The Lallantop

क्या कोहली कमाई के मामले में सलमान खान को पीछे छोड़ने वाले हैं?

फोर्ब्स लिस्ट में विराट कोहली ने सलमान खान को कड़ी टक्कर दी है.

Advertisement
post-main-image
विराट कोहली का बूम है.
सुना है सलमान खान एक फिल्म के लिए मोटी फीस लेते हैं. इतनी मोटी कि बड़े-बड़े स्टार्स भी इतने में चार फिल्में कर लें. ये कीमत 100 करोड़ तक की है. अब तो सलमान खुद के प्रॉडक्शन हाउस से फिल्में बनाने लगे हैं यानी फीस के साथ साथ कमाई का हिस्सा भी मिलता है. बिग बॉस के एक एपिसोड में दिखने के लिए सलमान को 14 करोड़ की फीस मिलती है. अभी फोर्ब्स की ताजा लिस्ट आई है. इसमें 100 भारतीय सेलीब्रिटिज को शामिल किया गया है. सलमान खान कमाई के मामले में सबसे आगे हैं. सलमान ने 1 अक्टूबर 2017 से 30 सितंबर 2018 के बीच 253.25 करोड़ रुपए कमाए हैं. पिछली दफ़ा भी सलमान ही इस लिस्ट में ही सबसे आगे थे. Sallu हैरानी इस बात में नहीं है कि सलमान खान सबसे ज्यादा पैसा कमा रहे हैं. चौंकाना वाली बात ये है कि इस देश में सबसे ज्यादा कमाने वाले सेलीब्रिटी में सलमान के बाद नंबर क्रिकेटर विराट कोहली का है. कोहली सलमान से बेहद नजदीक पहुंच चुके हैं. इसी एक साल में विराट कोहली ने 228.09 करोड़ रुपए कमाए हैं. यानी सलमान से सिर्फ 25 करोड़ रुपए कम. जिस तेजी से विराट कोहली को सक्सेस मिल रही है और क्रिकेट की दुनिया में वो जितनी तेजी से वो पॉपुलर हो रहे हैं, इसमें कोई शक नहीं कि कोहली कमाई के मामले में सलमान खान को भी पीछे छोड़ सकते हैं. 2017 में कोहली ने 100.72 करोड़ रुपए की कमाई की थी जो एक ही साल में दोगुनी से ज्यादा हो गई. टीम इंडिया इन दिनों ऑस्ट्रेलिया में है और उसके बाद वर्ल्ड कप का माहौल बनना शुरू हो जाएगा. ऐसे में कोहली को बंपर सक्सेस के साथ और भी मोटी रकम मिलनी तय है. विराट कोहली की झोली में अभी प्यूमा, हीरो मोटोकॉर्प, कोलगेट, वोलिनी, टिसॉ वॉच, ऑडी इंडिया, मान्यवर, अमेरिकन टूरिस्टर और एमआरएफ जैसे बड़े ब्रैंड्स एंडॉर्समेंट हैं और दिनोंदिन ये बढ़ते भी जा रहे हैं. पिछले साल फोर्ब्स ने ही कोहली को दुनिया में सातवां सबसे मंहगा एथलीट बताया था. कोहली इस मामले में फुटबॉलर लॉयनेल मेसी से भी आगे हैं. इंस्टाग्राम पर ब्रैंड्स से रिलेटेड एक पोस्ट करने के लिए कोहली को 3.2 करोड़ रुपए मिलते हैं. Kohlimage वैसे इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर बॉलीवुड से अक्षय कुमार हैं जिनकी सालाना कमाई 185 करोड़ रुपए आंकी गई है. चौथे नंबर पर दीपिका पादुकोण हैं और वो 2012 से लेकर अभी तक टॉप 5 में आने वाली पहली फीमेल सिलेब्रिटी भी बन गई हैं. दीपिका ने बीते साल में 112.8 करोड़ रुपए कमाए हैं. फिल्म पदमावत और अनेकों ब्रैंड एन्डॉर्समेंट्स के बूते दीपिका की ये कमाई हुई है. 5वें नंबर पर अपने महेंद्र सिंह धोनी हैं. टेस्ट क्रिकेट से रिटायरमेंट ले चुके धोनी को टी20 टीम से भी बाहर हो चुके हैं, मगर अभी भी धोनी का क्रेज कम नहीं हुआ है. आईपीएल और विज्ञापनों से धोनी अभी भी सालाना 101.77 करोड़ कमा रहे हैं. इस फोर्ब्स लिस्ट में इन पांच सिलेब्रिटीज के अलावा अगले पांच नाम आमिर खान, अमिताभ बच्चन, रणवीर सिंह, सचिन तेंडुलकर और अजय देवगन के हैं. थ्री इडियट्स में एक डायलॉग था न- बच्चा काबिल बनो, कामयाबी झक्क मारकर पीछे आएगी. कोहली के मामले में यह एक बार फिर सच साबित हुआ है. उम्मीद है आने वाले वक्त में कोहली का बल्ला और बुलंद आवाज में बोलेगा. पैसा तो फिर आएगा ही.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
Advertisement
Advertisement
इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स
Advertisement