The Lallantop

गैस सिलिंडर की डिलीवरी से लेकर बैंक के नियम तक, 1 नवंबर से क्या-क्या बदला?

SBI में अब किस काम के लिए लाइन नहीं लगानी पड़ेगी?

Advertisement
post-main-image
1 नवंबर से वॉट्सऐप और गैस डिलीवरी के नियम भी बदल गए हैं.
कहते हैं परिवर्तन ही प्रकृति का नियम है. आज 1 नवंबर है. और आज से आपकी रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े कुछ नियम बदल गए हैं. इनमें कुछ बदलाव आपका काम आसान करेंगे, तो कुछ आपकी जेब में सेंध लगाएंगे. आज से आप अपने फोन पर वॉट्सएप चला पाएंगे या नहीं? आपका बैंक आपके ही पैसे जमा कराने पर आपसे कितना चार्ज लेने वाला है? और जिस ट्रेन से आपने रिजर्वेशन कराया है, कहीं उसका टाइम तो नहीं बदल गया? इत्मिनान रखिए. सब बताएंगे. बैंक ऑफ बड़ौदा में अब महंगा होगा सौदा अगर आपका अकाउंट बैंक ऑफ बड़ौदा में है तो ये खबर आपके लिए जरूरी है. 1 नवंबर से बैंक ऑफ बड़ौदा के ग्राहक अगर महीने में तीन बार तक ही अपने खाते में पैसे जमा करते हैं तो कोई बात नहीं. लेकिन तीन बार के बाद जितनी बार भी आप अपने खाते में पैसे जमा करने जाएंगे, आपको 40 रुपये का अतिरिक्त भुगतान करना होगा. जी हां, आज से बैंक ऑफ बड़ौदा ने एक नियम लागू कर दिया है. इतना ही नहीं, अगर निर्धारित लिमिट से ज्यादा बार आपने बैंक ऑफ बड़ौदा के खाते से पैसे निकाले तो आपको हर बार 100 रु. एक्स्ट्रा चार्ज देना होगा. इसके अलावा इस बैंक के ग्राहक अगर लोन ले रहे हैं तो उन्हें 150 रु. सर्विस फीस भी देनी होगी. SBI में लाइन नहीं लगानी पड़ेगी अगर आपने किसी सरकारी विभाग में अपनी सेवाएं दी है और आपका पेंशन खाता SBI में है तो आपके लिए अच्छी खबर है. आप जीवित हैं, इसका प्रमाण पत्र देने के लिए अब आपको बैंक में लाइन नहीं लगानी पड़ेगी. आप घर बैठे अपना जीवन प्रमाण पत्र दे सकते हैं. SBI ने 'वीडियो लाइफ सर्टिफिकेट' सेवा शुरु की है. इसमें वीडियो कॉल के जरिए आप बैंक को ये बता सकते हैं कि आप जीवित हैं और पेंशन के हकदार भी. कितने बढ़े LPG के दाम? अटकलें थीं कि आज भी LPG के दाम बढ़ सकते हैं. लेकिन त्योहार के सीज़न और महंगाई के इस दौर में इस मोर्चे पर राहत की खबर आई. 14.2 किलो के घरेलू LPG सिलेंडर के दाम में फिलहाल कोई बढ़ोत्तरी नहीं की गयी है. लेकिन कमर्शियल सिलेंडर यानी व्यवसाय के लिए इस्तेमाल होने वाले सिलेंडर के दाम 266 रुपये बढ़ गए हैं. दिल्ली में अब 19.2 किलो का कमर्शियल सिलेंडर 2000.50 रुपये में मिलेगा. इसकी कीमत पहले 1734 रुपये थी. इसके साथ ही LPG सिलेंडर से जुड़ा एक और बदलाव हुआ है. सिलेंडर की डिलीवरी के वक्त आपको आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर आया OTP बताना होगा, तभी सिलेंडर मिलेगा. ये OTP जब आप सिलेंडर बुक करेंगे, तब आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर आएगा. आपके फोन पर वॉट्सएप बंद तो नहीं हो गया? डिजिटल दौड़ वाली इस दुनिया में अगर आपका वॉट्सएप बंद हो जाए तो क्या होगा! ऑफिस की इंपॉर्टेंट मीटिंग से लेकर बच्चों की स्कूल बस कहां पहुंची, ये सब आपको उंगलियों पर पता चलता है क्योंकि वॉट्सएप है ना. लेकिन 'फेसबुक' से 'मेटा' हुई मार्क ज़करबर्ग की कंपनी ने वॉट्सएप के लिए नए नियम लागू कर दिए हैं. आज से वॉट्सएप कुछ iPhones और एंड्रॉयड फोन्स पर बंद हो गया है. किन मोबाइल फोन्स पर बंद हुआ? एंड्रॉयड 4.0.3 Ice Cream Sandwich, iOS 9, and KaiOS 2.5.0 ऑपरेटिंग सिस्टम वाले फोन पर अब ये सपोर्ट नहीं करेगा. तो अगर आपका फोन इनमें से किसी भी एंड्रॉयड या iOS पर काम कर रहा है तो आज ही अपना फोन अपडेट कर लें. बदल गई इन ट्रेनों की टाइमिंग त्योहारों का सीज़न है. दीवाली की झालर टंग चुकी है. छठ की भी तैयारियां शुरू हो चुकी हैं. ऐसे में घर तो सब जाना चाहते हैं इसलिए रेलवे ने फेस्टिवल सीज़न में कुछ स्पेशल ट्रेन शुरू की हैं. छठ को ध्यान में रखते हुए नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से बिहार के अलग अलग जिलों के लिए 14 ट्रेनें चलाई जा रही हैं. तो अगर छठ में घर जाने के लिए रिजर्वेशन अब तक नहीं मिला है तो हो सकता है अब समस्या का समाधान हो जाए. इसके अलावा रेलवे ने कुछ ट्रेनों की टाइमिंग में भी बदलाव किया है. सदर्न रेलवे ने ट्वीट करके इस बात की जानकारी दी कि 1 नवंबर से नॉन मॉनसून टाइमटेबल लागू होगा. न्यूज़ 18 की खबर के मुताबिक, वेस्टर्न रेलवे ने भी सोमवार से नॉन मॉनसून टाइमटेबल लागू कर दिया है. यानी अब ट्रेन मॉनसून के पहले जो टाइम टेबल लागू था, उस हिसाब से चलेंगी. तो अगर आपका पहले से रिज़र्वेशन है, एक बार ट्रेन की नई टाइमिंग ज़रूर देख लें.  

Advertisement
Advertisement