उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिसंबर 2025 में कहा था कि अगर वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेसिव रिवीजन (SIR) में कार्यकर्ताओं ने बूथ स्तर पर मेहनत नहीं की तो नुकसान BJP का होगा. अब UP में SIR के बाद योगी आदित्यनाथ की ये आशंका सही साबित होती दिख रही है. यूपी SIR में सपा या विपक्ष के स्ट्रॉन्गहोल्ड (गढ़) वाले इलाकों में कम नाम कटे हैं, जबकि भाजपा के जो गढ़ हैं, उन इलाकों में ज़्यादा नाम कट गए. जैसे लखनऊ, गाज़ियाबाद, प्रयागराज और कानपुर में 18 से 23 पसेंट तक वोट कटे हैं. वहीं बिजनौर, मुरादाबाद और सहारनपुर जैसे ज़िलों में कटे 10 से 12 परसेंट वोट.
SIR में सपा से ज्यादा बीजेपी के गढ़ में वोट कटे, क्या योगी की आशंका सच होने वाली है?
सपा ने 2022 विधानसभा चुनाव में 102 सीटें जीती थीं. इन सीटों पर 26 हज़ार से लेकर एक लाख 7 हज़ार तक वोट कटे हैं. भाजपा ने 2022 में 257 सीटें जीती थीं. इन सीटों पर 26 हज़ार से लेकर 3 लाख 16 हज़ार तक वोट कटे हैं. भाजपा की शहरी सीटों पर औसतन 18.11% वोट कटे हैं. सपा की जीती हुई शहरी सीटों पर औसतन 16.36% वोट कटे हैं.


टीजर दे दिया, अब तसल्ली से बताते हैं.
उत्तर प्रदेश SIR में करीब 2 करोड 4 लाख लोगों के नाम कटे. इसे परसेंटेज के हिसाब से देखें तो देश में गुजरात के बाद यूपी दूसरे नंबर पर सबसे ज़्यादा नाम कटने वाला राज्य बन गया है. यूपी में कुल 13.24% वोटर अब कम हो गए हैं. गुजरात में सबसे ज्यादा 13.40% वोट SIR के बाद कटे थे. सपा ने 2022 विधानसभा चुनाव में 102 सीटें जीती थीं. इन सीटों पर 26 हज़ार से लेकर एक लाख 7 हज़ार तक वोट कटे हैं. भाजपा ने 2022 में 257 सीटें जीती थीं.
इन सीटों पर 26 हज़ार से लेकर 3 लाख 16 हज़ार तक वोट कटे हैं. भाजपा की शहरी सीटों पर औसतन 18.11% वोट कटे हैं. सपा की जीती हुई शहरी सीटों पर औसतन 16.36% वोट कटे हैं. हालांकि ग्रामीण सीटों पर दोनों पार्टियों के बीच वोट कटने का अंतर क़रीब एक परसेंट ही है. अब कुछ स्पेसिफिक और हाई प्रोफाइल लोकसभा सीटों का उदाहरण देकर समझाते हैं. लोकसभा सीट इसलिए कि इससे समझने में आसानी होगी. जाहिर है एक लोकसभा सीट में एकाधिक विधानसभा सीट्स होंगी.
लखनऊ से सांसद हैं राजनाथ सिंह. यहां 28.73% वोट कटे. वाराणसी लोकसभा सीट से सांसद हैं नरेंद्र मोदी. यहां 15.63% वोट कटे. गोरखपुर की बांसगांव लोकसभा सीट. यहां से सांसद हैं कमलेश पासवान. यहां 12.32% वोट कटे. महाराजगंज लोकसभा से सांसद हैं यूपी बीजेपी प्रमुख पंकज चौधरी. यहां वोट कटे 10.04 प्रतिशत. रवि किशन वाले गोरखपुर में 9.71% वोट कटे.
अब सपा की सीटों पर बात करते हैं.
बदायूं लोकसभा से आदित्य यादव सांसद हैं. यहां 16.65% वोट कटे. अखिलेश यादव के कन्नौज में 14.47% वोट कटे. मैनपुरी से डिंपल यादव सांसद हैं. यहां 10.6% वोट कटे. धर्मेंद्र यादव के आज़मगढ़ में 9.9% वोट कटे. फिरोज़ाबाद के सांसद हैं अक्षय यादव. यहां 8.6% वोट कटे.
कांग्रेस की जीती हुई लोकसभा सीटों के बारे में भी बता देते हैं.
अमेठी में 12.97% नाम कटे. राहुल गांधी की रायबरेली में 11.24% नाम कटे.
अंतर आप देख सकते हैं. ख़ासकर बीजेपी और सपा की जीती हुई सीटों पर जितने नाम कटे हैं, उसमें अंतर बड़ा है. जैसे- अमरोहा से सपा जीती थी. यहां सबसे कम 26 हज़ार 233 वोट कटे. साहिबाबाद से भाजपा जीती थी. यहां सबसे ज़्यादा 3 लाख 16 हज़ार 484 वोट कटे. ऐसा है यूपी एसआईआर का मोटा-मोटा गुणा-गणित.
वीडियो: दिल्ली के नए उपराज्यपाल को ट्रंप ने दी बधाई, जानिए क्यों?




















