. पीड़िता ने आपबीती सुनाई. बताया कि वह 21 सितंबर को प्रदर्शनी देखने के लिए घर से निकली थी. वहां से उसे किडनैप कर यूपी के मानिकपुर ले जाया गया.

पुलिस ने मामले में दिनेश उर्फ गुड्डू, अर्जुन, विक्की और रज्जी नाम के आरोपियों को गिरफ्तार किया है. दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक पीड़िता का आरोप है कि उसका ‘6 बार’ रेप किया गया. एक आरोपी ने मैहर के ढाबे में भी उसका रेप किया. पीड़िता ने बताया कि इसके बाद आरोपी उसे किसी ट्रक वाले को सौंपने की बात करने लगे. ये बात सुनकर वह टॉयलेट के बहाने बाउंड्री वॉल कूद कर भाग निकली.

Advertisement

यह भी पढ़ें: बदलापुर रेप कांड: पुलिस फायरिंग में घायल हुए आरोपी अक्षय शिंदे की मौत

सिविल लाइन पुलिस के मुताबिक पीड़िता के परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट 22 सितंबर को दर्ज करवाई थी. उन्होंने बताया कि पीड़िता का उनके पास किसी अलग नंबर से फोन आया था. उसने बताया था कि वो किसी बस स्टैंड के पास है. लेकिन वो उसके बाद घर नहीं आई. मैहर पुलिस ने बताया कि लड़की रात भर ढाबे में बंधक नहीं रही थी. उसके साथ ढाबे में आरोपी गुड्डा गुप्ता ने रेप किया था. बाद में उसे यूपी के मानिकपुर में उसके साथ गैंगरेप हुआ.

पुलिस ने बताया कि शुरुआती तफ्तीश और मेडिकल जांच में गैंगरेप की पुष्टि हुई है. पुलिस ने 12 घंटों में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. उसने कहा है कि सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है. इस मामले में और आरोपी भी शामिल हो सकते हैं. उनकी तलाश जारी है. 

Advertisement

वीडियो: महू गैंगरेप और लूट के आरोपी पकड़े गए, कांग्रेस का दावा- आरोपियों का BJP से कनेक्शन

Advertisement